Maharashtra Polls: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले ही महायुति में विवाद जैसी स्थिति बन रही है। आज एनसीपी ने मानखुर्द शिवाजी नगर सीट से नवाब मलिक को अपना उम्मीदवार घोषित किया है, वहीं इसके बाद भाजपा नेता किरीट सोमैया की तरफ से इस सीट से सुरेश कृष्णराव पाटिल को महायुति का आधिकारिक प्रत्याशी बताया है।
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले ही महायुति गठबंधन के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई है, दरअसल एनसीपी (अजित पवार गुट) ने मानखुर्द शिवाजी नगर से नवाब मलिक को अपना उम्मीदवार बनाया है। जबकि यह सीट पहले से ही भाजपा के नेता किरीट सोमैया के पास है और उन्होंने इसी सीट पर शिवसेना के सुरेश कृष्णराव पाटिल को महायुति को 'आधिकारिक' उम्मीदवार बताया है।
विज्ञापन
भाजपा नेता किरीट सोमैया का ट्वीट
बता दें कि आज एनसीपी अजित गुट की तरफ से नवाब मलिक को आधिकारिक उम्मीदवार बनाए जाने के कुछ देर बाद भाजपा नेता किरीट सोमैया ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया और कहा कि मानखुर्द शिवाजी नगर सीट के लिए महायुति के आधिकारिक उम्मीदवार सुरेश कृष्ण पाटिल (बुलेट पाटिल) हैं। किरीट सोमैया ने अपने ट्वीट में आगे लिखा, हम वोट जिहाद, आतंकवाद का समर्थन करने वाले उम्मीदवारों को हराने के लिए लड़ेंगे।
मानखुर्द शिवाजी नगर से आज नवाब मलिक ने भरा पर्चा
इससे पहले नवाब मलिक ने मंगलवार को आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए एनसीपी (अजित पवार) उम्मीदवार के तौर पर मानखुर्द शिवाजी नगर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के बाद नवाब मलिक ने कहा, आज मैंने एनसीपी उम्मीदवार के तौर पर मानखुर्द शिवाजी नगर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया। मैंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर भी पर्चा दाखिल किया था। लेकिन पार्टी ने एबी फॉर्म भेजा और हमने इसे दोपहर 2.55 बजे जमा कर दिया और अब मैं एनसीपी का आधिकारिक उम्मीदवार हूं।
विज्ञापन
अभी सपा के पास है मानखुर्द-शिवाजी नगर सीट
बता दें कि मानखुर्द-शिवाजी नगर विधानसभा सीट पर लड़ाई मुस्लिम वोटों की है क्योंकि यह सीट समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी के पास है। एनसीपी नेता ने उन पर भरोसा जताने के लिए एनसीपी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा, मैं अजित पवार, एनसीपी नेता और राज्यसभा सांसद प्रफुल्ल पटेल और एनसीपी नेता सुनील तटकरे का बहुत आभारी हूं। उन्हें मुझ पर (चुनाव जीतने का) भरोसा है...बड़ी संख्या में मतदाता मेरा समर्थन करेंगे...मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार हम मानखुर्द शिवाजी नगर निर्वाचन क्षेत्र जीतेंगे।
नवाब मलिक की सीट पर बेटी सना मलिक हैं प्रत्याशी
अणुशक्ति नगर से दो बार विधायक रह चुके नवाब मलिक ने इस महीने की शुरुआत में घोषणा की थी कि महायुति सहयोगी भाजपा के दबाव के कारण एनसीपी की तरफ से टिकट न दिए जाने के बाद वह मानखुर्द शिवाजी नगर विधानसभा क्षेत्र से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे। नवाब मलिक की बेटी सना मलिक एनसीपी उम्मीदवार (अजित पवार) के रूप में अणुशक्ति नगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं।