महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्द्धन सपकाल ने शुक्रवार को स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए महा विकास अघाड़ी के सहयोगी शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। बैठक के बाद सपकाल ने कहा कि उन्होंने ठाकरे को बताया कि कांग्रेस ने आगामी चुनावों के लिए गठबंधन पर फैसला लेने के लिए स्थानीय नेतृत्व को अधिकृत किया है। उन्होंने कहा कि उद्धव सहमत हो गए हैं। वह गठबंधन के मुद्दे पर अपने पदाधिकारियों से भी बात कर रहे हैं। दोनों पार्टियों ने फैसला किया है कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उन्हें एक साथ रहना होगा।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि ठाकरे भारत ब्लॉक के एक महत्वपूर्ण सहयोगी हैं और पूर्व मुख्यमंत्री के साथ उनकी मुलाकात एक शिष्टाचार भेंट थी। इससे पहले सपकाल ने एनसीपी (सपा) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की और मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हमारे सहयोगियों के साथ संपर्क स्थापित करना मेरे काम का हिस्सा है।
ठाणे की अदालत ने युवक को आजीवन कारावास की सजा सुनाई
ठाणे की एक अदालत ने 2016 में पूर्व प्रेमिका की हत्या करने के जुर्म में एक व्यक्ति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। सत्र न्यायाधीश एएन सिरसीकर ने आरोपी अमितकुमार उर्फ अवि अमरनाथ विश्वकर्मा (40) को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत दोषी पाया। न्यायाधीश ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई तथा एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया। अतिरिक्त लोक अभियोजक रश्मि जी खीरसागर ने अदालत को बताया कि पीड़िता कोमल सकपाल तीन साल से विश्वकर्मा के साथ रिश्ते में थी, लेकिन अमित की शराब के सेवन की लत के कारण उनका रिश्ता टूट गया। 21 दिसंबर 2015 को आरोपियों ने सकपाल पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे घायल कर दिया था। 4 जनवरी 2016 को अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
विज्ञापन
मराठा आरक्षण के खिलाफ याचिकाओं पर सुनवाई करेगी विशेष पीठ गठित
बॉम्बे हाईकोर्ट ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद मराठा आरक्षण प्रदान करने वाले कानून की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई के लिए तीन न्यायाधीशों की विशेष पीठ गठित की। 2024 का कानून, जो महाराष्ट्र की आबादी का लगभग एक तिहाई हिस्सा बनाने वाले मराठा समुदाय को शिक्षा और सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करता है, पिछले साल लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान राजनीतिक चर्चा में सबसे आगे रहा था।
शुक्रवार को जारी एक नोटिस में, हाईकोर्ट ने कहा कि महाराष्ट्र राज्य सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण अधिनियम, 2024 से संबंधित जनहित याचिकाओं और याचिकाओं पर सुनवाई और निर्णय लेने के लिए जस्टिस रवींद्र घुगे, एन जे जमादार और संदीप मार्ने की पूर्ण पीठ गठित की जाती है। हालांकि, नोटिस में उस तारीख का उल्लेख नहीं किया गया है जिस दिन पीठ याचिकाओं पर सुनवाई करेगी।
अब हेड कांस्टेबल को भी मामलों की जांच का अधिकार
महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने एक आदेश जारी कर हेड कांस्टेबल और उससे ऊपर के रैंक के कर्मियों को मामलों की जांच करने का अधिकार दिया है। एक अधिकारी ने बताया कि यह आदेश 9 मई को जारी किया गया। महाराष्ट्र सरकार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 176 की उपधारा (1) के तहत ये शक्तियां दी हैं। इसका मकसद जांच सही तरीके से किया जाना है। नए आदेश के तहत हेड कांस्टेबल और उससे ऊपर के अधिकारियों को पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी द्वारा प्रतिनियुक्त संबंधित रैंक के अधिकारी के बाद मामलों की जांच करने का अधिकार दिया गया है। पुलिस कांस्टेबल के पास स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। कॉन्स्टेबल के रूप में सात वर्ष की सेवा पूरी करनी भी अनिवार्य होगी। नासिक में डिटेक्टिव ट्रेनिंग स्कूल में विशेष प्रशिक्षण भी जरूरी है। इस प्रशिक्षण में आयोजित परीक्षा उत्तीर्ण करना भी जरूरी है। जांच अधिकारी के खिलाफ कोई विभागीय जांच लंबित नहीं होनी चाहिए।
चेंबूर में चलती कार में स्टंट, तीन लोगों पर मामला दर्ज
मुंबई के चेंबूर में चलती कार में स्टंट करने के मामले में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिवाजी नगर में ईस्टर्न फ्रीवे पर हजरत सैय्यद अब्दुल कादिर दरगाह के पास मंगलवार रात हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। आरसीएफ पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान अदनान ईसा खान (20), मुकीम बशीर खान (22), जुनैद अवादली खान (20) के रूप में हुई है। तीनों गोवंडी के निवासी हैं और टैक्सी चालक के रूप में काम करते हैं। तीनों पर लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
महाराष्ट्र में घटा स्पेशल सीपी का कद
महाराष्ट्र के गृह विभाग ने एक सरकारी प्रस्ताव जारी किया है और निर्णय लिया है कि मुंबई पुलिस में अतिरिक्त DGP स्तर के रिक्त पद स्पेशल सीपी को घटाकर स्पेशल IG स्तर का कर दिया जाएगा और इसका नाम बदलकर मुंबई पुलिस में संयुक्त सीपी इंटेलिजेंस कर दिया जाएगा।
ठाणे और कलवा स्टेशनों के बीच पटरियों पर रखा पत्थर, अज्ञात पर केस
ठाणे और कलवा स्टेशन के बीच रेलवे पटरियों पर पत्थर रखने के आरोप में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ठाणे रेलवे पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि डाउन लाइन से एक फाउलिंग स्टोन (ट्रेनों के लिए मार्कर के रूप में इस्तेमाल किया जाता है) को तोड़कर डाउन लोकल लाइन पर रख दिया गया था। पत्थर बुधवार रात 10:38 बजे देखा गया। रात 10:50 बजे तक ट्रैक को पूरी तरह से साफ कर दिया गया। इस घटना को जानबूझकर की गई शरारत के तौर पर देखा जा रहा है। पत्थर की मौजूदगी के कारण दुर्घटना हो सकती थी। गुरुवार को भारतीय न्याय संहिता और रेलवे अधिनियम के तहत जान को खतरे में डालने और अन्य अपराधों के लिए मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच चल रही है और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
32 लाख रुपये की कोकीन के साथ नाइजीरियाई नागरिक समेत दो गिरफ्तार
मुंबई के बांद्रा में 32 लाख रुपये से अधिक मूल्य के कोकीन के साथ कथित तौर पर गिरफ्तार किये गये दो लोगों में एक नाइजीरियाई नागरिक भी शामिल है। खेरवाड़ी पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि जुनैद नदीम खान (26) और नाइजीरियाई नागरिक ओलानरेवाजू जोविता इमुओबू (49) को गुरुवार को बांद्रा पूर्व में एक क्लब के पास जाल बिछाकर पकड़ा गया। खान 1.20 लाख रुपये मूल्य की तीन ग्राम कोकीन देने आया था। उसने इमुओबू की संलिप्तता का खुलासा किया। उसके पास से हमने 31.60 लाख रुपये मूल्य की 79 ग्राम कोकीन बरामद की। दोनों पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एनसीपी (शरद) के नेता रामराजे नाइक निंबालकर से महिला से जबरन वसूली मामले में पुलिस ने की पूछताछ
महाराष्ट्र के मंत्री जयकुमार गोरे के महिला जबरन वसूली की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को राकांपा (सपा) नेता रामराजे नाइक निंबालकर से पांच घंटे तक पूछताछ की। राज्य विधान परिषद के पूर्व अध्यक्ष निंबालकर ने कथित तौर पर मामले के तीन आरोपियों से बात की थी, जिनमें वह महिला भी शामिल है जिसने भाजपा के मंत्री के खिलाफ उत्पीड़न का आरोप लगाया था। सतारा जिले के वडूज पुलिस थाने की एक टीम सुबह फलटण में निंबालकर के आवास पर पहुंची और सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक उनसे पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि निंबालकर ने जनवरी से मार्च के बीच कई मौकों पर तीन आरोपियों से फोन पर बात की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये बातचीत महिला की गिरफ्तारी से पहले हुई थी।