शिंदे सरकार पाकिस्तान की जेलों में बंद मछुआरों के परिवारों को प्रतिदिन 300 रुपये देगी
महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को पाकिस्तान की जेलों में बंद मछुआरों के परिवारों के भरण-पोषण के लिए बड़ा निर्णय लिया है। महाराष्ट्र सरकार ने कहा कि पाकिस्तानी जेलों में बंद राज्य के मछुआरों के परिवारों को रहने के खर्च के लिए प्रतिदिन 300 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
एक अधिकारी ने बताया कि यह निर्णय यहां कैबिनेट बैठक के दौरान लिया गया। बता दें कि गुजरात सरकार पड़ोसी देश की हिरासत में मछुआरों के परिवारों को समान सहायता प्रदान करती है।
पीएफआई के स्टिकर चिपकाने के आरोप में शख्स गिरफ्तार
नवी मुंबई में एक इमारत के अंदर प्रतिबंधित संगठन पीएफआई के स्टिकर पाए जाने के कुछ दिनों बाद पुलिस ने बुधवार को वहां रहने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि व्यक्ति ने शरारत में स्टिकर चिपकाए, क्योंकि हाउसिंग सोसायटी के पदाधिकारियों और इसके कुछ निवासियों के बीच विवाद था। पुलिस ने बताया कि आरोपी (68 वर्षीय) ने न्यू पनवेल की हाउसिंग सोसाइटी में 'पीएफआई जिंदाबाद' के कुछ स्टिकर चिपका दिए थे और कुछ फ्लैटों के बाहर पटाखा बम और अगरबत्ती भी बांध दी थी।