पुणे: संभाजी छत्रपति, शेट्टी और विधायक काडू ने 'परिवर्तन महाशक्ति' का किया गठन
वहीं, पूर्व सांसद संभाजी छत्रपति, राजू शेट्टी और निर्दलीय विधायक बच्चू काडू ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र में महायुति (सत्ताधारी गठबंधन) और विपक्षी महा विकास अघाड़ी के विकल्प के रूप में 'परिवर्तन महाशक्ति'के गठन का एलान किया। पूर्व राज्यसभा सांसद छत्रपति ने कहा कि महाराष्ट्र के लोग बैचेन हैं और बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा, लोग दो राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और दो शिवसेनाओं की मौजूदगी से उलझन में हैं। दो गुट सत्ता में हैं और दो विपक्ष में हैं। इसलिए, हमने परिवर्तन महाशक्ति बनाया है। इसकी पहली सार्वजनिक बैठक 26 सितंबर को होगी।
उन्होंने कहा कि मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे और वंचित बहुजन अघाड़ी के नेता प्रकाश आंबेडकर को भी इस नए मोर्चे में शामिल होना चाहिए। संभाजी छत्रपति ने कहा कि उन्होंने जरांगे से मुलाकात की है और उनके साथ राजनीतिक चर्चा की है। उन्होंने कहा, मैंने उन्हें बताया कि हमारे उद्देश्य समान हैं। किसी को हराने के बजाय हमें अपने उम्मीदवारों को जिताने की दिशा में काम करना चाहिए, ताकि वे विधानसभा में लोगों की चिंताओं को उठा सकें। हमें भरोसा है कि जरांगे हमारे साथ जुड़ेंगे।
मुंबई: छात्र की ईमेल आईडी हैक कर पोलैंड के वाणिज्य दूतावास को भेजे गए अभद्र संदेश
मुंबई में एक अज्ञात व्यक्ति ने एक छात्र का ईमेल खाता हैक कर पोलैंड के वाणिज्य दूतावास और एक चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय को अधिकारियों को अभद्र संदेश भेजे। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
छात्र हिरन भुंजे (18 वर्षीय) की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। यह घटना तब सामने आई, ब भुंजे ने पार्क साइट पुलिस थाने में ईमेल हैकिंग की शिकायत दर्ज कराई। घाटकोपर (पश्चिम) के रहने वाले भुंजे ने 12वीं की परीक्षा पास की है और वह पोलैड में एमबीबीएस की पढ़ाई करना चाहता है। उसने मेडिकल शिक्षा के लिए वीजा का आवेदन किया था और सभी जरूरी विवरण, जिसमें उसका ईमेल आईडी भी शामिल था, जमा किया था। वह पोलैंड के एक चिकित्सा विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ अपने ईमेल के जरिए प्रवेश के लिए संपर्क में था।
अधिकारी ने बताया कि मंगलवार रात 11.25 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने अवैध रूप से भुंजे के ईमेल खाते तक पहुंच हासिल की और पोलैंड के वाणिज्य दूतावास और विश्वविद्यालय के अधिकारियों को अभद्र ईमेल भेजे। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने ईमेल भेजकर छात्र के करियर को नुकसान पहुंचाने, उसके प्रवेश और वीजा आवेदन को रोकने की कोशिश की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आईटी अधिनियम से जुड़ी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की और जांच की जा रही है।
महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने दावा किया कि राज्य सरकार मुख्य सचिव सुजाता सौनिक पर इस्तीफा देने का दबाव डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सरकार अपने फैसलों का विरोध करने और कट प्रैक्टिस का विरोध करने के लिए उनसे इस्तीफा मांग रही है। दानवे ने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को चिट्ठी लिखकर अपनी चिंता व्यक्त की और जांच की मांग की। दानवे ने अपनी चिट्ठी में दावा किया कि अगर सुजाता सौनिक इस्तीफा देती है तो उनके पति मनोज सौनिक( पूर्व मुख्य सचिव) को अहम पद दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि अगर सुजाता सौनिक इस्तीफा नहीं देती है तो उनके पति को फंसाया जा सकता है।
भारत का स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पश्चिमी नौसानिक बेड़े में शामिल हो गया। इसके साथ ही अरब सागर में समुद्री शक्ति अब मजबूत स्थिति में पहुंच गई। भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। इसके साथ ही भारतीय नौसेना के पश्चिमी फ्रंट के पास आईएनएस विक्रांत और आईएनएस विक्रमादित्य दो विमानवाहक हैं। दोनों विमानवाहक पोत कर्नाटक के कारवार में हैं। नौसेना के एक अधिकारी ने बताया कि आईएनएस विक्रमादित्य जल्द ही मरम्मत के लिए जाएगा।
ठाणे के एक व्यापारी से एक अन्य व्यापारी ने 1.27 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। वर्तक पुलिस स्टेशन में आंध्र प्रदेश के एक व्यापारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई की। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी अजय कुमार मांगी ने अमेरिकी डॉलर में रिटर्न का वादा करते हुए बांग्लादेश में बजरी की आपूर्ति करने के सौदे का लालच दिया।
व्यापारी ने 2021 से 2023 के बीच 1.27 करोड़ रुपये बजरी की सप्लाई की, लेकिन कॉन्ट्रैक्ट के अनुसार, मांगी ने दूसरी पार्टी को सामग्री बेच दी और शिकायतकर्ता को पैसे नहीं दिए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पुणे शहर के बुधवार पेठ इलाके में सिटी पोस्ट ऑफिस के परिसर का एक हिस्सा धंसने से एक ट्रक गड्ढे में उल्टा गिर गया। जानकारी के मुताबिक ट्रक पुणे नगर निगम का है और जल निकासी सफाई के काम के लिए वहां गया था। इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है क्योंकि चालक वाहन से बाहर कूदने में कामयाब रहा।