महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक व्यक्ति से फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग स्कीम के नाम पर करीब 40.99 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस मामले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित (48 वर्षीय) की शिकायत के मुताबिक, उसे फेसबुक पर एक ट्रेडिंग का विज्ञापन दिखा। जब उसने उसमें रुचि दिखाई, तो उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया। वहां उसे धोखेबाजों ने आईपीओ में निवेश करने की सलाह दी।
इसके बाद मई और जून में पीड़ित ने कुल 40,99,814 रुपये कुछ बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में उसके अकाउंट में दिखाया गया कि उसका निवेश बढ़कर 88,39,072 रुपये हो गया है, लेकिन जब उसने पैसा निकालने की कोशिश की, तो वह ऐसा नहीं कर पाया। इसके बाद आरोपियों ने उससे कहा कि वह पूरी रकम निकालने से पहले 20 फीसदी टैक्स जमा करे। तब पीड़ित को समझ में आया कि उसके साथ धोखा हुआ है। वर्तक नगर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पैसे वापस पाने की कोशिश में असफल होने के बाद पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने रविवार को पीड़ित की शिकायत के आधार पर एक महिला समेत दो लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही आईटी अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं।
महिला ने पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया, मामला दर्ज
ठाणे में दहेज के लिए 33 वर्षीय एक महिला को कथित तौर पर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में एक व्यक्ति और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके ससुराल वालों और पति ने 2021 और 2022 के बीच उसे परेशान किया। आरोपियों ने महिला पर अपने भाई से 50 लाख रुपये लाने या घर छोड़ने का दबाव बनाया। शिकायत में कहा गया है कि परिवार के कुछ सदस्यों ने महिला के आभूषण अवैध रूप से अपने पास रख लिए और उसे जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है।
थर्मल पावर प्लांट में युवक की मौत
नागपुर जिले के खापरखेड़ा थर्मल पावर प्लांट में रविवार को एक फ्लैशओवर दुर्घटना हो गई। इस हादसे में एक इंजीनियर और एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने बताया तक यह घटना दोपहर में उस समय हुई जब सहायक इंजीनियर वैभव सोनुले (31) और मजदूर सचिन भगत (39) 6.6 केवी स्विचगियर रूम में एक खराबी का निरीक्षण कर रहे थे।
तभी अचानक हुए बिजली के विस्फोट में सोनुले और भगत गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य सुरक्षित बच गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल मामले में आंतरिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
उद्धव गुट के नेता का आरोप- ब्रेस्ट क्रेडिट सोसायटी चुनाव में बांटे जा रहे पैसे
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता संदीप देशपांड ने सोमवार को आरोप लगाया कि बेस्ट क्रेडिट सोसायटी के चुनाव में विपक्षी दलों की ओर से मतदाताओं को पैसे बांटे जा रहे हैं। इस चुनाव में मनसे और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) ने मिलकर गठबंधन बनाया है।
बेस्ट क्रेडिट सोसायटी का चुनाव आज हो रहा है। इस सोसायटी पर शिवसेना (उद्धव गुट) का नियंत्रण है। इसके सदस्य बेस्ट उपक्रम के कर्मचारी होते हैं। बेस्ट मुंबई में सार्वजनिक परिवहन और बिजली आपूर्ति देने वाली संस्था है। यह चुनाव ऐसे समय पर हो रहा है, जब राज्य में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उनके चचेरे भाई राज ठाकरे की पार्टी मनसे के बीच संबावित गठबंधन को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
संदीप देशपांड ने एक्स पर एक वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने दावा किया कि बेस्ट क्रेडिट सोसायटी के एक सदस्य को पर्चा मिला, जिसमें एक लिफाफा छिपा हुआ था और उसमें दो 500-500 रुपये के नोट थे। उन्होंने आरोप लगाया कि य.ह वोट खरीदने का खेल है। देशपांडे ने कहा कि चुनाव आयोग से इस मामले की शिकायत की जाएगी।