Mumbai: चार सितंबर को देवनार में बूचड़खाने बंद रहेंगे
जैन समुदाय के पर्यूषण पर्व को देखते हुए मुंबई के देवनार बूचड़खाने चार और सात सितंबर को बंद रहेंगे। बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए, महानगर के नागरिक प्रमुख ने शुक्रवार को एक आदेश जारी किया है।
ठाणे: पत्नी का आरोप- पति ने मेरी और प्रेमी के साथ अंतरंग क्लिप बनाई
ठाणे में एक महिला ने अपने पति पर आरोप लगाया है कि उसने महिला के प्रेमी के साथ अंतरंग क्लिप बनाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला डोबिवली का है। जहां 35 साल की एक महिला की शिकायत के आधार पर पति के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत ताक-झांक, मानहानि और अन्य अपराधों में मामला दर्ज कर लिया गया है।
Mumbai: 18 मुठभेड़ों में शामिल हार्डकोर नक्सली ने गढ़चिरौली में किया आत्मसमर्पण
हार्डकोर नक्सली केदार उर्फ मन्या किंजो नैतम ने शुक्रवार को गढ़चिरौली पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि वह कम से कम 18 मुठभेड़ों में शामिल था और उसके नाम पर 34 मामले दर्ज हैं, जिनमें आगजनी के दो और हत्या के आठ मामले शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक केदार 2007 में नक्सली आंदोलन में शामिल हुआ था और टिपदाग सलाम का सक्रिय सदस्य था। उसने धनोरा में प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) के वेस्ट सब जोनल ब्यूरो में सक्रिय रूप से भाग लिया था।
कॉलेज में प्रवेश के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में प्रशासनिक अधिकारी गिरफ्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शहर के एक कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी को एक व्यक्ति से बेटी का दाखिला कराने के लिए कथित तौर पर 50,000 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान घाटकोपर स्थित रामनिरंजन झुनझुनवाला कॉलेज ऑफ आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स में कार्यरत रवींद्रनाथ सिंह के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता की बेटी कॉलेज में कॉमर्स स्ट्रीम की 11वीं कक्षा में प्रवेश लेना चाहती थी। मगर उसका नाम शॉर्टलिस्ट किए गए छात्रों की सूची में नहीं था। इसलिए लड़की और उसके पिता कॉलेज गए और सिंह से मिले और उनसे इस प्रक्रिया में मदद करने का अनुरोध किया। पीड़िता ने बाद में स्थानीय विधायक से भी मुलाकात की, जिन्होंने कॉलेज को संबोधित एक सिफारिशी पत्र दिया और कहा कि वह उनकी बेटी का दाखिला दिलाने में मदद करे।
जब पीड़ित प्रशासनिक अधिकारी सिंह से दोबारा मिला, तो उन्होंने शुरू में उससे 1.50 लाख रुपये की मांग की, लेकिन बाद में 50 हजार रुपये में मान गया। शिकायतकर्ता ने तब भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी से संपर्क किया, जिसने उसकी शिकायत का सत्यापन किय और जाल बिछाकर सिंह को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। उन्हें भ्रष्टाचार निरोधक कानून की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था।
ठीक से न लिखने पर शिक्षिका ने छात्रा को मारा थप्पड़, मामला दर्ज
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने ट्यूशन पढ़ाने वाली एक महिला शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने बताया कि शिक्षिका ने छह साल की छात्रा को ठीक से नहीं लिख पाने पर पैमाने से मार दिया। घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे सगांव में हुई।
मानपाड़ा पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा कि शिक्षिका सारिका घाग ने बच्ची को पैमाने से मारा और अच्छी तरह से पढ़ाई नहीं करने और ठीक से लिखने में असमर्थ होने के लिए उसके कान पर भी मारा। घर लौटने के बाद बच्ची ने मां से शिकायत की। इस पर उसके माता-पिता ने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।