महाराष्ट्र के कोल्हापुर में 'गोकुल दूध संघ' में सरकार के हस्तक्षेप के खिलाफ सोमवार को एक विशाल 'संघर्ष मोर्चा' निकाला गया। इस बड़े विरोध प्रदर्शन के दौरान कोल्हापुर की सांस्कृतिक पहचान माने जाने वाले 'कोल्हापुरी पायताण' (कोल्हापुरी चप्पल) की एक विशाल प्रतिकृति और बैलगाड़ियों के साथ हजारों किसानों व डेयरी उत्पादकों ने मार्च किया।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में हुए गोकुल दूध संघ के चुनाव में कांग्रेस नेता सतेज पाटिल के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत के बावजूद, महाराष्ट्र सरकार ने एक अध्यादेश लाकर बोर्ड में वोटिंग राइट्स के साथ चार सरकारी निदेशकों को नियुक्त करने का फैसला किया। विपक्ष और डेयरी किसानों का आरोप है कि सरकार इस चोर दरवाजे से सहकारी समिति का नियंत्रण अपने हाथ में लेना चाहती है। इसी फैसले के खिलाफ 40,000 से अधिक लोग सड़कों पर उतरे।
पटाखों में विस्फोट से दुकान की छत ढही, मलबे में मिला लापता बच्चे का शव
मुंबई स्थित मलाड पश्चिम के मालवणी इलाके में सोमवार रात आग लगने से एक बच्चे की मौत हो गई। यह घटना गेट नंबर-08, अब्दुल हमीद मार्ग पर एक दुकान में हुई। जानकारी के मुताबिक, दुकान के भूतल पर करीब 20×30 फीट के क्षेत्र में रखे पटाखों, बिजली के तारों और अन्य विद्युत उपकरणों में आग लग गई। पटाखों में विस्फोट होने के कारण दुकान की छत का स्लैब ढह गया।
घटना के बाद लापता बताए जा रहे एक लड़के का शव दुकान के अंदर मिला। आग की चपेट में आने से उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया था। उसे निजी एंबुलेंस से बीएमसी के शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुणे जिले में कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में दो लोगों की मौत, एक घायल
पुणे में एक राजमार्ग पर तेज रफ्तार कार के मोटरसाइकिल से टकरा जाने के कारण दो लोगों की मौत हो गई और 16 वर्षीय एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के अनुसार, यह हादसा रविवार रात पुणे-सोलापुर राजमार्ग पर हवेली तालुका के उरुली कंचन में हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि नयन नितिन हजारे (19) और उनकी बहन तन्वी मोटरसाइकिल से सोलापुर की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से एक कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि कार बहुत तेज रफ्तार में थी और चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया।
अधिकारी ने बताया कि भाई-बहन और कार चालक तुषार उर्फ अमर रोहिदास कुंजर (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि तन्वी के सिर, पैरों और पेट में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। अधिकारी ने बताया कि उरुली कंचन पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना) और मोटर वाहन अधिनियम की अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच चल रही है।
किसानों की मांग- पूरे महाराष्ट्र में गन्ने का एक समान भाव 4,200 रुपये तय हो
किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने लातूर में महाराष्ट्र के सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल से मुलाकात की। उन्होंने पूरे राज्य में गन्ने का एक समान भाव तय करने, कर्ज चुकाने वाले किसानों को 2 लाख रुपये का प्रोत्साहन देने और सूखा राहत को बढ़ाने की मांग की। क्रांतिकारी शेतकारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजीव कसबे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को अहमदपुर में मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सवाल उठाया कि मराठवाड़ा और अन्य क्षेत्रों के गन्ना किसानों को वह भाव क्यों नहीं मिल रहा, जो पश्चिमी महाराष्ट्र के किसानों को 4,200 रुपये प्रति टन के हिसाब से दिया जा रहा है। कसबे ने कहा कि फसल का भाव तय करते समय चीनी मिलों की चीनी और उससे जुड़े अन्य उत्पादों (जैसे शीरा, खोई और इथेनॉल) से होने वाली कमाई को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य के सभी किसानों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने उन किसानों के लिए दो लाख रुपये के प्रोत्साहन अनुदान की मांग की जो नियमित रूप से अपना कर्ज चुकाते हैं। साथ ही, सूखा प्रभावित किसानों के लिए प्रति हेक्टेयर एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता की भी मांग की। इसके अलावा, उन्होंने कृषि मजदूरों के परिवारों के लिए एक लाख रुपये के विशेष आर्थिक पैकेज की भी मांग की। माइक्रोफाइनेंस कंपनियों द्वारा कथित तौर पर परेशान किए जाने का मुद्दा उठाते हुए, प्रतिनिधिमंडल ने कर्नाटक की तर्ज पर एक सख्त कानून बनाने की मांग की। इसका उद्देश्य मनमानी ब्याज दरों को नियंत्रित करना और जबरन कर्ज वसूली के तरीकों पर रोक लगाना है।