पालघर पुलिस ने 104 खोए और चोरी हुए मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए
महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 104 खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटा दिए हैं। इन मोबाइल की कुल कीमत करीब 20.40 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ये सभी मोबाइल केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल की मदद से ढूंढे गए। यह एक डिजिटल सिस्टम है, जो चोरी या खोए हुए मोबाइल को ब्लॉक, ट्रैक और रिकवर करने में मदद करता है।
इन मोबाइलों को गुरुवार को पालघर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में लौटाया गया। कोकण रेंज के विशेष पुलिस महानिरीक्षक संजय दराडे ने खुद लोगों को उनके मोबाइल फोन सौंपे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सीईआईआर पोर्टल के सही इस्तेमाल से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ी है और लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।
पुणे में महिला ने अपने ससुर पर लगाए गंभीर आरोप
पुणे में एक महिला ने अपने ससुर पर शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि उसका पति नपुंसक है और उसके ससुर ने बच्चे के लिए उसका उत्पीड़न किया और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। आरोपी सेवानिवृत्त सहायक पुलिस आयुक्त है। बहू की शिकायत पर पूर्व पुलिस अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि शिकायत में न केवल सेवानिवृत्त अधिकारी, बल्कि पीड़िता के पति और सास के खिलाफ भी आरोप शामिल हैं।
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया है कि उसका पति बच्चा पैदा करने में असमर्थ है। महिला का कहना है कि डॉक्टर से परामर्श लेने या प्रजनन संबंधी उपचार जैसे विकल्पों पर विचार करने के बजाय, उसके पति और सास ने उसके ससुर के माध्यम से उस पर बच्चा पैदा करने का दबाव डाला।
महिला ने ससुर पर बिना सहमति के बार-बार उसके कमरे में घुसने और पोते-पोती की इच्छा पूरी करने के बहाने यौन संबंध बनाने की मांग करने का आरोप लगाया है। महिला की शादी पांच महीने पहले हुई थी। महिला ने शिकायत में बताया कि हनीमून के दौरान उसके पति ने शारीरिक संबंध बनाने से इनकार कर दिया। महिला ने पति के नपुंसक होने का दावा किया। महिला ने बताया कि उसके ससुर की हरकतों को उसके पति और सास का भी समर्थन था।