महाराष्ट्र के अकोला रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महिला अधिकारी की सतर्कता से 55 साल की महिला की जान बाल-बाल बच गई। आरपीएफ अधिकारियों के मुताबिक, यह महिला यात्री चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश के दौरान अपना संतुलन खो बैठी और चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच की जगह में गिरने ही वाली थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खासा वायरल है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह वाकया शनिवार नागपुर-अहमदाबाद प्रेरणा एक्सप्रेस (नंबर 22138) स्टेशन से रवाना होने के दौरान पेश आया। पीड़ित यात्री की पहचान अकोला की रहने वाली संगीता भरत खत्री के तौर पर की गई। ट्रेन से उतरने के दौरान संगीता का संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच की खाली जगह में फिसलने लगीं। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ की असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) सोनल इंगले खतरनाक स्थिति देख तुरंत उनकी मदद के लिए भागीं और फुर्ती दिखाते हुए उन्हें पकड़कर सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर ले आईं। इससे संगीता पटरियों पर गिरने से बच गईं। हालांकि, उन्हें मामूली खरोंचें आईं। एएसआई इंगले अपनी फुर्ती और सतर्कता सात दिनों के अंदर दो रेल यात्रियों की जान बचाने का श्रेय हासिल किया है। इससे पहले 10 अक्तूबर को उन्होंने अकोला स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर एक दिव्यांग बुजुर्ग यात्री को बचाया था। यह यात्री अहमदाबाद-चेन्नई नवजीवन एक्सप्रेस (नंबर 12655) में चढ़ने की कोशिश के दौरान अपना संतुलन खो बैठे थे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले के ध्वजारोहण के लिए आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल बुधवार को राष्ट्रपति से मिला और उन्हें औपचारिक रूप से 31 अक्तूबर को ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। निमंत्रण पत्र में पॉप अप डिजाइन के जरिए कुंभ मेले की पौराणिक उत्पत्ति, आध्यात्मिक महत्ता और भव्यता को दर्शाया गया है।
मुंबई एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की मुंबई क्षेत्रीय इकाई ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (सीएसएमआईए) पर सोने की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस गिरोह में दो यात्री, एक एयरपोर्ट कर्मचारी और दो प्राप्तकर्ता सहित पांच लोग शामिल थे। डीआरआई अधिकारियों ने 19-20 अक्तूबर 2026 को अभियान चलाकर इन सभी को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने करीब 3.47 करोड़ रुपये मूल्य की 2.317 किलोग्राम 24-कैरेट विदेशी सोने की छड़ें जब्त कीं। यह सोना सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया। प्रारंभिक जांच में आरोपियों की अवैध सोने की आवाजाही और उसे संभालने में संलिप्तता सामने आई है। बड़े नेटवर्क और अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।