मुंबई में कोरोना दक्षिण व मध्य मुंबई के बाद अब उत्तर मुंबई में कहर बरपा रहा है। बीएमसी के अनुसार पिछले कुछ समय में उत्तर मुंबई के मलाड, कांदिवली, बोरिवली और दहिसर में मामले तेजी से बढ़े हैं। इन इलाकों में सोसाइटियां ही कोरोना हॉटस्पॉट बन गई हैं।
उत्तर मुंबई में कोरोना मरीजों के दो गुना होने की रफ्तार सबसे तेज है। वहीं, ग्रोथ रेट भी सर्वाधिक है। बीएमसी पी-नॉर्थ वार्ड के सहायक आयुक्त संजोग कबरे ने बताया कि पिछले कुछ समय से 70 से 80 फीसदी केस सोसाइटियों में मिल रहे हैं।
बोरिवली के 11 कंटेनमेंट जोन हैं और 730 इमारतें सील की गई हैं। कांदिवली में 551 इमारतें सील की गई हैं। यहां 32 कंटेनमेंट जोन हैं। मलाड में 31 जोन में 499 बिल्डिंग और दहिसर में 38 जोन में 183 इमारतें सील की जा चुकी हैं।
28 दिनों में दोगुने और 2.5 प्रतिशत ग्रोथ रेट...
उत्तर मुंबई सबसे असुरक्षित है। बोरिवली में 4306 मामले आ चुके हैं। जबकि 137 की मौत हुई है। अब भी 1587 एक्टिव केस हैं। बोरिवली में 28 दिन में मामले दोगुने हो रहे हैं, जो मुंबई में सबसे कम है। वहीं, डेली ग्रोथ सबसे ज्यादा 2.5 फीसदी है।