फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ranji Trophy Round Up: रोहित, यशस्वी, गिल और पंत फ्लॉप रहे, जडेजा-देसाई चमके; जानें कैसा रहा टीमों का प्रदर्शन

Thu, 23 Jan 2025 11:05 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

रोहित शर्मा (3), यशस्वी जायसवाल (4), शुभमन गिल (4) और ऋषभ पंत (1) का बल्ला खामोश रहा। वहीं, रवींद्र जडेजा ने सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए पहले पांच विकेट हासिल किए, इसके बाद बल्ले से धमाल मचाया और 38 रन बनाए। 
विज्ञापन
यशस्वी, रोहित और शुभमन - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रणजी ट्रॉफी 2024-25 का छठा दौर गुरुवार को शुरू हो गया। सभी की नजरें पहले दिन भारतीय स्टार खिलाड़ियों पर थीं, लेकिन ज्यादातर खिलाड़ी फ्लॉप साबित हुए। रोहित शर्मा (3), यशस्वी जायसवाल (4), शुभमन गिल (4) और ऋषभ पंत (1) का बल्ला खामोश रहा। वहीं, रवींद्र जडेजा ने सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए पहले पांच विकेट हासिल किए, इसके बाद बल्ले से धमाल मचाया और 38 रन बनाए। 
विज्ञापन


यहां हम आपको सभी टीमों के मैचों की जानकारी दे रहे हैं...

मुंबई बनाम जम्मू-कश्मीर
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का लाल गेंद के क्रिकेट में खराब फॉर्म जारी रहा और गुरुवार को रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप ए मैच में मुंबई ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में बढ़त गंवा दी। तेज गेंदबाजों की मददगार विकेट पर टॉस जीतकर बल्लेबाजी करना अजिंक्य रहाणे की अगुवाई वाली टीम के लिए महंगा साबित हुआ क्योंकि मुंबई की टीम महज 120 रन पर आउट हो गई और जवाब में जम्मू-कश्मीर ने पहले दिन स्टंप तक सात विकेट पर 174 रन बनाकर 54 रन की बढ़त हासिल की। मैच के पहले दिन में 17 विकेट गिरे। शार्दुल ठाकुर ने 57 गेंद में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन बनाकर मुंबई को सात विकेट पर 47 रन के स्कोर से संभालकर 100 रन के पार पहुंचाया। जम्मू-कश्मीर के उमर नजीर (41 रन देकर चार विकेट) की गेंद ने भारतीय कप्तान को चौंका दिया और भारतीय टेस्ट सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल के महज चार रन पर पगबाधा आउट होने के तुरंत बाद वह मिड-ऑफ पर पारस डोगरा को आसान कैच थमाकर पवेलियन पहुंच गये। शुभम खजूरिया (53) और आबिद मुश्ताक के 44 रन की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने स्टंप तक सात विकेट पर 174 रन का स्कोर बनाया।सभले ही मुंबई के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट झटके लेकिन खजूरिया ने जीवनदान का फायदा उठाकर अर्धशतक जड़ा।

ओडिशा बनाम मेघालय
ग्रुप ए के एक अन्य मुकाबले में ओडिशा ने मेघालय के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए स्टंप तक बिना विकेट गंवाये 70 रन बना लिये और पहली पारी में बढ़त हासिल करने की ओर बढ़ रही है। मेघालय की टीम महज 198 रन पर आउट हो गई जिसमें तपस कुमार दास ने 67 रन देकर छह और सुनील कुमार राउल ने उनका अच्छा साथ निभाते हुए 31 रन देकर तीन विकेट प्राप्त किये। स्टंप तक ओडिशा के स्वास्तिक सामल 44 और शांतनु मिश्रा 23 रन बनाकर क्रीज पर थे और टीम पहली पारी के हिसाब से 128 रन से पीछे है। 

महाराष्ट्र बनाम बड़ौदा
नासिक में सौरभ नवले के नाबाद 60 रन की बदौलत महाराष्ट्र ने बड़ौदा के खिलाफ सात विकेट पर 258 रन बना लिए। सिद्धेश वीर (48) दो रन से अपना अर्धशतक बनाने से चूक गए। कोई भी अन्य बल्लेबाज अपनी शुरुआत को बड़ा स्कोर में नहीं बदल सका जिसमें कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (10) भी शामिल हैं जो पिछले साल नवंबर में भारत ए के ऑस्ट्रेलिया दौरे का हिस्सा होने के कारण पिछला मैच नहीं खेल पाए थे।

त्रिपुरा बनाम सर्विसेस
अगरतला में त्रिपुरा और सर्विसेस के बीच केवल 41 ओवर का खेल संभव हो सका। मेजबान टीम ने चार विकेट पर 116 रन बना लिए जिसमें श्रीनिवास शरत 57 रन बनाकर खेल रहे हैं।

गुजरात बनाम उत्तराखंड
बाएं हाथ के युवा स्पिनर सिद्धार्थ देसाई ने 36 रन देकर नौ विकेट चटकाए जो प्रथम श्रेणी क्रिकेट में गुजरात के किसी खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है जिससे उत्तराखंड ने गुरुवार को रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी मैच के पहले दिन अपना दबदबा कायम कर लिया। उत्तराखंड की टीम 30 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। उत्तराखंड के लिए शाश्वत डंगवाल ने सर्वाधिक 35 रन बनाए जबकि सलामी बल्लेबाज अवनीश सुधा ने 30 रन बनाए। गुजरात ने पहले दिन स्टंप तक चार विकेट गंवाकर 190 रन बनाए। मनन हिनराजिया 66 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि उर्विल पटेल ने 53 रन बनाये। जयमीत पटेल (नाबाद 29) हिनराजिया के साथ क्रीज मौजूद थे। गुजरात ने इस तरह पहली पारी में 79 रन की बढ़त हासिल कर ली है। हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज तन्मय अग्रवाल ने नाबाद 137 रन (272 गेंद, 14 चौके) बनाए जिससे टीम ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ दो विकेट पर 291 रन बना लिए। तन्मय के अलावा अभिरथ रेड्डी (73) और विकेटकीपर राहुल राधेश (52) ने भी अर्धशतक जड़ा।

राजस्थान बनाम विदर्भ
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद (37 रन देकर पांच विकेट) ने जयपुर में विदर्भ के खिलाफ बड़े मैच में प्रथम श्रेणी में पहली बार पांच विकेट लिये और विपक्षी टीम को 165 रन पर ढेर कर दिया। 2017 में अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू करने वाले खलील ने सिर्फ 17 मैच खेले थे और अपने 18वें मैच में उन्होंने आखिरकार यह उपलब्धि हासिल की। खलील के अलावा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने 40 रन देकर तीन विकेट लिए। जवाब में राजस्थान ने खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर 101 रन बनाए और कप्तान महिपाल लोमरोर (नाबाद 44) क्रीज पर मौजूद हैं। वहीं सलामी बल्लेबाज शेख रशीद के शतक (105 रन) की बदौलत आंध्र ने पुडुचेरी के खिलाफ ग्रुप सी के एक अन्य मैच में पहले दिन सात विकेट पर 245 रन बनाए।

सौराष्ट्र बनाम दिल्ली
भारतीय हरफनमौला रवींद्र जडेजा (पांच विकेट और 38 रन) के शानदार खेल सौराष्ट्र ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी मैच में गुरुवार को शुरुआती दिन दिल्ली की पहली पारी को 188 रन पर समेटने के बाद पांच विकेट पर 163 रन बनाकर बढ़त लेने की ओर कदम बढ़ा दिये। दिल्ली की रणजी टीम में वापसी कर रहे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 10 गेंद की पारी में सिर्फ एक रन ही बना सके। दिल्ली ने कप्तान आयुष बडोनी (60) और यश ढुल (44) की उपयोगी पारियों खेली लेकिन दोनों अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। रवींद्र जडेजा ने 66 रन देकर पांच विकेट चटकाये और उन्हें को टीम के एक अन्य बायें हाथ के स्पिनर धर्मेंद्र सिंह जडेजा का अच्छा साथ मिला जिन्होंने पंत सहित तीन बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखायी। सौराष्ट्र ने दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर 163 रन बना लिये। एक छोर से विकेटों के पतन के बीच सलामी बल्लेबाज हार्विक देसाई 120 गेंद में आठ चौके की मदद से 93 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद है। उन्होंने रवींद्र जडेजा के साथ चौथे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की। रवींद्र जडेजा ने 36 गेंद की पारी में दो चौके और तीन छक्के जड़े। सौराष्ट्र दिल्ली से अभी 25 रन पीछे हैं और उसके पांच विकेट बचे हुए है।

झारखंड बनाम छत्तीसगढ़
जमशेदपुर में खेले जा रहे मैच में ऑफ स्पिनर उत्कर्ष सिंह के पांच विकेट से झारखंड ने छत्तीसगढ़ की पहली पारी को 230 रन पर समेट दिया। उत्कर्ष ने 19.3 ओवर में 50 रन देकर पांच विकेट चटकाये। छत्तीसगढ़ के सलामी बल्लेबाज अनुज तिवारी नाबाद रहते हुए एक रन से शतक पूरा करने से चूक गये। तिवारी ने 225 गेंद की नाबाद पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाकर टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में अहम योगदान दिया। दिन का खेल खत्म होने तक झारखंड ने बिना किसी नुकसान के 11 रन बना लिये थे।

तमिलनाडु बनाम चंडीगढ़
तमिलनाडु ने सालेम में खेले जा रहे ग्रुप के एक अन्य मैच में चंडीगढ़ के खिलाफ अपनी पहली पारी में 301 रन बनाये। आंद्रे सिद्धार्थ (106) ने शतकीय पारी खेली जबकि एन जगदीसन (63) ने अर्धशतक जड़ा। बाबा इंद्रजीत (49) और मोहम्मद अली (40) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। चंडीगढ़ के लिए विष्णु कश्यप ने 79 रन देकर पांच विकेट लिये जिससे तमिलनाडु की पारी 89.1 ओवर में सिमट गई।

कर्नाटक बनाम पंजाब
रविचंद्रन स्मरण के संयम से बनाए गए अर्धशतक और तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से कर्नाटक ने गुरुवार को यहां पंजाब के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी मैच पर पूरी तरह से नियंत्रण बना लिया। कप्तान शुभमन गिल के खराब प्रदर्शन का पंजाब की पारी पर बुरा असर पड़ा और टीम पहली पारी में महज 55 रन पर ढेर हो गई। स्मरण ने अपनी पूरी तकनीकी सूझबूझ का इस्तेमाल किया और 100 गेंद में 12 चौके और एक छक्के से नाबाद 83 रन बनाए जिससे कर्नाटक ने पहले दिन स्टंप तक चार विकेट पर 199 रन बना लिए। घरेलू टीम अब 144 रन से बढ़त बनाये है जिसमें अहम योगदान वासुकी कौशिक (16 रन देकर चार विकेट), अभिलाष शेट्टी (19 रन देकर तीन विकेट) और प्रसिद्ध कृष्णा (11 रन देकर दो विकेट) की तेज गेंदबाजी तिकड़ी के शानदार स्पैल का रहा। 

हरियाणा बनाम बंगाल
सूरज जायसवाल (6/46) की शानदार गेंदबाजी की मदद से बंगाल ने रणजी ट्रॉफी के एलिट ग्रुप मुकाबले में हरियाणा को पहली पारी में 157 रन पर ढेर कर दिया। हरियाणा के कप्तान अंकित कुमार (57) ने अर्धशतक लगाया। जवाब में बंगाल की टीम पहले दिन का खेल खत्म होने पर एक विकेट पर 10 रन बना चुकी है। अंकित पांच और रोहित कुमार बिना खाता खोले क्रीज पर डटे हैं।

बिहार बनाम उत्तर प्रदेश
शिवम मावी (4/61) की शानदार गेंदबाजी की मदद से उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी के एलिट ग्रुप मुकाबले में बिहार को पहली पारी में 248 रन पर समेट दिया। बिहार के आयुष लोहारुका (101) ने शतक जड़ा। पहले दिन का खेल खत्म होने के समय यूपी ने बिना विकेट खोए चार रन बना लिए हैं। अभिषेक गोस्वामी (नाबाद 04) और माधव कौशिक (नाबाद 00) क्रीज पर डटे हैं।
विज्ञापन

केरल बनाम मध्य प्रदेश
तिरुवनंतपुरम में एक अन्य मैच में तेज गेंदबाज एमडी निधीश के पांच विकेट की मदद से केरल ने मध्य प्रदेश को 160 रन पर समेट दिया और फिर स्टंप तक बिना किसी नुकसान के 54 रन बना लिए। मध्य प्रदेश के लिए कप्तान शुभम शर्मा 134 गेंद में 54 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें