महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने रविवार को पिंपरी-चिंचवाड में होने वाले आगामी नगर निगम चुनावों के लिए अपने चाचा के नेतृत्व वाले राकांपा (शरद पवार) के साथ गठबंधन की घोषणा की। गठबंधन की घोषणा करते हुए उन्होंने इसे पारिवारिक एकता का क्षण बताया। अजित पवार पिंपरी-चिंचवाड में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।
कार्यकर्ताओं से विवादित टिप्पणी से बचने का आग्रह किया
अजित पवार ने कहा, पिंपरी-चिंचवाड नगर निगम चुनावों के लिए उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देते समय, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और शरद पवार गुट ने एक साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया। इसी वजह से परिवार एक बार फिर एकजुट होगा। उन्होंने आगे कहा, दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे पर चर्चा हो चुकी है और इसकी घोषणा बाद में की जाएगी। हम सब किसान हैं और कई बार महाराष्ट्र के विकास के हित में कुछ फैसले लेने पड़ते हैं। मैंने यहां के नेताओं से सीट बंटवारे पर चर्चा की है, और इसकी घोषणा भी जल्द ही की जाएगी।
हालांकि अजित पवार के इस फैसले को राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा-शिवसेना-राकांपा महायुति में बिखराव की तरह देखा जा रहा है। एनसीपी (शरद पवार) के प्रवक्ता अंकुश काकडे ने इस बारे में कहा, राकांपा (अजित पवार) की विचारधारा हमारे जैसी ही है। इसलिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार) ने पुणे नगर निगम चुनाव भी एक साथ लड़ने का फैसला किया है। हम कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) से बात करेंगे और चारों पार्टियां सीट बंटवारे के फार्मूले पर चर्चा करने के लिए एक साथ बैठेंगी। अगर अजित पवार ने स्थानीय निगम चुनावों में कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) से हाथ मिलाया तो उनका राज्य की सत्ता में बने रहना मुश्किल हो सकता है।
इस बीच पुणे नगर निगम चुनावों के लिए दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है। इससे पहले दिन में, पवार परिवार बारामती में था, जहां उद्योगपति गौतम अदाणी ने शरदचंद्र पवार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उद्घाटन किया। पिंपरी-चिंचवड़ और पुणे नगर निकायों सहित महाराष्ट्र भर के 29 नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी को होंगे, और वोटों की गिनती अगले दिन होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर है।
एनसीपी ने जारी की 37 उम्मीदवारों की पहली सूची, देखें किसे-कहां से मिला टिकट
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने रविवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के 15 जनवरी को होने वाले चुनावों के लिए 37 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें 227 वार्ड हैं। पार्टी विधायक सना मलिक ने पत्रकारों को बताया कि दूसरी लिस्ट जल्द ही आने की उम्मीद है।
बता दें कि एनसीपी भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद मुंबई नगर निगम का चुनाव अकेले लड़ रही है। इससे पहले भाजपा नेता अमित साटम ने एनसीपी के साथ किसी भी तरह के गठबंधन से इनकार करते हुए कहा था कि नवाब मलिक बीएमसी चुनावों के लिए पार्टी के प्रभारी हैं। मलिक पर मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने और दाऊद इब्राहिम के सहयोगियों से संबंध रखने का आरोप है।
माना जा रहा है कि कांग्रेस भी जल्द अपने उम्मीदवारों का एलान कर सकती है। उनकी स्क्रीनिंग कमेटी ने उम्मीदवारों की लिस्ट को मंजूरी देने के लिए रविवार को बैठक की। हालांकि कांग्रेस ने पहले अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया था, लेकिन अब पार्टी ने वंचित बहुजन अघाड़ी के साथ गठबंधन कर लिया है। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस 150 से ज़्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि कुछ सीटें राष्ट्रीय समाज पक्ष और आरपीआई (गवई) को आवंटित की जाएंगी। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने अब तक बीएमसी चुनावों के 51 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।