फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: गणपति विसर्जन के बाद जुहू बीच पर चला सफाई अभियान; महिला ने भांजी की हत्या के बाद की आत्महत्या

Sun, 07 Sep 2025 05:06 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मुंबई के जुहू बीच पर रविवार सुबह गणपति विसर्जन के बाद सफाई अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस, अभिनेता अक्षय कुमार और बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी शामिल हुए। इस दौरान अमृता फडणवीस ने कहा, 'कल रात गणपति विसर्जन पूरा हुआ। आज सुबह हम सफाई अभियान चला रहे हैं। हमारा समुद्र साफ और चमकदार रहना चाहिए। गंदगी फैलाना नहीं चाहिए और अगर गंदगी है तो उसे साफ करना हमारी जिम्मेदारी है।' सीएम फडणवीस की बेटी दिविजा ने भी बीच सफाई में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, 'बीच पर बप्पा की मूर्तियों के हाथ-पैर के टुकड़े देखकर बहुत दुख हुआ। मैं सब लोगों से निवेदन करती हूं कि पर्यावरण के अनुकूल गणेश प्रतिमाओं का उपयोग करें ताकि हमारे बप्पा का अपमान न हो।'
विज्ञापन

 
 
 

गणेशोत्सव के बाद किया गया प्रतिमा विसर्जन
महाराष्ट्र में 11 दिवसीय गणेशोत्सव प्रतिमा विसर्जन के साथ समाप्त हो गया। हालांकि, पुणे में गणपति विसर्जन के दौरान चार लोग डूब गए। जिले के चाकण क्षेत्र में गणपति विसर्जन के दौरान तीन अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की डूबकर मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बिराडवाड़ी गांव में एक व्यक्ति कुएं में डूब गया, जबकि वाकी बु्द्रुक के पास बाम नदी में दो युवक निर्धारित घाट से हटकर गहरे पानी में चले गए और डूब गए। इनमें से एक का शव निकाला जा चुका है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। वहीं, भिमा नदी के शेल पिंपलगांव में भी एक युवक विसर्जन के दौरान डूब गया। पुलिस और दमकल विभाग राहत व खोज अभियान चला रहे हैं।

मुंबई में हिट-एंड-रन, दो वर्षीय मासूम की मौत
राज्य की एक अन्य दर्दनाक घटना राजधानी मुंबई से सामने आई। मुंबई के कलाचौकी इलाके में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसका 11 वर्षीय भाई घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, दोनों फुटपाथ पर सो रहे थे तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। हादसा लालबागचा राजा गणपति मंडल के प्रवेश द्वार के पास हुआ। बच्ची चंद्रा वजंदर की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि उसका भाई शैलू का केईएम अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने कार चालक की पहचान कर ली है, लेकिन वह अभी फरार है।
विज्ञापन
Trending Videos

12,000 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद, बांग्लादेशी महिला समेत 12 गिरफ्तार
महाराष्ट्र पुलिस ने तेलंगाना में केमिकल फैक्टरी की आड़ में ड्रग्स के कारोबार का फंडाफोड़ किया है। फैक्टरी से बड़ी मात्रा में कच्चा माल जब्त कर बांग्लादेशी महिला समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 12,000 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह ऑपरेशन मीरा भाईंदर-वसई विरार (एमबीवीवी) पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल द्वारा किया गया, जिसका अधिकार क्षेत्र ठाणे और पालघर जिलों के कुछ हिस्सों तक है। बांग्लादेशी महिला के पकड़े जाने के बाद हुआ खुलासा : मामले की जांच 8 अगस्त को तब शुरू हुई थी जब अपराध शाखा ने एक बांग्लादेशी महिला फातिमा मुराद शेख उर्फ मोल्ला (23) को मुंबई के उपनगर मीरा रोड में काशीमीरा बस स्टॉप के पास 105 ग्राम एमडी और 23.97 लाख नकद के साथ गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान पुलिस को तेलंगाना में हैदराबाद के पास चेरलापल्ली के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित इस ड्रग्स फैक्टरी का पता चला। पुलिस ने यहां से 5.7 किलोग्राम एमडी, 35,500 लीटर केमिकल और 950 किलोग्राम पाउडर जब्त किया गया।

मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला ने भांजी की हत्या के बाद की आत्महत्या
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 26 वर्षीय महिला ने अपनी तीन साल की भांजी की हत्या कर खुदकुशी कर ली। यह घटना अंबरनाथ शहर में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को हुई। पुलिस के अनुसार, महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और गहरे अवसाद में थी। कुछ समय पहले उसकी बहन के आठ साल के बेटे की बीमारी के कारण मौत हो गई थी, जिससे वह बेहद दुखी थी। इसी कारण उसने अपनी बहन की बेटी को गला दबाकर मार डाला।

अधिकारी ने बताया कि वारदात के बाद महिला को गहरा पछतावा हुआ। अपराधबोध में उसने अपनी बहन के घर की छत से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

महाराष्ट्र: समुद्र तट पर तीन संदिग्ध कंटेनर बहकर आए, जांच जारी
महाराष्ट्र के पालघर जिले के तटीय इलाकों में रविवार को तीन संदिग्ध कंटेनर बहकर आ गए। इसके बाद, भारतीय तटरक्षक बल और पालघर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी। दो कंटेनर सतपति तट पर और एक शिरगांव तट पर मिला है। पालघर के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि ज्वार की स्थिति के कारण कंटेनरों तक पहुंचना मुश्किल है, क्योंकि वे आंशिक रूप से पानी में डूबे हुए हैं। उन्होंने कहा कि उनके अंदर की सामग्री के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। अधिकारियों को संदेह है कि ये कंटेनर किसी जहाज के मलबे से या अवैध डंपिंग करके फेंके गए हो सकते हैं। गौरतलब है कि इसी साल की शुरुआत में भी वसई तट पर भी एक ऐसा ही कंटेनर मिला था। पुलिस और तटरक्षक बल ने मिलकर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें