तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देने के साथ ही तंज भी कसा है। मोइत्रा अक्सर केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करती रहती हैं और आज के मौके पर भी ट्वीट कर छींटाकशी में उन्होंने कोई गुरेज नहीं किया।
सांसद मोइत्रा ने शनिवार को ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 72वें जन्मदिन पर बधाई दी। बधाई व शुभकामना संदेश में भी पीएम के प्रति उनका आक्रोश नजर आया। मोइत्रा ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर नामीबिया से भारत लाए गए आठ चीतों का जिक्र करते हुए ताना मारा। सांसद मोइत्रा ने लिखा ‘क्या वे (पीएम मोदी) हमारी तेजी से लुप्त हो रही संवैधानिक सुरक्षा को भी ठीक उसी तरह बचा सकते हैं, जिस तरह वे विलुप्त चीतों के लिए काम कर रहे हैं।‘
बता दें, पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर दक्षिणी अफ्रीकी देश नाबीबिया से आठ चीतों को मध्य प्रदेश के कुनो नेशनल पार्क में लाकर छोड़ा गया है। भारत में चीते 1952 में विलुप्त हो गए थे। 70 साल बाद इन्हें दूसरे देश से लाकर आज पीएम मोदी के हाथों सुरक्षित वन्य क्षेत्र में छोड़ा गया है। उनकी वंशवृद्धि की उम्मीद के साथ देश में फिर चीते आबाद हों, ऐसी कोशिश व कामना की गई है।
महुआ मोइत्रा, राहुल गांधी समेत देश के उन चंद विपक्षी नेताओं में शुमार हैं, जिन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है। राहुल गांधी ने सिर्फ एक लाइन का ट्वीट कर पीएम को शुभकामना दी, वहीं शशि थरूर ने पीएम को बधाई देने के साथ स्वस्थ व दीर्घायु होने की कामना की है। उन्होंने ट्वीट कर उम्मीद जताई , ‘वे हमारे कई साथी नागरिकों के अंधकार को दूर करने और उन्हें प्रगति एवं विकास तथा सामाजिक सद्भाव के पथ पर ले जाने का भी काम कर सकते हैं।‘
कांग्रेस मना रही बेरोजगार दिवस
उधर, कांग्रेस ने ट्वीट कर पीएम को शुभकामनाएं तो दीं, लेकिन बेरोजगारी के मुद्दे पर उनकी आलोचना की। तंज भरे शब्दों में पार्टी ने कहा, ‘देश के युवाओं के लिए आपने बहुत कुछ किया है। यही वजह है कि आज का दिन ‘राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस के तौर पर मनाया जा रहा है। देश का हर बेरोजगार आपका आभारी है।‘