हिमंत ने CM शिंदे के घर पर पूजा की
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा बुधवार देर रात मुंबई में महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे के सरकारी आवास वर्षा बंगले पर पहुंचे। यहां उन्होंने गणपति बप्पा का दर्शन-पूजन कर आरती की। इसके अलावा विदेशी राजनयिकों ने भी सीएम शिंदे के आवास पर गणेश आरती में हिस्सा लिया। सीएम सरमा द्वारा गणेश आरती करने और विदेशी राजनयिकों के आरती में हिस्सा लेने की तस्वीरें और वीडियो महाराष्ट्र सीएम के ऑफिशियल एक्स हैंडल पर शेयर की गई हैं।
बता दें कि गणेशोत्सव की शुरुआत विगत सात सितंबर को हुई है। गणपति बप्पा के भक्त 10 दिनों तक आराधना करते हैं। महाराष्ट्र में गणेशोत्सव की अवधि में खास उत्साह देखने को मिलता है।
अजित पवार-प्रफुल्ल पटेल ने शिंदे के आवास पर गणपति पूजा की
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राकांपा प्रमुख अजित पवार बुधवार देर रात भगवान गणेश की पूजा करने के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आधिकारिक आवास वर्षा पहुंचे। पवार के साथ उनकी पार्टी के सहयोगी प्रफुल्ल पटेल भी थे। यह यात्रा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि महाराष्ट्र चुनाव, जो संभवत: अक्तूबर-नवंबर में होगा, से पहले सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन, जिसमें पवार की राकांपा, शिंदे की शिवसेना और भाजपा शामिल हैं, में उठापटक देखने को मिल रही है। हाल ही में, शिवसेना मंत्री तानाजी सावंत ने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया था कि वह कैबिनेट बैठकों में राकांपा नेताओं के बगल में बैठते हैं लेकिन बाहर आने पर उन्हें उल्टी जैसा महसूस होता है। सार्वजनिक संपर्क कार्यक्रम 'जन सम्मान यात्रा' के दौरान 'लड़की बहिन योजना' के विज्ञापनों और प्रचार सामग्री से शिंदे का नाम 'छोड़ने' को लेकर भी सेना के मंत्री राकांपा पर नाराज थे।
शिवसेना विधायक के बॉडीगार्ड पर हमला करने का आरोप, गिरफ्तार
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कार में बैठे एक व्यक्ति पर लोहे की रॉड से हमला करने के आरोप में 35 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि विपक्षी शिवसेना (यूबीटी) ने दावा किया कि गिरफ्तार व्यक्ति कर्जत से सत्तारूढ़ शिवसेना के विधायक महेंद्र थोरवे का बॉडीगार्ड है। पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार को नेरल में हुई जब कर्जत तालुका के रहने वाले आरोपी शिवाजी सोनावले ने कार में बैठे व्यक्ति पर हमला किया। हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी और पीड़ित एक-दूसरे को जानते थे और गाड़ी का शीशा तोड़ने के मुद्दे पर उनके बीच हाथापाई हुई।
ठाणे में दो लोगों ने गोरक्षक का अपहरण कर पीटा, एफआईआर दर्ज
ठाणे जिले के कल्याण के एक 30 वर्षीय गोरक्षक का दो लोगों ने अपहरण कर लिया और उसके साथ क्रूरतापूर्वक मारपीट की। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, पीड़ित को दो व्यक्तियों ने उसकी कार से जबरन उतार दिया, एक ऑटो-रिक्शा में बिठाया और गोविंद वाडी बाईपास रोड पर एक स्थान पर ले गए, जहां मंगलवार सुबह लगभग 9:30 बजे उसे गंभीर रूप से पीटा गया। पुलिस ने बुधवार को बताया कि हमलावरों ने पीड़ित के साथ मौखिक रूप से दुर्व्यवहार भी किया और उस पर गोमांस ले जा रहे एक पिकअप ट्रक के बारे में पुलिस को सूचना देने का आरोप लगाया, जिसके कारण वाहन को जब्त कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, हमले के बाद पीड़ित को दूसरे वाहन में ले जाया गया और पैट्रिपूल इलाके में एक फूल बाजार के पास छोड़ दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान असलम मुल्ला और उसके भाई सैम के रूप में की है और कहा कि उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने एक लोकल ट्रेन से यात्री के चोरी हुए 7.37 लाख रुपये के गहनों का पता लगा लिया। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार करने के साथ कई सारे नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। यह चोरी 31 अगस्त को हुई थी। 54 वर्षीय यात्री छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से कल्याण की तरफ जा रहा था। सफर के दौरान यात्री ने देखा कि उसका एक काला बैग गायब हो गया।बैग में सात किलो चांदी और 19.96 ग्राम सोने के गहने थे। यात्री ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(C) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने अभियान चलाकर अल्तमस रज्जाक खान और शुभम संदीप थसाले को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से सोना बरामत किया।
महाराष्ट्र के लातूर में बीडिओ की पत्नी से मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप में 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बीडिओ और उनका परिवार 2022 से छत्रपति चौक में एक किराए के घर में रहता था। मकान के मालिक ने किराया बढ़ा दिया था, जिसे बीडिओ के परिवार वालों ने देने से मना कर दिया। इस दौरान मकान मालिक ने उन्हें घर से निकालने की धमकी दी। 26 अगस्त को आरोपी एक वकील को लेकर आया और बीडिओ को घर खाली करने के लिए कहा। इस दौरान बीडिओ की मां ने आरोपी को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनका अपमान किया। इस बीच बीडिओ की पत्नी ने हस्तक्षेप किया तो आरोपी ने उसे धक्का दे दिया। मंगलवार को कुछ लोगों ने बीडिओ के घर से सामान को बाहर निकालने लगे। बीडिओ की पत्नी ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।