फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra Updates: संजय राउत बोले- उदय सामंत को दावोस से वापस भेजें सीएम; पुणे में GBS के 35 नए संदिग्ध केस

Thu, 23 Jan 2025 11:06 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र में मुंबई पुलिस ने बांद्रा इलाके में एक होटल व्यवसायी से 2.5 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की कोशिश करने और उसे धमकी देने के आरोप में गैंगस्टर डीके राव और छह अन्य लोगों को गिरफ्तार किया। डीके राव गैंगस्टर छोटा राजन का सहयोगी है। उस पर जबरन वसूली समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। शहर अपराध शाखा के अधिकारी ने बताया कि बांद्रा पुलिस को 50 वर्षीय होटल व्यवसायी से शिकायत मिली थी कि राव और छह अन्य ने उसके प्रतिष्ठान पर कब्जा करने की साजिश रची, उससे 2.5 करोड़ रुपये की मांग की और उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ ही शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि राव उसे पिछले दो साल से प्रताड़ित कर रहा है। बार-बार धमकियां मिलने पर उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल मामले को पुलिस की जबरन वसूली विरोधी सेल को सौंप दिया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

विज्ञापन


पीएम मोदी और राउत ने बाला साहब को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिवसेना के संस्थापक बाला साहब ठाकरे की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने कहा कि बाला साहेब अपने मूल सिद्धांतों पर हमेशा अडिग रहे और कभी भी उससे समझौता नहीं किया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, मैं बालासाहेब ठाकरे जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। लोक कल्याण और महाराष्ट्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए उन्हें व्यापक रूप से सम्मानित और याद किया जाता है। उन्होंने आगे कहा, वह अपने मूल सिद्धांतों पर हमेशा अडिग रहे और कभी इससे समझौता नहीं किया। उन्होंने हमेशा भारतीय संस्कृति के गौरव को बढ़ाने में अपना योगदान दिया।

शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने बाला साहब ठाकरे की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, बाला साहेब ठाकरे को भारत रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया जाना चाहिए। शिवसेना (यूबीटी) नेता ने आगे कहा, अगर एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस जैसे लोग एक्स पर बाला साहेब ठाकरे को श्रद्धांजलि देते हैं तो यह सबसे बड़ा पाखंड है। शिवसेना बाला साहेब ठाकरे की जान है और उन्होंने इस पर हमला किया
विज्ञापन




संजय राउत ने साधा महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री पर निशाना
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने बुधवार को महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत पर निशाना साधा। उन्होंने सामंत पर तंज कसते हुए कहा कि वह भटकती आत्मा हैं। राउत ने महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस से मांग की कि वह सामंत को दावोस शिखर सम्मेलन से वापस भेजें, क्योंकि वह राज्य के लिए निवेश आकर्षित करने के बजाय शिवसेना (यूबीटी) को तोड़ने की बात करने में व्यस्त हैं। राउत ने कहा, 'दावोस से निवेश के बारे में विवरण देने के बजाय, वह (सामंत) इस बारे में बात कर रहे हैं कि उपमुख्यमंत्री ( एकनाथ शिंदे) से किसने मुलाकात की। सीएम को उन्हें वापस मुंबई भेज देना चाहिए।'

बता दें कि सामंत दावोस में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) में भाग लेने वाले फडणवीस के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं। सामंत ने दावा किया था कि पिछले 15 दिनों में शिवसेना (यूबीटी) के चार विधायक, तीन सांसद और कांग्रेस के पांच विधायक शिंदे से मिले हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के करीब 10 पूर्व विधायक और कई जिला इकाई प्रमुख एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं। कांग्रेस के जिला प्रमुख, पूर्व विधायक और सांसद भी शिंदे के संपर्क में हैं। सामंत ने दावोस से दावा किया था कि अगले तीन महीनों में वे शिवसेना में काम करेंगे।

पुणे में गिलियन-बैरे सिंड्रोम के 35 नए संदिग्ध मामले मिले
पुणे में बुधवार को गिलियन-बैरे सिंड्रोम (जीबीएस) के 35 नए संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिससे कुल मामलों की संख्या 59 हो गई है। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने पहले ही 24 संदिग्ध मामलों की रिपोर्ट के बाद इस बीमारी में अचानक वृद्धि की जांच के लिए रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) बनाई है। डॉक्टरों का कहना है कि जीबीएस एक दुर्लभ स्थिति है, जो अचानक सुन्नता और मांसपेशियों में कमजोरी का कारण बनती है, जिसमें अंगों में गंभीर कमजोरी जैसे लक्षण होते हैं। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कुल 59 मामलों में 38 पुरुष और 21 महिलाएं शामिल हैं। 12 मरीज फिलहाल वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। अधिकांश संदिग्ध मरीज 30 वर्ष की आयु के हैं। 

ठाणेः पांच करोड़ की एम्बरग्रीस के साथ तस्कर गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पांच करोड़ रुपये की एम्बरग्रीस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। एम्बरग्रीस यानी व्हेल की उल्टी, एक ठोस और मोम जैसा पदार्थ है। यह स्पर्म व्हेल की आंतों में उत्पन्न होता है। इसे ‘फ्लोटिंग गोल्ड’ भी कहा जाता है। इत्र बनाने में इसका इस्तेमाल होता है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमवार को राबोडी इलाके में नजर रखी गई और संदेह के आधार पर आरोपी नितिन मुतन्ना मोरेलू (53) को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान उसके पास पांच किलो एम्बरग्रीस मिली, जिसे वह बेचने की फिराक में था।

कोल्डप्ले कार्यक्रम के बाद नवी मुंबई नगर निगम ने 82 टन कचरा समेटा
नवी मुंबई नगर निगम (एनएमएमसी) ने बुधवार को बताया कि तीन दिवसीय कोल्डप्ले कॉन्सर्ट के बाद कुल 82 टन कचरा एकत्र किया गया है। नगर निगम के अनुसार नेरुल स्टेडियम, में आयोजित कॉन्सर्ट में कार्यक्रम में लाखों लोग शामिल हुए थे। इस क्षेत्र से कुल 82 टन और 150 किलोग्राम कचरा एकत्र किया गया। इसके अलावा, स्टेडियम के भीतर से एकत्र किए गए 20 टन से अधिक कचरे को अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र में ले जाया गया है।
एनएमएमसी ने 100 से अधिक सफाई कर्मचारियों की एक टीम तैनात की, जिन्होंने कार्यक्रम स्थल और आस-पास की सड़कों को साफ करने के लिए रात 10:30 बजे से सुबह 3 बजे तक काम किया। नवी मुंबई नगर निगम आयुक्त कैलाश शिंदे ने कहा, हमारे सफाई कर्मचारियों के समर्पण से हम शहर की स्वच्छ प्रतिष्ठा को बनाए रखने में सफल रहे। इसके लिए अन्य विभागों ने भी बहुत सहयोग दिया।

मुंबई में लीलावती अस्पताल ने किया 'लीलावती पहल' कार्यक्रम
मुंबई में लीलावती अस्पताल और अनुसंधान केंद्र द्वारा 'लीलावती पहल' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि लीलावती अस्पताल 1978 में खुला था। यह 330 बिस्तरों वाला अस्पताल है। यह हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे का पसंदीदा अस्पताल रहा है। उन्होंने अपनी बीमारी के दौरान यहीं इलाज कराया था। शिंदे ने कहा कि लीलावती अस्पताल और विश्व प्रसिद्ध मेयो क्लिनिक, अमेरिका, नर्सिंग-प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। यह न केवल स्वास्थ्य सेवा में एक नई शुरुआत करेगा, बल्कि मानवता की सेवा के मार्ग पर भी आगे बढ़ेगा। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि दावोस में विश्व आर्थिक मंच के कारण मैं इस महत्वपूर्ण अवसर का हिस्सा नहीं बन सका, लेकिन मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं। मुझे विश्वास है कि हमारे देश में यह पहला नर्सिंग-प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होने से नर्सिंग शिक्षा में बड़ा बदलाव आएगा और रोगी देखभाल के नए मानक स्थापित होंगे। यह हमारे लिए गर्व का पल है कि यह कार्यक्रम मुंबई में हो रहा है, जो हमेशा प्रगति और नवाचार में आगे रहा है।

लातूर के पोल्ट्री फॉर्म में मृत पाए गए 4200 मुर्गियों के बच्चे

महाराष्ट्र में लातूर के एक पोल्ट्री फार्म में 60 कौवों की बर्ड फ्लू से मौत होने के बाद 4,200 मुर्गियों के बच्चे मृत पाए गए। अहमदपुर तहसील के ढालेगांव गांव में पांच से छह दिन के बच्चे की मौत हो गई। शवों के नमूने राज्य पशु रोग निदान प्रयोगशाला में भेजे गए।

पुणे में अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों के खिलाफ अभियान शुरू
पुणे पुलिस ने शहर में सालों से अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी और विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बताया कि 2024 में 53 अवैध प्रवासी सामने आए। इसलिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सभी थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अवैध प्रवासियों की पहचान करें और उनका निर्वासन कराएं। इसके अलावा फर्जी आधार कार्ड और दस्तावेज बनाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। हाल ही में 36 वर्षीय बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा गया था। वह 20 साल से पुणे में रहकर गारमेंट का व्यवसाय कर रहा था। 
 

सामाजिक कार्यकर्ता पुष्पा अगाशे की सड़क हादसे में मौत
सामाजिक कार्यकर्ता पुष्पा अगाशे की गुरुवार को ठाणे में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि 73 वर्षीय अगाशे सुबह की सैर से लौट रही थीं, तभी एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया और जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। अगाशे ने परमाणु ऊर्जा विभाग में 28 साल तक काम किया और वर्ष 2008 में उन्हें परमाणु ऊर्जा विभाग का सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी पुरस्कार प्राप्त हुआ। वे 1981 से अपने पति श्रीपद अगाशे के साथ नेत्रदान के प्रति जागरूकता के लिए काम कर रही थीं। अंतिम संस्कार से पहले ठाणे सिविल अस्पताल में उनकी आंखें दान कर दी गईं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अपनी ऊर्जा नेत्रहीन छात्रों की मदद में लगा दी। पिछले दशक में वह प्लास्टिक कचरे के पुनः उपयोग और प्लास्टिक के उपयोग को सीमित करने के अभियान में सक्रिय रहीं। वह धन्य बैंक की सक्रिय सदस्य थीं, जो खाद्यान्न के माध्यम से वंचित लोगों की सहायता करती है।
विज्ञापन

बॉम्बे हाईकोर्ट ने नशे में कार चलाने के आरोपी को दी जमानत
बॉम्बे हाईकोर्ट ने नशे में कार चलाने के आरोपी को जमानत दे दी। कोर्ट ने आदेश दिया कि आरोपी तीन महीने तक हर सप्ताह के अंत में महानगर के व्यस्त सिग्नल पर एक बैनर लेकर खड़ा होगा। इस पर बैनर पर लिखा होगा कि शराब पीकर गाड़ी न चलाएं। न्यायमूर्ति मिलिंद जाधव ने आरोपी सब्यसाची देवप्रिय निशंक को एक लाख रुपये के मुचलके पर जमानत दे दी। एक निजी कंपनी में काम करने वाले आरोपी को नवंबर 2024 में नशे में कार चलाते हुए पकड़ा गया था। उसने दो पुलिस चौकियों पर अपनी गाड़ी से टक्कर मार दी थी। अदालत ने कहा कि निशंक ने आईआईएम लखनऊ से एमबीए किया है। वह एक अच्छे परिवार से आते हैं। वे दो महीने से हिरासत में हैं और उसके भविष्य को देखते हुए उसे अधिक कारावास में रखने की जरूरत नहीं है। उसने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। इसलिए उसे सामुदायिक सेवा करने का आदेश दिया गया है। 

निशंक को मध्य मुंबई में वर्ली नाका जंक्शन पर सिग्नल की निगरानी करने वाले यातायात अधिकारी को रिपोर्ट करना होगा, जो उन्हें तीन महीने तक हर शनिवार और रविवार को तीन घंटे के लिए सड़क के सामने फुटपाथ पर अच्छी तरह से रोशनी वाले स्थान पर खड़ा रहने के लिए नियुक्त करेगा। निशंक को अपने हाथ में एक बैनर लेना होगा। जिस पर रंगीन ग्राफिक छवि के साथ मोटे और बड़े अक्षरों में शराब पीकर गाड़ी न चलाएं लिखा होगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें