मुंबई के नागपाड़ा इलाके में बुधवार शाम बीएमसी स्टाफ कॉलोनी में पानी की टंकी फटने से नौ वर्षीय लड़की की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। मृतक लड़की की पहचान खुशी खातून, जबकि घायलों की पहचान गुलाम रसूल, मिराज खातून और नजरानबीबी के रूप में हुई है।
बता दें कि बृहन्मुंबई नगर निगम के आश्रय योजना सेल की ओर से एसडब्ल्यूएम स्टाफ क्वार्टर के निर्माण के लिए कंक्रीट का अस्थायी टैंक बनाया गया था। घायलों को पास के फौजिया अस्पताल ले जाया गया। एक अधिकारी ने बताया कि नौ वर्षीय लड़की को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीन अन्य की हालत स्थिर है। सभी घायल और मृतक ठेकेदार के कर्मचारी थे। टंकी के फटने के पीछे पानी का दबाव बताया जा रहा है।
मुंबई में चलती लेम्बोर्गिनी कार में लगी आग, जनहानि नहीं
मुंबई में बुधवार रात को कोस्टल रोड पर एक चलती लेम्बोर्गिनी कार में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह घटना रात करीब 10:20 बजे हुई, लेकिन राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मामले में दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली, एक दमकल गाड़ी को तुरंत मौके पर भेजा गया। करीब 45 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, कार में सवार लोगों की सही संख्या और आग लगने के कारणों के बारे में अभी तक जानकारी नहीं मिल पाई है।
आग लगने की वीडियो सोशल मीडिया पर किया शेयर
जानकारी के अनुसार बिजनेस टाइकून और कार के शौकीन गौतम सिंघानिया ने इस घटना का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। एक अन्य वीडियो में गुजरात रजिस्ट्रेशन नंबर वाली नारंगी रंग की कार के केबिन में आग की लपटें दिखाई दे रही हैं, जबकि एक व्यक्ति आग बुझाने की कोशिश कर रहा है।
मुंबई के वाशी में एक निर्माणाधीन सोसायटी में लगी आग
मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां ठाणे जिले के वाशी के एपीएमसी मार्केट में स्थित एक निर्माणाधीन सोसायटी में आग लग गई। खबर फैलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर हैं। वहीं मामले में अभी अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
अग्निशमन अधिकारी ने दी जानकारी
वहीं इस मामले में अग्निशमन अधिकारी रोहन कोकाटे ने कहा कि हमें रात 9:25 बजे आग लगने की सूचना मिली। 6 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझा दी गई है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
#WATCH | Navi Mumbai, Maharashtra: Fire broke out in an under-construction society located in the APMC market in Vashi. Fire brigade vehicles are at the spot. More details awaited. pic.twitter.com/nxiLNOZrzT
— ANI (@ANI) December 25, 2024
वन अधिकारी के घर से 1.32 करोड़ कैश व 57 तोला सोना बरामद
पालघर के एसीबी डीवाईएसपी ने बताया कि एसीबी की एक टीम ने मंगलवार शाम वन अधिकारी संदीप चौरे के घर की तलाशी के दौरान नकदी और सोने के अलावा खंडाला और नवी मंबई में 584 वर्ग फीट के दो फ्लैटों के दस्तावेज भी बरामद किए गए। तलाशी के दौरान एक सर्विस पिस्तौल और छह कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
मांडवी रेंज के वन मंडल अधिकारी चौरे और पालघर जिले के दो अन्य लोगों के खिलाफ मंगलवार को एफआईआर दर्ज की गई थी। चौरे पर आरोप है कि उसने एक ग्रामीण को 2005 में एसजीएनपी (संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान) अधिकारियों की ओर से ली गई जमीन वापस दिलाने के लिए 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। एसीबी ने बताया कि चौरे ने बाद में शिकायतकर्ता से बातचीत की और 10 लाख रुपये लेने पर सहमत हो गया था। फिलहाल अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
कल्याण लड़की अपहरण-हत्या मामला में मुख्य आरोपी, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में 12 साल की लड़की के कथित अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के मुताबिक, लड़की का शव उसके गृहनगर कल्याण के पास एक गांव में मिला था। पुलिस ने मुख्य आरोपी विशाल गवली की तीसरी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस ने बताया कि विशाल गवली के खिलाफ पहले भी संपत्ति से संबंधित अपराधों सहित कुछ आपराधिक मामले दर्ज हैं। गवली को कल्याण पुलिस की एक टीम ने बुधवार सुबह शेगांव में गिरफ्तार किया, जब वह दाढ़ी बनवाकर सैलून से बाहर निकल रहा था। पुलिस उपायुक्त अतुल जेंडे ने कहा कि गवली उस समय बुलढाणा जिले में अपने ससुराल में था। पुलिस ने यह भी बताया कि गवली की तीसरी पत्नी, साक्षी गवली और एक अन्य व्यक्ति को भी इस अपराध के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।
दो करोड़ की ठगी करने के आरोप में पांच पर मामला दर्ज
नवी मुंबई पुलिस ने एक निजी कंपनी के मालिक और चार अन्य के खिलाफ जमीन बिक्री सौदों में 36 लोगों से 2 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने का मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने अक्तूबर 2017 से नवी मुंबई के उरण इलाके के जुई में जमीन की बिक्री के लिए पीड़ितों के साथ सौदे किए थे। वाशी पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि उन्होंने पीड़ितों से 2.07 करोड़ रुपये लिए, लेकिन न तो उन्हें जमीन का कब्जा दिया और न ही उनके पैसे लौटाए।
ठाणे में तीन बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
पुलिस ने ठाणे शहर से तीन बांग्लादेशी पुरुषों को भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है और उनके पास से फर्जी आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र समेत कई जाली दस्तावेज बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि तीनों बांग्लादेशी पुरुषों को 23 दिसंबर को क्रीक रोड से पकड़ा गया था। अधिकारी ने कहा कि पूछताछ के दौरान वे ऐसा कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके जिसके आधार पर वे भारत में रह रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 31,000 रुपये नकद जब्त किए हैं।
नवी मुंबई में 2024 में मादक पदार्थ संबंधी अपराध के 654 मामले सामने आए
नवी मुंबई में मादक पदार्थ से संबंधित अपराधों में वृद्धि देखी गई है और इस वर्ष ऐसे 654 मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 2023 में यह संख्या 475 थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नवी मुंबई पुलिस की वार्षिक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि इन मामलों में जब्त किए गए प्रतिबंधित सामान की कुल कीमत 33.27 करोड़ रुपये है, जबकि पिछले साल यह 22.97 करोड़ रुपये थी। 2024 में मादक पदार्थ निषेध से संबंधित एनडीपीएस अधिनियम के तहत मादक पदार्थ संबंधी अपराधों के लिए 939 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पिछले साल यह संख्या 811 थी।
आत्महत्या की कोशिश कर रहे बुजुर्ग दंपति बचाए गए
ठाणे नगर निगम के आपात प्रक्रिया दल और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उस बुजुर्ग दंपति की जान बचा ली, जो आत्महत्या का प्रयास कर रहा था। महाराष्ट्र के ठाणे शहर में कासारवडवली पुलिस को दंपति के रिश्तेदार से बुधवार रात सूचना मिली कि दंपति घोडबंदर रोड पर वाघबिल इलाके में एक इमारत की सातवीं मंजिल पर स्थित अपने घर में आत्महत्या करने की योजना बना रहा है।
नवी मुंबई में डॉक्टर से 70 लाख रुपये ठगे गए
इस बीच 48 वर्षीय एक डॉक्टर से एक महिला समेत तीन लोगों ने कथित तौर पर 70 लाख रुपये ठगे हैं। इन लोगों ने डॉक्टर को महाराष्ट्र के नवी मुंबई टाउनशिप में फ्लैट बेचने का प्रस्ताव दिया था। आरोपियों ने डॉक्टर को कलंबोली के रोडपाली इलाके में स्थित एक फ्लैट दिखाया और उसे बेचने की मंशा जताई, जबकि यह फ्लैट पहले ही किसी और को बेच दिया गया था। कलंबोली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने डॉक्टर से 70 लाख रुपये ले लिए, लेकिन उन्हें फ्लैट का कब्जा नहीं दिया।
ठाणे में टेंपो से 8.42 लाख का गुटखा जब्त
ठाणे जिले में पुलिस ने एक टेंपो से 8.42 लाख रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार शाम को टेंपो को भिवंडी इलाके में करिवली पुलिस चौकी के सामने देखा गया। भोईवाड़ा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि वाहन की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि उसमें गुटखा ले जाया जा रहा था। गुटखा जब्त कर लिया गया और वाहन को जब्त कर लिया गया।