फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: ठाणे में दो नाबालिगों पर हत्या के आरोप; मुंब्रा में 'फलस्तीन एकता' मार्च, 35 लोगों पर मामला दर्ज

Sun, 30 Mar 2025 12:39 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के ठाणे के शाहपुर इलाके में एक शादी समारोह में 21 वर्षीय एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। शव को नदी में फेंक दिया गया। इस मामले में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। शाहपुर पुलिस थाने के निरीक्षक जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि यह घटना 25 मार्च को काजगांव में हुई। उन्होंने बताया, ट्रैक्टर चालक बालू वाघ और हिरासत में लिए गए नाबालिगों में से एक के बीच समारोह में डांस करते समय बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि नाबालिग और उसके दोस्त ने पास की ही सुनसान जगह पर वाघ की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। उन्होंने शव को भटसा नदी में फेंक दिया और भाग गए। ठाकुर ने कहा, शव 26 मार्च को बरामद किया गया था। जांच दो 17 वर्षीय आरोपियों पर केंद्रित थी। भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या का आरोप लगाया गया है। दोनों अभी भिवंडी के एक रिमांड होम में हैं।

विज्ञापन


मुंब्रा में 'फलस्तीन एकता' मार्च, 35 लोगों पर मामला दर्ज
ठाणे जिले के मुंब्रा शहर में सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) के बैनर तले फलस्तीन की एकता के लिए मार्च निकाला गया। अवैध रूप से फलस्तीन की एकता के समर्थन में मार्च निकालने वाले लोगों के एक समूह के खिलाफ पुलिस ने रविवार को बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मुंब्रा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि 28 मार्च को हुए इस विरोध प्रदर्शन में भाग लेने वाले 35 लोगों में से 10 की पहचान कर ली गई है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मुंबई पुलिस अधिनियम की धारा 223 (लोक सेवक द्वारा विधिवत आदेश की अवज्ञा) और 126 (2) (गलत तरीके से रोकना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि उन्होंने एसडीपीआई के बैनर तले फिलिस्तीन की एकता के लिए मार्च निकाला और दुआ (प्रार्थना) सत्र का आयोजन किया। उन्होंने झंडे लहराए और मुंब्रा के अमृत नगर में एक मस्जिद के सामने विरोध प्रदर्शन किया।

ठाणे में प्रमिका से झगड़े के बाद युवक ने की आत्महत्या
महाराष्ट्र के ठाणे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जगां एक 18 वर्षीय युवक ने अपनी प्रेमिका से झगड़ा होने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। यह घटना शुक्रवार को मुंब्रा इलाके के अमृत नगर में हुई है। मामले में पुलिस ने बताया कि युवक अपनी गर्लफ्रेंड से मोबाइल फोन पर बात कर रहा था, जब दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद उसने कथित तौर पर अपने घर की छत से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है और दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

ठाणे में पुलिस ने जब्त की 53,550 रुपये की प्रतिबंधित कफ सिरप
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने 53,550 रुपये मूल्य की प्रतिबंधित कोडीन आधारित कफ सिरप की 238 बोतलें जब्त की हैं। यह सिरप एक 22 वर्षीय व्यक्ति अवैध रूप से मोटरसाइकिल पर ले जा रहा था। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर को शील दैघर इलाके के सिबली नगर में उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास दो बक्सों में रखी 238 बोतलें मिलीं। इसके अलावा, पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल, 1,800 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 124 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बीड में मस्जिद में जिलेटिन विस्फोट से गांव में बढ़ा तनाव
महाराष्ट्र के बीड जिले के अर्धा मसला गांव में रविवार सुबह एक मस्जिद में विस्फोट हुआ। पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने मस्जिद में जिलेटिन की छड़ें रखी थीं, जिससे यह विस्फोट हुआ। घटना सुबह करीब 2:30 बजे हुई, लेकिन राहत की बात यह है कि किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। विस्फोट से मस्जिद के अंदर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव फैलने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक नवनीत कंवत और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, जबकि बम डिस्पोजल और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया। साथ ही पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उन्होंने लोगों से अफवाहें न फैलाने की अपील की।

विज्ञापन

केरोसिन भरा टैंकर पुल से गिरा, चालक घायल
पालघर जिले में केरोसिन ले जा रहा एक टैंकर पुल से गिर गया। इस कारण सर्विस रोड पर कुछ घंटों तक यातायात बाधित रहा, एक अधिकारी ने बताया कि कासा पुलिस स्टेशन के इलाके में हुई दुर्घटना मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर मनोर इलाके में हुई। टैंकर दुर्घटना पर अधिकारी ने कहा कि चालक ने एक पुल पर टैंकर पर नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन साइडवॉल से टकरा गया और सर्विस रोड पर जा गिरा। सर्विस रोड पर बड़ी मात्रा में केरोसिन फैलने के कारण अधिकारियों को कुछ घंटों के लिए यातायात डायवर्ट करना पड़ा। आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ और स्थानीय अग्निशमन दल के कर्मियों ने बाद में सड़क को साफ किया। घायल टैंकर चालक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें