महाराष्ट्र के अमरावती और वर्धा जिलों के कुछ इलाकों में दहशत का कारण बनी बाघिन को सोमवार को वन विभाग की विशेष टीम ने बेहोश कर पकड़ लिया। बाघिन ने 17 अगस्त से अब तक चार लोगों की जान ली थी। उसे चांदूर बाजार तहसील के शिरजगांव कस्बा में पकड़ा गया। अमरावती के उप वन संरक्षक (क्षेत्रीय) अर्जुन के. आर. ने बताया कि बाघिन वर्धा की आष्टी तहसील से आगे बढ़ते हुए पिछले 20 दिनों में वरुड, मोर्शी और चांदूर बाजार तहसीलों में पहुंची थी। इस दौरान उसने मवेशियों और लोगों पर हमले किए।
अमरावती जिला सूचना कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि बाघिन ने चार लोगों की जान ली। विज्ञप्ति के अनुसार, वर्धा के नरसिंहपुर निवासी रामभाऊ भोयर (74) की 17 अगस्त को, मोर्शी के भांबोरा निवासी चारणदास इखे (55) की 27 अगस्त को, चांदूर बाजार के सोनौरी निवासी उर्मिला इवने (18) की 6 सितंबर को और शिरजगांव कस्बा निवासी दिनेश आवरे (45) की 7 सितंबर को मौत हुई।
6 सितंबर से 24 घंटे के भीतर दो लोगों की मौत के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद वन विभाग ने चौबीसों घंटे गश्त, कैमरा ट्रैप, थर्मल ड्रोन और लोगों को जागरूक करने के अभियान के साथ हाई अलर्ट पर तलाशी अभियान शुरू किया। विज्ञप्ति में कहा गया, "जिला प्रशासन और पुलिस ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। बाघिन को तकनीकी उपायों की मदद से सुरक्षित तरीके से बेहोश कर दिया गया, जिससे इलाके में आगे का खतरा टल गया।"
गणेश उत्सव के मद्देनजर महाराष्ट्र में 2900 बसों में मुफ्त यात्रा
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आगामी गणेश उत्सव के मद्देनजर 2,900 एसटी बसों की सेवा शुरू की। डिप्टी सीएम ने त्योहार के सांस्कृतिक महत्व पर जोर दिया और कहा कि यह राज्य की पहचान, संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है। रविवार को शिवसेना की तरफ से की गई इस पहल का शुभारंभ करते हुए शिंदे ने कहा, इन बसों में यात्रियों को कोंकण क्षेत्र तक मुफ्त यात्रा का इंतजाम किया गया है। त्योहारी मौसम के दौरान ट्रेनों में भारी भीड़ और सीमित टिकटों की उपलब्धता को स्वीकार करते हुए शिंदे ने हर साल मुफ्त बस सेवा की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, इसका मकसद भक्तों को बिना किसी परेशानी के गांवों तक पहुंचाना है। सरकार के अन्य फैसलों का जिक्र करते हुए शिंदे ने कहा, त्योहार से इतर आम दिनों में भी महिलाओं के लिए एसटी बस किराए पर 50 प्रतिशत की छूट का इंतजाम भी किया है।
सबस्टेशन में आग, पुणे-पिंपरी-चिंचवड़ में बिजली बाधित
महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (MahaTransco) ने बताया कि पुणे के चिंचवड़ सबस्टेशन में तकनीकी खराबी और आग लग गई। रविवार दोपहर की इस घटना के कारण पुणे तथा पिंपरी-चिंचवड़ के बड़े हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। 22-केवी करंट ट्रांसफार्मर में विस्फोट के बाद दोपहर 12:25 बजे आग लगी। प्रबंधन के अनुसार, कुल 3.10 लाख उपभोक्ता प्रभावित हुए। कई क्षेत्रों में आपूर्ति 3 बजे तक बहाल हुई।