भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर पूरे देश के लिए गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। इसी बीच देश में कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में कोविड-19 वैक्सीन की कमी का मामला सामने आया है।
महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे ज्यादा 59907 मामले
बता दें कि महाराष्ट्र, पंजाब और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में स्थिति लगातार गंभीर हो रही है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 59,907 नए मामले सामने आए। यह आंकड़ा राज्य में अब तक के दैनिक मामलों में सबसे ज्यादा है। इसके अलावा 30,296 मरीज ठीक हुए। इसके साथ ही इस अवधि में 322 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 31 लाख 73 हजार 261 हो गई है। नए मामलों के सामने आने के बाद राज्य में कोरोना के कुल सक्रिय मामलों की संख्या अब पांच लाख 1559 हो गई है। राज्य में अभी तक इस बीमारी के चलते 56,652 लोगों की मौत हो चुकी है।