नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) पर पहली बार अंतरराष्ट्रीय मालवाहक उड़ान को सफलतापूर्वक उतारा गया। हांगकांग एयर कार्गो की उड़ान इस हवाई अड्डे पर पहुंचने के साथ ही इस एयरपोर्ट ने वैश्विक व्यापार केंद्र के रूप में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। रविवार को हांगकांग से पहली फ्लाइट आने के बाद NMIA लॉजिस्टिक्स का प्रवेश द्वार बन गया। एनएमआईए 13 नई मालवाहक सेवाएं मुहैया कराने की दिशा में बढ़ रहा है। हांगकांग और नवी मुंबई के बीच तीन साप्ताहिक सेवाएं संचालित की जाएंगी। एयरबस ए330-200एफ मालवाहक विमान की मदद से एक बार में लगभग 60 टन खेप ले जाई जा सकेगी। एनएमआईए ने 15 जुलाई को अबू धाबी के लिए पहली अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ान भी शुरू की थी। इसके बाद 1 अगस्त को शारजाह के लिए इंडिगो कार्गो की पहली समर्पित मालवाहक उड़ान शुरू हुई, जिससे 20 टन सामान ले जाया गया। एनएमआईए एशिया, यूरोप और पश्चिम एशिया के प्रमुख 16 गंतव्यों के लिए अपनी सेवाओं का तेजी से विस्तार कर रहा है।
सड़क दुर्घटना में हाथ गंवाने वाले व्यक्ति को 23.83 लाख रुपये मुआवजा
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) ने चार साल पहले सड़क दुर्घटना में एक हाथ गंवाने वाले 45 वर्षीय व्यक्ति को 23.83 लाख रुपये का मुआवजा दिया है। कल्याण के न्यायाधिकरण सदस्य वी एस देशमुख के 13 अगस्त के आदेश की प्रति रविवार को उपलब्ध हुई। दावा के अनुसार, जगन रामा जाधव कल्याण-मुर्बाद रोड पर स्कूटर चला रहे थे, तभी एक ट्रक ने उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में उनका बायां हाथ कट गया। बीमा कंपनी ने जाधव को दोषी ठहराया, पर न्यायाधिकरण ने ट्रक चालक को कसूरवार माना। पीड़ित की कमाई की क्षमता 60 फीसदी कम हुई। न्यायाधिकरण ने जाधव को आवेदन की तारीख से भुगतान तक 6 फीसदी वार्षिक ब्याज के साथ 23.83 लाख रुपये मुआवजे का आदेश दिया।
जन्मदिन के केक में छिपकली, 11 लोग बीमार हुए; स्थिति खतरे से बाहर
महाराष्ट्र के नालासोपारा में जन्मदिन का केक खाने के बाद 11 लोग बीमार पड़ने गए। इस मामले में विजयलक्ष्मी अस्पताल की निदेशक डॉ. विद्या सावंत ने बताया कि कल शाम लगभग 8 बजे 11 मरीज़ आए, जिसमें सात बच्चे और चार वयस्क शामिल थे। वे शाम 4 या 5 बजे के आसपास एक जन्मदिन पार्टी में गए थे जहां केक खाने के बाद सेहत खराब हुई। पीड़ितों ने दावा किया कि उन्हें केक में एक छिपकली मिली। कई मरीज़ों को सिरदर्द, पेट दर्द, दस्त और उल्टी जैसे लक्षण महसूस हुए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया... किसी की भी हालत गंभीर नहीं है और इलाज के बाद सभी खतरे से बाहर हैं।
जुलाई में बांग्लादेश भेजी गई महिला मुंबई में फिर पकड़ी गई, अवैध तरीके से भारत लौटी
मुंबई पुलिस ने एक 27 वर्षीय बांग्लादेशी महिला को कथित तौर पर बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला को जुलाई 2026 में भारत से बांग्लादेश डिपोर्ट किया गया था, लेकिन वह कथित तौर पर अवैध रास्ते से दोबारा भारत में दाखिल होकर मुंबई पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान नादिरा सुल्ताना (27) के रूप में हुई है। 15 अगस्त को गामदेवी पुलिस थाने को सूचना मिली थी कि गिरगांव चौपाटी के फुटपाथ के पास एक संदिग्ध बांग्लादेशी महिला घूम रही है। पुलिस के अनुसार, महिला ने यह भी कथित तौर पर स्वीकार किया कि भारत में प्रवेश करने के लिए उसके पास कोई वैध यात्रा दस्तावेज नहीं था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए से मिलती-जुलती महिला को पाया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर अपनी पहचान और पते को लेकर टालमटोल किया, जिसके बाद उसे पूछताछ के लिए गामदेवी पुलिस थाने ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, महिला ने अपनी पहचान नादिरा सुल्ताना के रूप में बताई और शुरुआत में नवी मुंबई के कोपरखैरने का पता बताया। पुलिस ने उससे भारतीय नागरिकता साबित करने वाले दस्तावेज पेश करने को कहा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सकी।
इसके बाद पूछताछ में उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह बांग्लादेशी नागरिक है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने बताया कि उसे जुलाई 2026 में गोवंडी पुलिस ने भारत से डिपोर्ट कर बांग्लादेश भेज दिया था।पुलिस का दावा है कि बांग्लादेश लौटने के कुछ समय बाद महिला कथित तौर पर जंगल के रास्ते से भारत में दोबारा दाखिल हो गई और मुंबई पहुंच गई। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर अपना मूल परिचय नादिरा सुल्ताना, पिता शाहिद फकीर और मां रीना बेगम के रूप में बताया। उसने बांग्लादेश में अपना पता केकरिया गांव, सुल्तान शाही पोस्ट, गोपालगंज थाना, गोपालगंज जिला बताया।
मुंबई में आयकर भवन की बिल्डिंग में लगी आग, राहत और बचाव कार्य जारी
दक्षिणी मुंबई के चर्चगेट स्थित आयकर विभाग की सात मंजिला इमारत में सोमवार को आग लग गई। आग इमारत के बेसमेंट में लगी। गनीमत ये रही कि आग से कोई हताहत नहीं हुआ और इमारत की ऊपरी मंजिलों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि आग दोपहर 2 बजे के करीब लगी। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।
ठाणे में स्कूल वैन पर गिरा मलबा, बड़ा हादसा टला
ठाणे में एक निर्माणाधीन मेट्रो साइट का मलबा एक स्कूल वैन पर गिर गया। इससे स्कूल वैन क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत ये रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मलबे में एक पत्थर और कंक्रीट का स्लैब व्यस्त रोड पर गिर गया, जिससे सड़क पर चल रही स्कूल वैन चपेट में आ गई। मलबे की वजह से वैन क्षतिग्रस्त हो गई। वैन में स्कूली बच्चे भी सवार थे, लेकिन किसी को चोट नहीं आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अथावले बोले- भाजपा और एनसीपी के नए चेहरों को मिल सकती है जगह
केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के प्रमुख रामदास अथावले ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में जल्द ही फेरबदल हो सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि भाजपा और उसकी सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के कुछ नए चेहरों को सरकार में शामिल किया जा सकता है। अथावले ने कहा कि भाजपा संगठन में हालिया बदलाव के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी जल्द फेरबदल की संभावना है। उन्होंने शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) से वैचारिक मतभेद दूर कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल होने की अपील भी की।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ने कहा कि वह चाहते हैं कि एनसीपी (एसपी) सरकार का हिस्सा बने। उन्होंने कहा कि अगर शरद पवार एनडीए में शामिल नहीं होते हैं तो उनकी पार्टी के आठ सांसदों को गठबंधन में आ जाना चाहिए। अथावले ने कहा कि वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन विकास को मजबूत करने के लिए एनसीपी (एसपी) को एनडीए का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने अपने उदाहरण के साथ पूर्व एनडीए सहयोगियों जॉर्ज फर्नांडिस, नीतीश कुमार, शरद यादव, ममता बनर्जी और नवीन पटनायक का भी उल्लेख किया।
उन्होंने आरक्षण को खत्म करने की मांग पर भी चिंता जताई। अथावले ने कहा कि आरक्षण संविधान से मिला अधिकार है और इसे खत्म करने की मांग करने वालों के खिलाफ सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
नासिक में गड्ढों से हुई मौतों पर अधिकारियों और ठेकेदारों पर लगेगा गैर इरादतन हत्या का केस
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने सोमवार को नासिक में सड़कों की खराब हालत और गड्ढों को लेकर महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के कारण 10 लोगों की जान जा चुकी है। राउत ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के मामले दर्ज करने की मांग की।
राज्यसभा सांसद ने नासिक नगर निगम मुख्यालय तक ‘जन आक्रोश मोर्चा’ का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और कुंभ मेला मंत्री गिरीश महाजन पर भी निशाना साधा। उन्होंने 2027 में होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले से जुड़े कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। मोर्चे में सैकड़ों नागरिक और शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ता शामिल हुए। यह मार्च शालीमार चौक स्थित पार्टी कार्यालय से शुरू होकर नासिक नगर निगम मुख्यालय राजीव गांधी भवन पहुंचा।
राउत ने आरोप लगाया कि सिंहस्थ कुंभ मेले के नाम पर शहर में चल रहे काम और सड़कों के गड्ढों के कारण 10 निर्दोष लोगों की जान गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने सड़कों के गड्ढे तक नहीं भरे और ऐसे में कुंभ मेले के आयोजन की तैयारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कुंभ मेले का बजट 15,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 45,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है। राउत ने शौचालय निर्माण की संख्या बढ़ने का भी दावा करते हुए इसमें 10,000 वीआईपी शौचालय शामिल होने पर सवाल उठाया। प्रदर्शन के बाद शिवसेना (यूबीटी) के नगरसेवकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नासिक नगर निगम आयुक्त से मुलाकात की और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
मुंबई में BEST बस ने छह वाहनों को मारी टक्कर, हादसे में तीन लोग घायल
मुंबई के अंधेरी इलाके में सोमवार दोपहर BEST की एक इलेक्ट्रिक बस ने छह वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना दोपहर करीब 12 बजे गोखले ब्रिज सिग्नल के पास हुई।
BEST के मुताबिक, निजी ऑपरेटर की वेट-लीज बस सिग्नल पर खड़ी थी। चालक ने जैसे ही हैंडब्रेक छोड़ा, बस अचानक आगे बढ़ गई और सामने खड़े चार ऑटो रिक्शा, एक कार और एक स्कूटर से टकरा गई। हादसे में एक ऑटो चालक, एक पैदल यात्री और स्कूटर सवार घायल हुए। बस के कंडक्टर ने पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद घायलों को नगर निगम के कूपर अस्पताल ले जाया गया।
घायलों की पहचान 55 वर्षीय एनुस शेख, 30 वर्षीय मनोजकुमार बजदेव और 20 वर्षीय अनीस निसार धारी के रूप में हुई है। एनुस शेख की नाक में चोट आई, जबकि मनोजकुमार बजदेव की गर्दन और अनीस निसार धारी की कमर में चोट लगी।
नासिक: घर के पानी के टैंक में डूबीं दो मासूम बहनें
महाराष्ट्र के नासिक शहर में घर के पानी के टैंक में डूबने से दो मासूम बहनों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार को पंचवटी इलाके की शुभम कॉलोनी में हुई। दोनों बच्चियों के माता-पिता डॉक्टर हैं और घटना के वक्त क्लीनिक में थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घर लौटने के बाद मां ने दोनों बेटियों की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बच्चियां घर के पीछे बने पानी के टैंक में मिलीं। पड़ोसियों की मदद से मां ने दोनों को बाहर निकाला और तत्काल एक निजी अस्पताल ले गईं, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृत बच्चियों की पहचान वृत्ति विशाल सोनावणे (8) और स्वस्ति (5) के रूप में हुई है। मामले में म्हसरूल पुलिस थाने में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना की आगे जांच कर रही है।
मुंबई: इंस्टाग्राम के जरिए फर्जी एडमिशन रैकेट का पर्दाफाश, 10 गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में दाखिला दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पुणे में चल रहे दो फर्जी कॉल सेंटरों पर छापेमारी के बाद 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिले की तलाश कर रहे छात्रों और उनके माता-पिता को निशाना बनाता था। जांच में अब तक इस गिरोह से जुड़े छह मामले सामने आए हैं। इनमें दो मुंबई और नागपुर, दो उत्तर प्रदेश तथा एक-एक कर्नाटक और गुजरात से जुड़े हैं। मामला तब सामने आया जब पवई की 47 वर्षीय महिला ने पुलिस से शिकायत की। महिला का आरोप था कि आरोपियों ने उनके बेटे का IIIT हैदराबाद में दाखिला कराने का भरोसा देकर उनसे 16.50 लाख रुपये ठग लिए।
जांच के दौरान पुलिस ने पुणे के विमान नगर और खराड़ी इलाके में संचालित दो फर्जी कॉल सेंटरों पर छापा मारा। यहां से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड, हार्ड डिस्क, लैपटॉप, डेबिट कार्ड, जीआईओ बुक्स और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से 1.35 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति भी बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी इंस्टाग्राम विज्ञापनों के जरिए छात्रों और अभिभावकों की जानकारी जुटाते थे। इसके बाद व्हाट्सऐप पर संपर्क कर खुद को शिक्षण संस्थानों का प्रतिनिधि या अधिकारी बताकर उनसे मुलाकात करते थे।
आरोपियों पर टोकन मनी, एडवांस भुगतान और शैक्षणिक फीस के नाम पर रकम लेने का आरोप है। पुलिस को संदेह है कि गिरोह का नेटवर्क इससे कहीं बड़ा हो सकता है। मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पवई पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने कितने और छात्रों व अभिभावकों को अपना शिकार बनाया।
हिंगोली: 'स्कूल ठीक करो' अभियान के बाद सरकारी स्कूल में शुरू हुआ मरम्मत का काम
महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके के अपने गांव में सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्था का मुद्दा उठाने के बाद मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। दिपके ने 15 अगस्त को संतुक पिंपरी गांव स्थित जिला परिषद स्कूल का निरीक्षण कर बुनियादी सुविधाओं की कमी पर सवाल उठाए थे। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्कूल में ध्वजारोहण कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद परिसर का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं की टूटी खिड़कियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी की ओर ध्यान दिलाया। यह निरीक्षण उनकी पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान का हिस्सा था। इसके बाद स्थानीय ग्राम पंचायत ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी और स्कूल में जरूरी मरम्मत के निर्देश दिए।
संतुक पिंपरी के सरपंच विजय पुरी ने बताया कि अभिजीत दिपके ने स्कूल की सुविधाओं का जायजा लिया था। इसके बाद सामने आई कमियों को दूर करने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त खिड़कियां बदली जा रही हैं और खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को भी बदला जा रहा है। सरपंच के मुताबिक, स्कूल में नई खिड़की की चौखट लगाई जा रही है। इसके अलावा शौचालयों में पानी की कमी की समस्या भी सामने आई थी, जिसके समाधान के लिए वहां चौबीसों घंटे पानी की आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। राज्य शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी स्कूल प्रबंधन को सुविधाओं से जुड़े मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। स्कूल के प्रधानाध्यापक ने बताया कि उच्च अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।
मुंबई में बड़ी ड्रग्स बरामदगी: धारावी से दो आरोपी गिरफ्तार, 1.75 करोड़ रुपये की MD जब्त
मुंबई पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने धारावी इलाके में कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर MD ड्रग्स की तस्करी करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से बरामद नशीले पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत 1.75 करोड़ रुपये से अधिक है। एंटी-नारकोटिक्स सेल की एक गश्ती टीम ने शनिवार रात धारावी के होली मैदान के पास दो लोगों को संदिग्ध गतिविधियों में देखा। शक होने पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद गफ्फार अली और माहिर तसाक अली के रूप में हुई है। दोनों धारावी के रहने वाले बताए गए हैं।
तलाशी के दौरान उनके पास से ड्रग्स और गांजा बरामद हुआ। इसके बाद उनके घरों की भी तलाशी ली गई, जहां से अतिरिक्त नशीले पदार्थ मिलने की जानकारी अधिकारियों ने दी। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों के पास से 439 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.75 करोड़ रुपये बताई गई है।
इसके अलावा 423 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 16,920 रुपये आंकी गई है, भी जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए, जिनकी कुल कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी नशीले पदार्थ कहां से लाते थे और उनकी सप्लाई कहां की जाती थी।