मुंबईर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां बांद्रा ईस्ट में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। अधिकारी के अनुसार यह हादसा वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर खेरवाड़ी के वकोला पुल के पास हुआ। तेज रफ्तार कार ने स्कूटर को टक्कर मारी, जिसमें दो लोग घायल हो गए।
घटना के समय, सिद्धेश बेलकर (23) अपने तीन दोस्तों के साथ अंधेरी से बांद्रा जा रहे थे। उन्होंने बताया कि वह गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठे, जिससे गाड़ी पलट गई और डिवाइडर से टकराकर स्कूटर से जा टकराई। टक्कर के बाद, स्कूटर पर सवार दो लोग, मानव विनोद पटेल (21) और हर्ष आशीष मकवाना (20), गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बेलकर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और बताया कि उन्होंने शराब के प्रभाव में गाड़ी नहीं चलाई थी। पुलिस ने बेलकर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
शिवसेना की मांग, महाराष्ट्र में रेस्त्रां में हो मराठी मेनू
महाराष्ट्र की राजनीति में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आयदिन किसी ना किसी मुद्दे को लेकर विवाद जारी रहता है। इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) के एक पदाधिकारी कृष्ण पावले ने मुंबई के कलेक्टर को पत्र लिखकर मांग की है कि महाराष्ट्र के सभी रेस्त्रां और भोजनालयों में मेनू कार्ड मराठी में होना चाहिए। पावले का कहना है कि अन्य राज्यों में रेस्त्रां और भोजनालय अपनी मेनू सूची में स्थानीय भाषा का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन महाराष्ट्र में ऐसा नहीं किया जाता।
साथ ही उन्होंने पत्र में लिखा कि यह सिर्फ एक नियम नहीं होना चाहिए, बल्कि मराठी भाषा का सम्मान होना चाहिए। पावले ने यह भी कहा कि अगर ऐसा निर्देश नहीं दिया जाता, तो यह मराठी भाषा और संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के लिए जान की आहुति देने वाले 106 शहीदों का अपमान होगा। बता दें कि यह कदम शिवसेना (यूबीटी) द्वारा आरएसएस के वरिष्ठ नेता भैयाजी जोशी की टिप्पणी के बाद उठाया गया, जिसमें जोशी ने कहा था कि मुंबई आने वाले किसी भी व्यक्ति को मराठी सीखने की आवश्यकता नहीं है।
ठाणे में अवैध रूप से रह रही दो बांग्लादेशी महिलाएं पकड़ी गईं
ठाणे जिले में पुलिस ने दो बांग्लादेशी महिलाओं को अवैध रूप से रहने के आरोप में पकड़ा है। इसके अलावा, उन्हें किराए पर घर देने वाले दो मकान मालिकों को भी गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार को अंबरनाथ के आदवली-ढोकली इलाके में एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में छापेमारी के दौरान पुलिस ने फरजाना शिरागुल शेख (36) और बिथी उर्फ प्रिया नूर इस्लाम अख्तर (24) को हिरासत में लिया। जब अधिकारियों ने उनसे उनके यात्रा और निवास से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो वे कोई वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सकीं। इसके बाद, पुलिस ने उन्हें अवैध प्रवास के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने ताहिर मुनीर अहमद खान (35) और गणेश चंद्र दास (37) को भी गिरफ्तार किया है, जिन्होंने बिना उचित दस्तावेजों की जांच किए महिलाओं को अपना फ्लैट किराए पर दिया था। पुलिस का कहना है कि किसी भी मकान मालिक को किरायेदार की वैधता की जांच करना जरूरी होता है, अन्यथा वे भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।
समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एसयूवी पलटने से दो लोगों की मौत, छह घायल
मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक एसयूवी के पलट जाने और एक अन्य वाहन से टकरा जाने के कारण दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।सिंदखेड राजा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब नौ बजे हुई जब यवतमाल से श्रद्धालुओं को लेकर एसयूवी शिरडी जा रही थी। उन्होंने बताया कि वाहन का एक टायर फट गया, जिससे वह पलट गया और पीछे से एक कार ने उसे टक्कर मार दी। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान विद्या साबले और मोतीराम बोरकर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि छह घायलों को निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन की हालत गंभीर है।