शिवसेना (यूबीटी) की नव-निर्वाचित नगरसेविका शीतल म्हस्के ने गुरुवार को उन खबरों को गलत बताया, जिनमें कहा जा रहा था कि वह पार्टी से संपर्क में नहीं हैं या कहीं गायब हो गई हैं। उन्होंने साफ कहा कि वह पूरी तरह पार्टी के साथ हैं और कहीं भी नजरबंद नहीं हुई थीं।
शीतल म्हस्के ने बताया कि चुनाव जीतने के बाद वह तीर्थ यात्रा पर गई थीं। इस दौरान पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यों में व्यस्त रहने के कारण उनका फोन बंद या नेटवर्क से बाहर रहा होगा, इसलिए लोग उनसे संपर्क नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि इसमें कोई राजनीतिक मतलब निकालना गलत है। उन्होंने बताया कि बुधवार देर रात लौटने के बाद उन्होंने पार्टी सचिव मिलिंद नार्वेकर से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे से भी भेंट की और उन्हें अपनी स्थिति की पूरी जानकारी दी।
शीतल म्हस्के मुंबई के चांदिवली इलाके के वार्ड नंबर 157 से चुनी गई हैं। 15 जनवरी को हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव में उन्होंने 14,749 वोट हासिल किए और भाजपा की उम्मीदवार आशा तायडे को हराया। उन्होंने कहा कि वह अपने क्षेत्र की जनता के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगी और पार्टी को मजबूत बनाने में जुटी रहेंगी। साथ ही उन्होंने अपील की कि बिना पुष्टि के अफवाहें न फैलाई जाएं, क्योंकि इससे भ्रम और गलतफहमी फैलती है।
एल्गार परिषद मामला: हाईकोर्ट ने दो कार्यकर्ताओं को जमानत दी
बॉम्बे हाईकोर्ट ने शुक्रवार को एल्गार परिषद माओवादी संबंध मामले में आरोपी कार्यकर्ताओं सागर गोरखे और रमेश गाइचोर को जमानत दी। अदालत ने यह कहते हुए जमानत दी कि मामले के अन्य आरोपियों को भी इसी तरह की राहत मिल चुकी है। सागर गोरखे और रमेश गाइचोर को सितंबर 2020 में गिरफ्तार किया गया था और वे फिलहाल तलोजा जेल में बंद हैं।
इन दोनों पर प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के सक्रिय सदस्य होने का आरोप है। न्यायमूर्ति एएस गडकरी की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि इस मामले में कई अन्य आरोपियों को लंबी हिरासत और निकट भविष्य में मुकदमे की सुनवाई शुरू होने की संभावना न होने के आधार पर जमानत दी जा चुकी है। हाईकोर्ट ने कहा, इसलिए समानता के आधार पर दोनों अपीलकर्ता (गोरखे और गाइचोर) भी जमानत पर रिहा किए जाने के हकदार हैं। कोर्ट ने दोनों को एक-एक लाख रुपये का जमानती बांड भरने और महीने में एक बार राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के कार्यालय में हाजिरी लगाने का निर्देश दिया है।