फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: रायगढ़ में सरकारी सर्वेक्षक रिश्वत लेते पकड़ा; ठाणे में लूट करने वाले पांच आरोपी केरल से गिरफ्तार

Fri, 18 Apr 2025 11:41 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में सरकारी भूमि अभिलेख कार्यालय के एक सर्वेक्षक को 50,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के अधिकारी ने बताया कि म्हसला में तैनात आरोपी विशाल भीमा रसाल (29) ने वरवत्ने गांव में एक भूखंड को मापने और जमीन से संबंधित दस्तावेज जारी करने के लिए रिश्वत की मांग की थी। एसीबी के पुलिस उपाधीक्षक शशिकांत पडावे ने बताया कि जमीन मालिक द्वारा भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी से संपर्क करने के बाद उन्होंने जाल बिछाया। आरोपी को गुरुवार को राज्य परिवहन बस स्टैंड पर रिश्वत की रकम लेते हुए गिरफ्तार किया गया। रसल पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

विज्ञापन


ठाणे में 30 लाख रुपये की लूट के मामले में केरल से पांच लोग गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे में 30 लाख रुपये की लूट के सिलसिले में केरल से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमरसिंह जाधव ने बताया कि अपराध को 21 फरवरी को अंजाम दिया गया था। मुंबई की एक निजी कंपनी के कर्मचारी को ठाणे रेलवे स्टेशन के पास पार्किंग में चार लोगों ने बंधक बना लिया। गिरोह ने पीड़ित से 30 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज समेत कई सूचनाओं पर काम करने के बाद ठाणे पुलिस ने हाल ही में केरल से पांच लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 7.5 लाख रुपये नकद और लूट के पैसे से खरीदे गए तीन लाख रुपये मूल्य के दो आईफोन बरामद किए। पांचों की पहचान कालीकट के विग्नेश पोकेन के (31) और सुहत मोइनुद्दीन खोया टीपी (31), कुन्नूर के प्रबुलदेव प्रेमकुमार पुल्लिवता (25) और अकिल कृष्णा पीवी (27) और कोझिकोड के सुबिलेश के बालकृष्णन (32) के रूप में की गई है। उन्हें 19 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

बेस्ट बस के अंदर महिला से छेड़छाड़ करने के आरोप में व्यक्ति हिरासत में
बेस्ट बस के अंदर एक महिला से छेड़छाड़ करने के आरोप में 31 वर्षीय एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को इस बारे में जानकारी दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि  घटना 10 अप्रैल को हुई जब बस प्रभादेवी से वर्ली जा रही थी। आरोपी व्यक्ति ने महिला यात्री को गलत तरीके से छुआ था। जब वह वर्ली पुलिस स्टेशन पहुंची, तो सीसीटीवी फुटेज आदि की जांच की गई और हमने पाया कि वह व्यक्ति वर्ली में उतरा था। हमने यह भी पाया कि वह इलाके में एक शिपिंग फर्म में काम कर रहा था। 
उन्होंने बताया कि बांद्रा ईस्ट निवासी इरफान हुसैन शेख को क्राइम ब्रांच यूनिट III की एक टीम ने वर्ली स्थित उसके कार्यालय से हिरासत में लिया गया। उस पर छेड़छाड़ और अन्य अपराधों का आरोप लगाया गया है।

चर्चगेट स्टेशन के बाहर बेस्ट ई-बस में आग
दक्षिण मुंबई में चर्चगेट स्टेशन के पास गुरुवार देर रात एक इलेक्ट्रिक बेस्ट बस में आग लग गई। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। 

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना महर्षि कर्वे रोड पर चर्चगेट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 के बाहर रात 9:50 बजे हुई। जानकारी पाते ही चार दमकल गाड़ियों और अन्य दमकल वाहनों को तैनात किया गया। इसके कुछ समय बाद आग बुझा दी गई। 

उन्होंने यह भी बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। बेस्ट बस MH-01 DR 1327 रूट नंबर 121 पर जे मेहता रोड की ओर जा रही थी। सभी आठ यात्रियों के साथ-साथ ड्राइवर और कंडक्टर को सुरक्षित निकाल लिया गया। 

विद्यालयों में हिंदी का विरोध करना गलत, मराठी रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता: अजीत पवार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने राज्यभर के मराठी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में पहली और पांचवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए हिंदी को तीसरी अनिवार्य भाषा बनाने का विरोध करने पर राजनीतिक दलों की आलोचना की है।

पवार ने कहा कि जो लोग इस फैसले का विरोध कर रहे हैं, वे वास्तविक मुद्दे न होने के कारण अनावश्यक विवाद खड़ा कर रहे हैं। पवार ने शुक्रवार को पिंपरी चिंचवड में चापेकर बंधुओं को समर्पित एक राष्ट्रीय स्मारक के उद्घाटन के मौके पर कहा, मराठी हमारी मातृ है और राज्य में हमेशा इसे पहली प्राथमिकता दी जाएगी।

हिंदी का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए पवार ने कहा, कुछ लोग हिंदी भाषा को लेकर विवाद इसलिए पैदा कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास करने के लिए और कुछ नहीं है। पूरे देश में अंग्रेजी का व्यापक रूप से इस्तेमाल होता है और इसी तरह कई राज्यों में हिंदी बोली जाती है। हालांकि, इस बात पर विवाद है कि हिंदी 'राष्ट्रभाषा' है या नहीं, लेकिन मैं उसमें नहीं पड़ना चाहता।

महाराष्ट्र सरकार ने निर्णय लिया है कि राज्यभर के मराठी और अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए तीसरी भाषा के रूप में हिंदी पढ़ना अनिवार्य होगा। यह दो भाषाओं के अध्ययन की परंपरा से हटकर है।

कक्षा 1-5 तक हिंदी अनिवार्य करने के खिलाफ मनसे ने किया प्रदर्शन
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की छात्र शाखा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नवी मुंबई में राज्य सरकार के उस फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें मराठी और अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में कक्षा एक से पांच तक के छात्रों के लिए तीसरी भाषा के रूप में हिंदी को अनिवार्य बनाया गया है।

वाशी में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने बैनर और तख्तियां लहराईं और सरकारी प्रस्ताव की प्रतियां जलाईं। उन्होंने राज्य प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन समृद्ध भाषाई विरासत वाले क्षेत्र में एक भाषा थोपने की कोशिश कर रहा है।

महाराष्ट्र कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया हिंदी थोपने का आरोप
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने शुक्रवार को भाजपा पर हिंदी थोपकर क्षेत्रीय भाषाओं और संस्कृति को खत्म करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महायुति सरकार को स्कूलों में तीसरी भाषा के रूप में हिंदी को अनिवार्य बनाने के फैसले को वापस लेना चाहिए।
विज्ञापन

मुंबई: कार्रवाई के डर से छात्रावास से कूदी 3 छात्राएं, 2 घायल
महाराष्ट्र के परभणी जिले के एक सरकारी स्कूल की आठवीं कक्षा की तीन छात्राओं ने आपसी झगड़े के बाद कार्रवाई के डर से छात्रावास की पहली मंजिल से कूद गईं, जिसमें दो घायल हो गईं। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार को गंगाखेड़ स्थित कस्तूरबा गांधी स्कूल में हुई। एक अधिकारी ने बताया, छात्राओं के बीच किसी मुद्दे को लेकर विवाद हो गया। कुछ छात्राओं ने उन्हें बताया कि छात्रावास निदेशक उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। यह सुनकर वे डर गईं और पहली मंजिल से कूद गईं। घटना में दो छात्राएं घायल हो गईं, जबकि तीसरी को छात्रावास के एक स्टाफ सदस्य ने सुरक्षित पकड़ लिया। घटना के बाद पुलिस ने छात्रावास का दौरा कर छात्राओं से पूछताछ की। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और छात्राओं के लिए काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें