भारत-मलयेशिया की सेनाओं की परिचालन क्षमता हुई मजबूत
भारत और मलयेशिया की सेनाओं के बीच मेघालय के उमरोई में 23 अक्तूबर से जारी संयुक्त गुरिल्ला युद्ध सैन्य अभ्यास 'हरिमाउ शक्ति 2023' रविवार को संपन्न हो गया। अभ्यास को दोनों देशों की सेनाओं की परिचालन क्षमताओं को बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया था। अभ्यास के दौरान दोनों देशों की सेनाओं ने मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस की एक शृंखला को कवर किया गया। इसके तहत सामरिक अभ्यास, ड्रोन, मानव रहित हवाई वाहन और हेलीकॉप्टर जैसी आधुनिक प्रौद्योगिकियों के उपयोग पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस अभ्यास में मलयेशिया की पांचवीं रॉयल बटालियन के सैनिकों और राजपूत रेजिमेंट के भारतीय जवानों ने एक-दूसरे का सहयोग किया।
केरल : भड़काऊ सामग्री फैलाने पर 54 केस दर्ज
कोच्चि में कलामासेरी के पास एक ईसाई प्रार्थना सभा में हुए विस्फोट के बाद सोशल मीडिया से सांप्रदायिक रूप से भड़काऊ सामग्री फैलाने के आरोप में 54 मामले दर्ज किए हैं। केरल पुलिस ने शनिवार को कहा कि सबसे अधिक 26 मामले मलप्पुरम जिले में दर्ज किए गए हैं।
पुलिस ने कई फर्जी प्रोफाइलों की पहचान की है जिनका इस्तेमाल ऐसे पोस्ट साझा करने के लिए किया गया है जो सांप्रदायिक नफरत भड़का सकते हैं। फर्जी प्रोफाइल के आईपी पते की पहचान करने के लिए फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से अनुरोध किया गया है।
मणिपुर के चुराचांदपुर में 3.1 तीव्रता के भूकंप के झटके
मणिपुर के चुराचांदपुर में रविवार शाम 5:42 बजे 3.1 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनएससी) के अनुसार, भूकंप का केंद्र भूमि से 30 किलोमीटर की गहराई में था। इससे पहले दिन में उत्तर प्रदेश के अयोध्या में देर रात एक बजे 3.6 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र अयोध्या से 215 किमी उत्तर में 10 किमी की गहराई पर था।
भारत-बांग्लादेश सीमा पर 10 करोड़ के सोने के साथ तस्कर गिरफ्तार
भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ ने 16.7 किलोग्राम वजन के सोने के साथ तस्कर अजर मंडल को गिरफ्तार किया है। इसकी अनुमानित कीमत 10.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मंडल उत्तर 24 परगना का रहने वाला है। तस्कर सोने को बांग्लादेश से भारत लाने की कोशिश कर रहा था। बीएसएफ के जवानों ने शनिवार दोपहर करीब 11 बजे बाइक सवार की तलाशी ली। उसके कमर में बंधे कपड़े की बेल्ट के अंदर से सोने की 17 ईंटें मिलीं। जवानों ने सोने को जब्त करते हुए बाइकर को गिरफ्तार कर लिया।
बांदीपुर अभयारण्य में शिकारी गिरोह सक्रिय, फायरिंग में एक की मौत
कर्नाटक के बांदीपुर बाघ अभयारण्य में रविवार रात वनकर्मियों व शिकारियों के बीच गोलीबारी में एक शिकारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गिरोह में आठ से 10 लोग थे, जो अंधेरे में भाग गए। अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल से एक बंदूक और हिरण के कटे हुए हिस्से जब्त किए गए हैं। घटना टाइगर रिजर्व के मद्दूर रेंज में हुई।
केरल सरकार के सुप्रीम कोर्ट जाने पर बोले राज्यपाल-भ्रम दूर हो जाएगा
केरल के राज्यपाल और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के बीच टकराव बढ़ गया है। सरकार ने विधानसभा से पारित विधेयकों पर हस्ताक्षर नहीं करने के लिए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इस पर राज्यपाल ने कहा, अगर किसी के मन में भ्रम है और वे सुप्रीम कोर्ट जाते हैं तो इसका स्वागत किया जाना चाहिए, भ्रम दूर हो जाएगा। सरकार नेे पारित 8 विधेयकों पर निष्क्रियता के लिए राज्यपाल के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।
तेलंगाना की मंत्री के सुरक्षा अधिकारी ने की आत्महत्या
तेलंगाना की शिक्षा मंत्री सबिता इंद्रा रेड्डी के एक सुरक्षा अधिकारी ने रविवार को खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सशस्त्र रिजर्व में सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद फजल अली (59) ने जुबली हिल्स पुलिस स्टेशन क्षेत्र की होटल के पास सुबह सात बजे अपनी सर्विस पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। घटनास्थल का दौरा करने वाले पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) डी जोएल डेविस ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के आधार पर यह संदेह है कि वित्तीय समस्याओं के कारण उन्होंने यह कदम उठाया है।
असम : ट्रक और कार की जोरदार भिड़ंत में तीन मरे, चार घायल
असम के उदलगुड़ी जिले में रविवार सुबह एक ट्रक और कार की भिड़त में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, हादसा सैकिया चुबुरी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग 15 पर हुआ, जहां एक कार विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार तिनसुकिया से दिमाकुची की ओर आ रही थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा बलों की वार्ता दिल्ली में आज से
भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा बलों की दिल्ली में सोमवार को तीन दिवसीय वार्ता शुरू होगी। एक अधिकारी ने बताया कि इस दौरान सीमा पार अपराधों पर अंकुश लगाने और खुफिया सूचनाओं को समय पर साझा करने के उपायों पर चर्चा की जाएगी। दोनों देशों के बीच वार्षिक समन्वय वार्ता के सातवें संस्करण का नेतृत्व भारत की सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की महानिदेशक रश्मि शुक्ला और नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के दौरे पर आए महानिरीक्षक राजू आर्यल कर रहे हैं। दिल्ली में छह से आठ नवंबर तक यह बैठक चलेगी।