महाराष्ट्र की ड्राई क्लीनिंग दुकान में मिले पांच करोड़, बैंक प्रबंधक समेत नौ हिरासत में
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में एक ड्राई क्लीनिंग दुकान से बैंक के पांच करोड़ रुपये मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस सिलसिले में एक निजी बैंक प्रबंधक सहित नौ आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। एक अधिकारी ने बताया कि कुछ लोगों ने एक्सिस बैंक के शाखा प्रबंधक को लालच दिया था कि यदि वह उन्हें पांच करोड़ रुपये देते हैं तो वे उनको छह करोड़ रुपये देंगे। पुलिस ने बताया कि खुफिया सूचना पर एक टीम ने मंगलवार को तुमसर इलाके के इंदिरा नगर में स्थित ड्राई क्लीनिंग दुकान पर छापा मारा और एक बक्से में रखे पांच करोड़ रुपये जब्त किए। एसपी नूरुल हसन ने कहा, प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि प्रबंधक ने बैंक से नकदी निकाली है। हमने एक्सिस बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर दिया है और उनके तुमसर आने पर अन्य जानकारी मिल सकेगी। जांच जारी है।
कोल्हापुर में खीर खाने से 255 बीमार, 50 अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में खीर खाने से 255 लोग खाद्य विषाक्तता (फूड प्वॉइजनिंग) के शिकार हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। पुलिस ने बताया कि इनमें से 50 लोग अभी अस्पताल में भर्ती है। अधिकारी ने बताया कि शिवनाकवाडी गांव में मंगलवार को मेला लगा था, जहां प्रसाद में खीर मिली थी। दावा किया जा रहा है िक खीर खाने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ गई।
रेलवे ट्रैक पर सेल्फी लेने में बिजी था युवक पीछे से आ रही ट्रेन ने कुचल दिया
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रेलवे ट्रैक पर सेल्फी लेते समय ट्रेन की चपेट में आने से 24 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को इस बारे में जानकारी दी। कल्याण में रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को अंबरनाथ और बदलापुर स्टेशनों के बीच एक फ्लाईओवर के नीचे हुई।
जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंधारी कांडे ने कहा कि मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के मूल निवासी साहिर अली के रूप में हुई है। वो ठाणे के अंबरनाथ इलाके में अपने रिश्तेदारों से मिलने आया था।
मंगलवार को वह अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ सेल्फी और ग्रुप फोटो लेने के लिए फ्लाईओवर के नीचे रेलवे ट्रैक के पास गया था। उसी समय सेल्फी खींचते वक्त वह पीछे से आ रही तेज रफ्तार कोयना एक्सप्रेस को देख नहीं पाया और ट्रेन ने उन्हें कुचल दिया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है और इसकी जांच की जा रही है।
मर्चेंट नेवी कर्मी का मिला शव
5 फरवरी को मुंबई के ससून डॉक्स में एक 23 वर्षीय मर्चेंट नेवी के जवान का शव मिला। जिसके बाद उसकी मौत के कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, वह 3 फरवरी से लापता था और इसके बाद येलो गेट पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई थी।