मुंबई के बांद्रा बैंडस्टैंड इलाके में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के बंगले ‘मन्नत’ के पास स्थित 21 मंजिला आवासीय इमारत की 14वीं मंजिल पर सोमवार शाम आग लग गई। आग पर काबू पाने के दौरान 31 वर्षीय एक दमकलकर्मी की दम घुटने से तबीयत बिगड़ गई। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा कि शाम करीब साढ़े सात बजे जीवेश बिल्डिंग में आग लगी। आग की वर्तमान स्थिति के बारे में पूछे जाने पर, उन्होंने कहा कि रात 10 बजकर 25 मिनट तक आग पर काबू पाने का प्रयास जारी था। आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मी कौशल खजानसिंह राजपूत की दम घुटने से तबीयत बिगड़ गई। बांद्रा स्थित भाभा अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने दमकलकर्मी की दम घुटने से तबीयत बिगड़ने की पुष्टि की है।
दमकल अधिकारी के मुताबिक आग 21 मंजिला इमारत की 14वीं मंजिल पर लगी। इसे 'द्वितीय स्तर' की आग के तौर पर वर्गीकृत किया गया है। अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग को शाम करीब सात बजकर 45 मिनट पर इस बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की आठ गाड़ियां, सात जंबो टैंकर और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और अडाणी पावर के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।