महाराष्ट्र में अब भाजपा के एक नेता ने अपनी ही पार्टी की उम्मीदवार के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। दरअसल पूर्व भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी ने बोरीवली सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल करने की घोषणा की है।
भाजपा के पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने बोरीवली सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल करने की घोषणा की है। जबकि भाजपा ने बोरीवली विधानसभा सीट से संजय उपाध्याय को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं अपनी उम्मीदवारी पर गोपाल शेट्टी ने कहा, यह मेरे टिकट न मिलने की बात नहीं है। मैंने टिकट नहीं मांगा था। लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं ने मेरा नाम सुझाया। उन्होंने आगे कहा कि बोरीवली के स्थानीय कार्यकर्ताओं में से किसी एक को टिकट मिलना चाहिए।
विज्ञापन
मैं पार्टी का एक वफादार कार्यकर्ता रहा हूं- गोपाल शेट्टी
मुंबई उत्तर क्षेत्र के दिग्गज गोपाल शेट्टी ने कहा, मैं लंबे समय से पार्टी का एक वफादार कार्यकर्ता रहा हूं, आज मैं चार बीजेपी उम्मीदवारों को नामांकन पत्र दाखिल करने में मदद करने गया था।हालांकि, जब सूची घोषित की गई, तो मुझे यह देखकर निराशा हुई कि मुझे मैदान में नहीं उतारा गया। उन्होंने कहा, मेरे समर्थक 35 साल से मेरे साथ खड़े हैं। उन्होंने मुझसे कहा कि मैं उनकी बात सुनूं (और चुनाव लड़ूं)।
दो बार विधायक और दो बार सांसद रहे
बता दें कि गोपाल शेट्टी 2004 - 2014 तक महाराष्ट्र विधान सभा के सदस्य भी रहे थे। फिर मई 2014 में 16वीं और मई 2019 में 17वीं लोक सभा के लिए मुंबई उत्तर लोकसभा सीट से निर्वाचित हुए थे। इस दौरान वे कई स्थायी समिति के सदस्य भी बने थे। 2014 और 2019 में चार लाख से ज्यादा के अंतर से मुंबई उत्तर लोकसभा सीट जीतने वाले गोपाल शेट्टी को 2024 के आम चुनावों में टिकट नहीं दिया गया था।
विज्ञापन
भाजपा ने अब तक राज्य में उतारे 146 प्रत्याशी
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अब तक कुल 146 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया गया है। भाजपा की तरफ से आज ही 25 और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई हैं। जबकि इससे पहले भाजपा ने अपनी पहली सूची में 99 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे। इसके बाद पार्टी ने दूसरी सूची में 22 उम्मीदवारों नामों का एलान किया था।
महाराष्ट्र में 20 नवंबर को एक चरण में चुनाव
महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 20 नवंबर को एक ही चरण में होंगे, जबकि विधानसभा चुनाव के मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी। सीएम एकनाथ शिंदे गुट वाली शिवसेना, भाजपा और अजीत पवार की एनसीपी से मिलकर बनी महायुति और शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (एसपी) और कांग्रेस की विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के बीच में मुख्य लड़ाई है।