पारिवारिक विवाह में एक साथ नजर आए उद्धव और राज ठाकरे
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई और एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे रविवार को एक साथ नजर आए। वे मुंबई में अपने भांजे की शादी में पहुंचे थे। बता दें कि राज ठाकरे की बड़ी बहन जयवंती देशपांडे के बेटे यश देशपांडे की शादी में कई अन्य रिश्तेदारों के साथ राजनीतिक रूप से अलग-थलग पड़े चचेरे भाई-बहन अन्य रिश्तेदारों के साथ एक साथ खड़े दिखे।
दादर में आयोजित समारोह में राज ठाकरे और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। इस कार्यक्रम में उद्धव ठाकरे के बड़े भाई जयदेव ठाकरे की पूर्व पत्नी स्मिता ठाकरे भी नजर आईं। इससे पहले बीते सप्ताह राज ठाकरे और रश्मि ठाकरे के भाई श्रीधर पाटणकर के बेटे की शादी में शामिल हुए थे, लेकिन महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख उद्धव ठाकरे के पहुंचने से पहले ही वहां से चले गए थे।
आध्यात्मिक गुरु आशुतोष पांडे को मिली जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज
आध्यात्मिक गुरु आशुतोष पांडे को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आध्यात्मिक गुरु ने आरोप लगाया है कि वह उत्तर प्रदेश से महाराष्ट्र की यात्रा कर रहे थे, तभी उन्हें एक फोन आया और अज्ञात कॉलर ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पांडे का आरोप है कि उन्हें उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह की धमकी भरी कॉल मिली थी। पुलिस ने कहा कि उनकी शिकायत के आधार पर हमने शनिवार को विले पार्ले पुलिस स्टेशन में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आगे की जांच जारी है।