तमिलनाडु के विल्लुपुरम जिले के विक्रवंडी वी सलाई गांव में हुए मशहूर अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) के पहले सम्मेलन में आ रहे छह समर्थकों की अलग-अलग हादसों में मौत हो गई। इसे लेकर पार्टी प्रमुख और अभिनेता दलपति विजय ने शोक व्यक्त किया।
दलपति विजय ने एक्स पर लिखा कि हमारे पहले राज्य सम्मेलन में भाग लेने के लिए आते समय तमिलनाडु क्लब के सदस्यों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। इसमें त्रिची दक्षिण जिला युवा नेता वकील गिल्ली वीएल श्रीनिवासन, त्रिची दक्षिण जिला के उपाध्यक्ष जेके विजयकलाई, क्लब साथी बारीमुना चेन्नई के वसंत कुमार, बारीमुना चेन्नई के रियास, उदय कुमार और चार्ल्स बिना चिकित्सा उपचार के मर गए।
विजय ने लिखा कि वे आज हमारे साथ नहीं हैं। इस स्थिति से बाहर न निकल पाने की पीड़ा मन को हो रही है जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती। उनके द्वारा क्लब के लिए किया गया कार्य इतिहास में सदैव अंकित रहेगा। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। मैं परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूं कि क्लब के जो सदस्य सड़क दुर्घटना में घायल हो गए हैं और अस्पताल में इलाज करा रहे हैं, वे शीघ्र स्वस्थ होकर घर लौटें।
तमिलनाडु सरकार पर साधा था निशाना
मशहूर अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) का पहला सम्मेलन रविवार को तमिलनाडु के विल्लुपुरम जिले के विक्रवंडी वी सलाई गांव में हुआ था। इसमें पार्टी के प्रमुख और अभिनेता दलपति विजय ने राजनीतिक क्षेत्र में कदम रखने को लेकर अपने विचार साझा किए थे। इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु सरकार पर भी निशाना साधा था। दलपति विजय ने कहा था कि राजनीति कोई सिने क्षेत्र नहीं बल्कि एक युद्धक्षेत्र है। अगर हम गंभीरता और थोड़ी हंसी के साथ इसे हाथ में लेने का फैसला करते हैं तो ही हम इस क्षेत्र में टिके रह सकते हैं और विरोधियों से निपट सकते हैं। हमें मैदान पर सावधान रहना होगा।
संबंधित वीडियो