मुंबई के सीमा शुल्क विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने मंगलवार को नवी मुंबई में जब्त की गई 24.73 किलोग्राम नशीली दवाओं को नष्ट कर दिया। इनकी कीमत करीब 117 करोड़ रुपये थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीआईसी) की एक उच्च-स्तरीय नशीली दवाओं को नष्ट करने वाली समिति ने तलोजा में हेरोइन, कोकीन, मारिजुआना और अन्य मादक पदार्थों को जलाकर नष्ट किया। इस समिति में मुंबई के सीमा शुल्क विभाग जोन-1 और डीआरआई के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह इस वित्तीय वर्ष में नशीली दवाओं को नष्ट करने वाली पहली प्रक्रिया है। पिछले वित्तीय वर्ष में मुंबई के सीमा शुल्क विभाग जोन-1 ने 215.27 किलोग्राम नशीली दवाओं को नष्ट किया था। जिनकी कीमत 1,525 करोड़ रुपये थी।
भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के पूर्व वैज्ञानिक कोलवांकर गुमशुदा
मुंबई पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया है, जो भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) के पूर्व वैज्ञानिक विनायक कोलवांकर की तलाश कर रही है। कोलवांकर अपने बांद्रा स्थित आवास से लापता हो गए हैं। कोलवांकर 76 साल के हैं और डिमेंशिया से पीड़ित हैं।
पुलिस ने कोलवांकर के बारे में जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस अधीक्षक रमेश खिलारे के मुताबिक, कोलवांकर पांच सितंबर को अपने घर से फूल खरीदने के लिए निकले थे। लेकिन वापस नहीं लौटे। इसके बाद उनकी पत्नी वैशाली ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में कोलवांकर को बांद्रा स्टेशन पर ट्रेन पर चढ़ेत हुए और सांता क्रूज पर उतरते हुए देखा गया। इसके बाद वह इलाके में घूमे और फिर एक ट्रेन से वापस बांद्रा आए। आखिरी बार उन्हें बांद्रा पश्चिम की ओर से स्टेशन से बाहर निकलते हुए देखा गया।
मुंबई: गणेशोत्सव में कोलकाता के आरजी कर अस्पताल की झलक
मुंबई के गणेश महोत्सव में कोलकाता के आरजी कर अस्पताल की झलक दिखाई दे रही है। कलिना में एक घर में 10 दिवसीय उत्सव के दौरान स्थापित गणपति की मूर्ति के साथ सजावट ध्यान आकर्षित कर रही है, क्योंकि यह महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मुद्दे पर आधारित है। 9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना सामने आई थी।
इस घटना ने राष्ट्रीय स्तर पर आक्रोश पैदा कर दिया है, हाल ही में कई राज्यों में डॉक्टर हड़ताल पर चले गए हैं और नागरिक समूह पीड़िता के लिए न्याय की मांग को लेकर रोजाना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
शुभम वनमाला (28) ने कहा, 'कोलकाता की भयावहता और देश भर में कुछ अन्य घटनाओं ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इसलिए मैंने इस बार गणपति उत्सव की सजावट के लिए इस थीम को चुना। सजावट पूरी करने में मुझे 15 दिन लगे। इसमें महिलाओं के खिलाफ अपराध की थीम पर पोस्टर, सुप्रीम कोर्ट के कार्डबोर्ड मॉडल, आरजी कर सुविधा, पश्चिम बंगाल विधानसभा और लेडी ऑफ जस्टिस की एक मूर्ति है।' 7 सितंबर से शुरू हुआ यह उत्सव 17 सितंबर को समाप्त होगा।