मुंबई के कुर्ला के एक होटल में लगी आग
मुंबई के कुर्ला इलाके से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक होटल में आग लग लगने से भगदड़ मच गई। साथ ही मौके पर 5 दमकल गाड़ियां मौजूद हैं। हालांकि मामले में अधिक जानकारी का अभी इंतजार है।
ठाणे में पांच मंजिला इमारत में लगी आग
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में रविवार सुबह पांच मंजिला इमारत में आग लग गई। इसके बाद करीब 250 निवासियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि श्रीनगर के वागले एस्टेट इलाके में स्थित इमारत के भूतल पर कपड़े धोने की एक दुकान में सुबह करीब पांच बजे आग लग गई, हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। लगभग एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया जिसके बाद लोगों को अपने अपार्टमेंट में लौटने की अनुमति दी गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
परभणी में ठेले पर गैस सिलेंडर फटा, कोई हताहत नहीं
परभणी में एक स्ट्रीट फूड ठेले पर दो गैस सिलंडर फट गए। हादसे में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को इसकी जानकारी दी। यह घटना आधी रात क 12:11 बजे वड़ा पाव के ठेले में घटी। ठेले पर रखे दो गैस सिलेंडर एक के बाद फट गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विस्फोट के कारण ठेले में आग लग गई। आग को बुझाने में 30 मिनट लगे।
रविन्द्र चव्हाण बने महाराष्ट्र भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष
पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक रविन्द्र चव्हाण को महाराष्ट्र भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्ति किया गया है। शिरडी में चल रहे प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के बीच शीर्ष नेताओं की बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके साथ ही यह तय हो गया है कि रविन्द्र चव्हाण मौजूदा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले का स्थान लेंगे।
ठाणे में कॉल सेंटर का भंडाफोड़
ठाणे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक व्यक्ति को अवैध कॉल सेंटर चलाने और बिना अनुमति के अमेरिकी नागरिकों को नियंत्रित दवाइयां बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आकाश रवेंद्रसिंह यादव को शुक्रवार को वागले एस्टेट पुलिस की अपराध इकाई ने छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया।
कपूरबावड़ी पुलिस थाने के अधिकारी के अनुसार, "यादव एक वैध दवा कंपनी के प्रतिनिधि के रूप में सोमा, ट्रामाडोल, वियाग्रा, सियालिस, और ऑक्सीकोडोन जैसी नियंत्रित दवाइयाँ बेच रहा था। वह अमेरिकी नागरिकों से संपर्क करने के लिए वॉयस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल (वीओआईपी) तकनीक का उपयोग कर रहा था।
काले जादू से इलाज का वादा कर एक व्यक्ति ने परिवार को ठगा
ठाणे के भिवंडी में एक व्यक्ति पर काला जादू से बीमारी ठीक करने का वादा कर एक परिवार से 8.87 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया गया है। शांति नगर पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान भिवंडी के मिल्लत नगर निवासी हजरत बाबा के रूप में हुई है।
अधिकारी ने दी जानकारी
मामले में अधिकारी के मुताबिक, हजरत बाबा ने शिकायतकर्ता के पति और बेटे की बीमारी का फायदा उठाकर उन्हें ठीक करने का वादा किया और 8.87 लाख रुपये हड़प लिए। वह अक्टूबर 2023 से फर्जी अनुष्ठानों में लिप्त था। शिकायतकर्ता, जो 46 वर्षीय महिला हैं, ने महसूस किया कि उनके परिवार को ठगा जा रहा है, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।
साथ ही पुलिस ने बताया कि हजरत बाबा के खिलाफ महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, दुष्ट और अघोरी प्रथाओं की रोकथाम और उन्मूलन अधिनियम, काला जादू अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है।