पालघर में BARC आवासीय परिसर के अंदर कार ने 73 वर्षीय महिला को कुचला
वहीं, बुधवार को महाराष्ट्र के पालघर जिले में भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) तारापुर के आवासीय परिसर के अंदर एक कार की चपेट में आने से 73 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पीड़िता की पहचान चायलता विश्वनाथ अरेकर के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब वह अपने पति के साथ मेडिकल जांच के लिए अस्पताल से बाहर निकल रही थी, तो उसी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर डॉ. ए. के. दास द्वारा कथित तौर पर चलाई जा रही कार अनियंत्रित हो गई और तेज गति से महिला को टक्कर मार दी। जिससेअरेकर की मौके पर ही मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और दास को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच की जाएगी कि दुर्घटना कार में यांत्रिक खराबी के कारण हुई या इसमें मानवीय लापरवाही बरती गई।
मुंबई: पश्चिमी रेलवे ने माहिम और बांद्रा के बीच पुल की मरम्मत के लिए मेगा ब्लॉक
माहिम और बांद्रा स्टेशनों के बीच पुल की "री-गर्डरिंग" के लिए मेगा ब्लॉक के कारण 11 और 12 अप्रैल तथा 12 और 13 अप्रैल की मध्य रात्रि को बड़ी संख्या में उपनगरीय और लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित होंगी। पश्चिमी रेलवे ने बुधवार को इस बारे में जानकारी दी। रेलवे ने जारी बयान में बताया कि प्रत्येक रात ब्लॉक की अवधि 9.30 घंटे होगी। 11 अप्रैल को ब्लॉक रात 11 बजे शुरू होगा और अगले दिन सुबह 8.30 बजे समाप्त होगा। 12 अप्रैल को ब्लॉक रात 11.30 बजे शुरू होगा और अगले दिन सुबह 9 बजे समाप्त होगा।
सिलिंडर फटने से घर में लगी आग, पिता-पुत्र की गई जान
महाराष्ट्र के पुणे में एक घर में सिलिंडर फटने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसा मंगलवार देर रात वारजे इलाके में हुआ। धमाके के बाद घर में आग लग गई। अग्निशमन दल ने बाद में उस पर काबू पाया। एक अधिकारी ने बताया कि जब हम मौके पर पहुंचे तो विस्फोट के कारण दोनों बुरी तरह झुलसे मिले। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा, हादसे के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया। जांच जारी है।