महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को एनसीपी प्रमुख शरद पवार के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि एनसीपी प्रमुख को भ्रम हो गया है। जब विपक्षी दल सत्ता में थे तब उम्मीदवारों की मदद के लिए पुलिस वाहन का प्रयोग करते थे।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-एसपी के अध्यक्ष शरद पवार ने आरोप लगाया था कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सत्ता पक्ष दलों के उम्मीदवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए पुलिस वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा था कि वह इस मुद्दे पर खुलकर बोलना चाहते हैं, लेकिन वे इससे बच रहे हैं। वह इसलिए खुलकर नहीं बोल रहे हैं, क्योंकि ऐसा करना से उन अधिकारियों को ठेस पहुंचेगी जिन्होंने यह जानकारी साझा की।
इसे लेकर पुणे में डिप्टी सीएम फडणवीस ने कहा कि एनसीपी प्रमुख को भ्रम हो रहा है, क्योंकि ऐसी चीजें तब होती थीं जब विपक्षी दल सत्ता में थे। उन्होंने कहा कि दौंड और पुरंदर सीटों पर एनसीपी के बागी उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी वापस ले लेंगे। उन्होंने वरिष्ठ नेता गोपाल शेट्टी से पार्टी के बारे में सोचने के लिए कहा है। हाल ही में मुंबई उत्तर से दो बार लोकसभा सांसद रहे शेट्टी ने कहा था कि वह बोरीवली से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे, क्योंकि उनको भाजपा ने टिकट नहीं दिया। इसके बाद शेट्टी ने फडणवीस से मुलाकात की थी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वह हमारे वरिष्ठ नेता हैं और मैंने उनसे पार्टी के बारे में सोचने का आग्रह किया है। उन्होंने पार्टी अनुशासन का पालन किया है। मुझे यकीन है कि वह अब भी ऐसा ही करेंगे। उनका गुस्सा समझ में आता है। भाजपा ने संजय उपाध्याय को बोरीवली से अपना उम्मीदवार बनाया है। शेट्टी ने निर्दलीय के तौर पर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।
महाराष्ट्र में 20 नवंबर को एक चरण में होंगे चुनाव
288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुनाव 20 नवंबर को एक ही चरण में होंगे, जबकि विधानसभा चुनाव के मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी। वहीं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, भाजपा और अजीत पवार की एनसीपी से मिलकर बनी महायुति सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रही है, जबकि शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (एसपी) और कांग्रेस की विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) इसे सत्ता से बेदखल करने के प्रयास में है।
संबंधित वीडियो