ठाणे में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत
ठाणे जिले में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। बिजली गिरने की घटनाएं मुरबाद तालुका के शिरगांव और कल्याण के निकट हुईं। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी बुधवार को बताया कि शिरगांव में एक घर पर आकाशीय बिजली गिरने से परशु पवार (42) की मौत हो गई। वहीं, कल्याण तालुका के कांबा में खदान में काम कर रहे एक पुरुष और एक महिला की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है।
नेटफ्लिक्स पर 47 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, जांच शुरू
फिल्म निर्माता वाशु भगनानी ने नेटफ्लिक्स इंडिया के खिलाफ फिल्म अधिकारों को लेकर 47.37 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाकर पुलिस को शिकायत दी है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने भगनानी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में फिल्म निर्माता ने दावा किया है कि नेटफ्लिक्स ने उनकी तीन हिंदी फिल्म- हीरो नंबर 1, मिशन रानीगंज और बड़े मियां छोटे मियां के अधिकारों को लेकर उनके साथ धोखाधड़ी की है। उन्होंने बताया कि इन फिल्मों के लिए उनको 47.37 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं मिला। इस बीच, नेटफ्लिक्स ने भगनानी के आरोपों को खारिज किया कर दावा किया कि पूजा एंटरटेनमेंट पर उसका पैसा बकाया है। पूजा एंटरटेनमेंट भगनानी की कंपनी है।
जालना में ओबीसी कार्यकर्ता हेक-वाघमारे ने समाप्त किया अनशन
मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे द्वारा अपना अनशन वापस लेने के कुछ घंटों बाद दो ओबीसी कार्यकर्ता लक्ष्मण हेक और नवनाथ वाघमारे ने भी बुधवार को अपना सप्ताह भर का अनशन स्थगित कर दिया। हेक और वाघमारे महाराष्ट्र के जालना जिले के अंतरवाली सराती गांव से दो किमी दूर स्थित वाडिगोदरी गांव में अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण की सुरक्षा के लिए अनिश्चितकालीन अनशन पर थे। दोनों के विरोध का उद्देश्य मनोज जरांगे की मांगों का मुकाबला करना था, जिसे उन्होंने असंवैधानिक माना। वहीं, जरांगे ओबीसी श्रेणी के तहत मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की मांग कर रहे हैं। वाडिगोदरी में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए हेक ने राज्य में महायुति सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, 'अगर हमने जवाबी उपवास का सहारा नहीं लिया होता, तो महाराष्ट्र सरकार जरांगे की मांगों को लागू कर देती।'
मुंबई में भारी बारिश के बाद नाले में डूबी महिला
मुंबई के अंधेरी में बुधवार को भारी बारिश के कारण उफन रहे नाले में 45 वर्षीय एक महिला डूब गई। घटना रात करीब 9.20 बजे गेट नंबर दो के पास हुई। पीड़ित की पहचान विमल अनिल गायकवाड़ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, महिला को कूपर अस्पताल लेकर गए, जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
कोल्डप्ले इवेंट के नकली टिकटों की बिक्री के खिलाफ शिकायत दर्ज
ऑनलाइन टिकट एग्रीगेटर बुकमायशो ने कुछ प्लेटफार्मों पर कोल्डप्ले के मुंबई कॉन्सर्ट के लिए नकली टिकटों की कथित बिक्री के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बुकमायशो कोल्डप्ले के संगीत समारोहों के लिए आधिकारिक टिकटिंग भागीदार है। ऑनलाइन टिकट एग्रीगेटर ने लोगों से इन घोटालों का शिकार न होने की अपील की। अनधिकृत स्रोतों से खरीदे गए किसी भी टिकट से उपभोक्ता को खतरा होगा और वह नकली टिकट साबित हो सकता है।
महाराष्ट्र के नवी मुंबई में पुलिस ने अवैध रूप से रह रहीं सात बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एनआरआई पुलिस थाने की एक टीम ने मंगलवार की शाम को नवी मुंबई के क्रावे गांव में एक आवासीय परिसर पर छापा मारा। अधिकारी ने आगे कहा कि लोगों के घरों में काम करने वाली ये महिलाएं अवैध रूप से भारत में रह रही है।