भारतीय हवाई अड्डों पर तुर्किये की कंपनी की अनुमति रद्द की जाए: शिवसेना
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गुट वाली शिवसेना ने तुर्किये की एक कंपनी को भारत के हवाई अड्डों पर कार्गो सेवाएं देने की परिचालन अनुमति रद्द करने की मांग की। पार्टी ने अनुमति रद्द किए जाने की मांग के पीछे भारत के साथ सैन्य टकराव के दौरान पाकिस्तान को तुर्किये के समर्थन का हवाला दिया। शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने कहा कि शिवसेना मुंबई में किसी भी तुर्किये की कंपनी को काम करने की अनुमति नहीं देगी। पटेल ने मुख्य हवाई अड्डा अधिकारी को पत्र लिखकर कहा कि चल रहे भू-राजनीतिक तनाव और हाल के शत्रुतापूर्ण बयानों के मद्देनजर, तुर्किये सरकार ने पाकिस्तान को स्पष्ट रूप से समर्थन दिया है। यह समर्थन गंभीर चिंता पैदा करता है, खासकर तब जब तुर्किये से जुड़ी कंपनियां भारत के महत्वपूर्ण हवाई अड्डों पर काम कर रही हैं। पटेल ने कहा, 'मैं आपको मुंबई, दिल्ली और अन्य प्रमुख भारतीय हवाई अड्डों पर सेलेबी एनएएस एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के संचालन से संबंधित एक गंभीर राष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दे के बारे में गहरी चिंता के साथ लिख रहा हूं। सेलेबी एनएएस एक तुर्किये की कंपनी है, जो भारतीय हवाई अड्डों पर विभिन्न अंतरराष्ट्रीय और घरेलू एयरलाइनों को महत्वपूर्ण यात्री और कार्गो ग्राउंड हैंडलिंग सेवाएं प्रदान करती है। मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इसकी निरंतर उपस्थिति और संचालन संभावित जोखिम और कमजोरियां प्रस्तुत करते हैं, जिन्हें अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए।'
आईपीएस शारदा राऊत को नई बनी 'एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स' की जिम्मेदारी मिली
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शारदा राऊत को नई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की विशेष पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) नियुक्त किया गया है। वह फिलहाल राज्य खुफिया विभाग (एसआईडी) में संयुक्त पुलिस आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं। यह जानकारी अधिकारियों ने मंगलवार को दी।
महाराष्ट्र गृह विभाग ने आठ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है, जिनमें मुंबई रेलवे पुलिस (जीआरपी) के आयुक्त रवींद्र शिसवे भी शामिल हैं। 2005 बैच की आईपीएस अधिकारी शारदा राऊत हाल ही में सीबीआई में ड्यूटी के बाद महाराष्ट्र पुलिस में वापस लौटी हैं। महाराष्ट्र सरकार ने फरवरी में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स में 346 नए पद बनाने को मंजूरी दी थी। एएनीएफ के विस्तार का मकसद नशे के फैलाव को रोकने के लिए कोशिशों को तेज करना है। रवींद्र शिसवे को अब राज्य खुफिया विभाग (एसआईडी) में संयुक्त पुलिस आयुक्त बनाया गया है। वह शारदा राऊत की जगह लेंगे। एक और आईपीएस अधिकारी सुप्रिया पाटिल यादव को राज्य पुलिस मुख्यालय में विशेष आईजीपी (स्थापना) के पद पर तैनात किया गया है। सुप्रिया केंद्रीय ड्यूटी पर थीं और अब वापस महाराष्ट्र पुलिस में आई हैं।
अमरावती शहर के पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी को नागपुर के संयुक्त पुलिस आयुक्त के पद पर स्थानांतरित किया गया है। शिसवे और रेड्डी की खाली हुई जगहों पर नई नियुक्तियों के आदेश का इंतजार है। नागपुर के संयुक्त पुलिस आयुक्त निसार तंबोली को राज्य आरक्षित पुलिस बल (एसआरपीएफ, नागपुर के नए विशेष आईजीपी के रूप में तैनात किया गया है। वह राजीव जैन की जगह लेंगे, जिन्हें तटीय सुरक्षा के विशेष आईजीपी के रूप में भेजा गया है। अभिषेक त्रिमुखे, जो अभी उत्तर क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त हैं, उन्हें राज्य पुलिस मुख्यालय में प्रशासन के विशेष आईजीपी के रूप में स्थानांतरित किया गया है। वह आरती सिंह की जगह लेंगे, जिनकी नई पोस्टिंग के आदेश का अभी इंतजार है।
केबल-स्पैन रेल ओवरब्रिज 'रे रोड' का उद्घाटन करते मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
- फोटो : पीटीआई