ठाणे में एक इमारत की पहली मंजिल पर अपार्टमेंट से गिरकर दो साल के बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बदलापुर इलाके में एक इमारत में दूसरी मंजिल पर बने अपार्टमेंट में बच्चा अपने परिवार के साथ रहता था। वह इमारत की पहली मंजिल पर खेल रहा था। जहां से वह गलती से फिसलकर जमीन पर गिर गया। स्थानीय लोगों ने उसे डोंबिवली के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
मॉल में लगी आग में दो दुकानें जलकर खाक
ठाणे शहर में मंगलवार सुबह एक मॉल में आग लग गई। इसमें दो दुकानें जलकर खाक हो गईं। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। घोड़बंदर रोड पर स्थित मॉल की पहली मंजिल पर सुबह करीब आठ बजे आग लग गई। स्थानीय अग्निशमन कर्मी और क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के सदस्य सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में एक जूते की दुकान और उसके निकट स्थित एक दुकान पूरी तरह नष्ट हो गई। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
नाबालिग लड़की का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार
ठाणे में एक आवासीय परिसर के 38 वर्षीय सुरक्षा गार्ड को एक नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी आठ साल की बच्ची को रविवार शाम मानपाड़ा-चितलसर इलाके में इमारत के पास एक सुनसान जगह पर ले गया और कथित तौर पर उसे गलत तरीके से छुआ। पीड़िता वहां से भाग गई और अपनी मां को घटना के बारे में बताया। इसके बाद उसके माता-पिता शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे। सुरक्षा गार्ड को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया और भारतीय न्याय संहिता की धारा 75 (यौन उत्पीड़न) के साथ-साथ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।
पिता की बंदूक से किशोर ने खुद को मारी गोली
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां सोमवार को एक 14 वर्षीय लड़के ने अपने पिता की रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस अधिकारी ने बताया कि आठवीं कक्षा का छात्र लड़का दोपहर के समय माधा तहसील के अधेगांव में अपने घर में अकेला था। जहां पिछले कुछ दिनों से उसका इलाज चल रहा था और डॉक्टरों ने उसे कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी थी।
अधिकारी ने आगे बताया कि उसके पिता एसएसबी में हैं और राजस्थान के अलवर में तैनात हैं। उसकी मां आंगनवाड़ी सेविका हैं। उसने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर ली और घर की पहली मंजिल पर जाकर अपने सिर में गोली मार ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब उसकी मां घर लौटी तो उसने उसे खून से लथपथ पाया। टेंभुर्णी पुलिस थाने में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। घटना की आगे की जांच जारी है।"
उद्धव ठाकरे के अकेले लड़ने वाले बयान पर बोले राउत
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने सोमवार को कहा कि पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे के निकाय चुनावों में अकेले लड़ने के बयान का मतलब महा विकास अघाड़ी (एमवीए) का अंत नहीं है। राउत ने पुणे में पत्रकारों से कहा कि ठाकरे का अकेले लड़ने का बयान केवल मुंबई नगर निगम चुनावों तक सीमित है और इससे पूरे महा विकास अघाड़ी के गठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
महाराष्ट्र निकाय चुनाव पर बोले संजय राउत
राउत ने बताया कि क्योंकि शिवसेना (यूबीटी) लंबे समय से मुंबई नगर निगम पर शासन कर रही है, इसीलिए पार्टी कार्यकर्ताओं की भावना है कि मुंबई में चुनाव अकेले लड़ा जाना चाहिए। ठाकरे ने भी इस भावना का समर्थन किया है। राउत ने यह भी कहा कि एमवीए के घटक दल—शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और एनसीपी—यह मानते हैं कि उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में एकजुट होकर चुनाव लड़ना चाहिए, और पिछली चुनावी नतीजों को नजरअंदाज करते हुए एमवीए एक साथ चुनाव लड़ेगा।
मुंबई में ईओडब्ल्यू ने टोरेस निवेश धोखाधड़ी मामले में CEO तौसीफ को किया गिरफ्तार
मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने टोरेस निवेश धोखाधड़ी मामले में कंपनी के सीईओ तौसीफ रियाज को लोनावला से गिरफ्तार किया है। रियाज, जिसे जॉन कार्टर के नाम से भी जाना जाता है, पर निवेशकों से करोड़ों रुपये ठगने का आरोप है। वह पहले से फरार था और उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। सोमवार को खास जानकारी मिलने पर ईओडब्ल्यू की टीम ने लोनावला में उसे गिरफ्तार किया और बाद में अदालत में पेश कर 3 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
बता दें कि धोखाधड़ी का मामला तब सामने आया जब सैकड़ों निवेशक दादर में ब्रांड के स्टोर पर इकट्ठा हुए और पुलिस ने जांच शुरू की। आभूषण कंपनी पर पोंजी और मल्टी-लेवल मार्केटिंग (एमएलएम) योजनाओं के जरिए निवेशकों से पैसे ठगने का आरोप है। अब तक 3,700 से अधिक निवेशकों ने पुलिस से शिकायत की है और धोखाधड़ी की कुल राशि 57 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस अब अन्य फरार संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
ठाणे में चोरी के मामले में दो युवक गिरफ्तार, 21 लाख रुपये के तांबे के पाइप जब्त
ठाणे में कई घरों में चोरी की घटनाओं के सिलसिले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से 21.45 लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए तांबे के पाइप जब्त किए हैं। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जनार्दन सोनवणे ने बताया कि पुलिस ने सोमवार को भिवंडी और कल्याण के बीच सड़क पर एक टेंपो को रोका और उसमें सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि दोनों ने दो अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर ठाणे में अलग-अलग स्थानों पर घरों में चोरी की थी। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
संतोष देशमुख हत्याकांड: वाल्मिक कराड की ऑडियो क्लिप हुई वायरल
महाराष्ट्र के बीड़ जिले के सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड से जुड़े जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार वाल्मिक कराड की एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस ऑडियो क्लिप में कराड एक व्यक्ति से यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि 'बाप' यानी प्रभावशाली लोग बीड़ में बैठे हैं।
वाल्मिक कराड महाराष्ट्र के मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी हैं, जो बीड़ जिले की परली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। संतोष देशमुख बीड़ के मसाजोग गांव के सरपंच थे। उनको नौ दिसंबर को कथित तौर पर एक उर्जा कंपनी से जबरन वसूली के प्रयास को रोकने के कारण अगवा किया गया था और बेरहमी से पीटा गया था। पुलिस ने अब तक इस हत्या के मामले सात गिरफ्तारी की हैं, जबकि कराड भी जबरन वसूली मामले में आरोपी हैं।
मुंबई: मादक पदार्थ के साथ युगांडा के तीन नागरिक गिरफ्तार
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने मंगलवार को मुंबई एयरपोर्ट पर युगांडा के तीन नागरिकों को गिरफ्तार किया, जो एंटेबे से मुंबई पहुंचे थे। पूछताछ के दौरान तीनों ने माना कि उन्होंने भारत में नशीली दवाओं की तस्करी के लिए कैप्सूल में नशीली दवाइयां निगली थीं। इन तीनों व्यक्तियों से कुल 170 कैप्सूल निकाले गए, जिनमें 2197 ग्राम कोकीन भरी हुई ती। इसकी कीमत करीब 21.97 करोड़ रुपये थी।
एक माह के भीतर महाराष्ट्र में 12 बाघों की मौत
महाराष्ट्र में विभिन्न घटनाओं में एक महीने के भीतर 12 बाघों की मौत हो गई। राज्य सरकार ने वन विभाग को ऐसी घटनाएं रोकने के निर्देश दिए हैं।
महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाइक ने बताया कि बिजली का करंट लगने, वाहनों से टकराने, अवैध शिकार और बीमारी की वजहों से 12 बाघों की एक माह के भीतर मौत हो गई। इसमें से तीन बाघों की मौत अवैध शिकार के कारण हुई। ऐसी घटनाएं रोकने के लिए वन विभाग को कड़े उपाय के निर्देश दिए गए हैं। अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।
खरगे और राहुल को हिंदुओं व देश के साथ किए गए अन्याय के लिए महाकुम्भ जाना चाहिए: शिवसेना
शिवसेना ने मंगलवार को दावा किया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महाकुम्भ के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं के स्नान पर टिप्पणी से हिंदुओं की भावनाओं का अपमान किया है और इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
पार्टी ने यह भी सुझाव दिया कि खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हिंदू समुदाय और पूरे देश के साथ ‘जो गलत किया है’, उसके लिए माफी मांगने के लिए महाकुम्भ जाएं। पार्टी प्रवक्ता शाइना एनसी ने कहा, “शिवसेना मांग करती है कि खरगे न केवल (केंद्रीय) गृह मंत्री (अमित शाह) पर बल्कि लाखों हिंदुओं की आस्था पर भी अपने जुबानी हमलों के लिए देश से बिना शर्त माफी मांगें।”
उन्होंने कहा, “ऐसी अपमानजनक टिप्पणियां कर कांग्रेस पार्टी दुनिया भर के अरबों हिंदुओं के धार्मिक मूल्यों का मजाक उड़ा रही है। मेरा सुझाव है कि खरगे और राहुल गांधी महाकुम्भ में आकर हिंदू समुदाय और पूरे देश के साथ की गई गलतियों के लिए माफी मांगें।” शाइना ने कहा कि उन्हें (राहुल और खरगे को) अतीत के दाग धोने चाहिए, जिसमें भ्रष्टाचार, आतंकवाद, वंशवादी राजनीति, दिल्ली और पंजाब में विफलताएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें (राहुल और खरगे को) अपने देश को छह दशकों से गरीब बनाए रखने में अपनी भूमिका को स्वीकार करना चाहिए।