आजम खां से मिलने रामपुर जेल जाएंगे अखिलेश
सपा मुखिया अखिलेश यादव का आज रामपुर दौरे पर हैं। अखिलेश यहां जेल में बंद सपा नेता आजम खां से मुलाकात करेंगे। जानकारों इस मुलाकात को चुनावी लिहाज से बहुत अहम मान रहे हैं। माना जा रहा है कि दोनों नेता पश्चिमी यूपी के लिहाज से उन विषयों पर भी चर्चा हो सकती है, जिन्हें मुद्दा बनाकर सपा को चुनावी रुख अपनी ओर करने में मदद मिल सकती है। इसके बाद सपा प्रमुख आजम खां के घर भी जाएंगे। जहां वे उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अदीब खां से मिलेंगे। अखिलेश रामपुर में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
पोलैंड के प्रधानमंत्री टस्क और पीएम मोदी की मुलाकात
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 21 से 23 अक्तूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। अपने दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री टस्क नई दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस द्विपक्षीय वार्ता के दौरान दोनों देश अपनी रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, रक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में सहयोग की समीक्षा करेंगे। पीएम टस्क के साथ वित्त व अर्थव्यवस्था मंत्री एंड्रेज डोमांस्की और एक बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी आया है। नई दिल्ली के अलावा, टस्क बंगलूरू का भी दौरा करेंगे जहां वे आईटी और अंतरिक्ष क्षेत्र के हितधारकों से मिलेंगे। 22 और 23 अक्टूबर को दोनों शहरों में भारत-पोलैंड बिजनेस फोरम का आयोजन किया जाएगा।
भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज का आगाज
भारतीय क्रिकेट टीम के न्यूजीलैंड दौरे का आगाज आज से हो रहा है। दौरे की शुरुआत पांच टी20 मैचों की सीरीज से हो रही है। सीरीज का पहला मैच आज क्राइस्टचर्च में दोपहर 12.30 से खेला जाएगा। टी20 सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच पांच वनडे और दो टेस्ट मैच की भी सीरीज होगी।
आठवें वेतन आयोग का उच्च-स्तरीय पैनल बैठक
आठवें वेतन आयोग का उच्च-स्तरीय पैनल गुरुवार और शुक्रवार को मुंबई का दौरा करेगा। इस दौरान आयोग कर्मचारी यूनियनों से मिलेगा और जमीनी स्तर पर कर्मचारियों की कार्य स्थितियों को समझकर वेतन व भत्तों पर सिफारिशें तैयार करेगा।
उत्तराखंड कांग्रेस आज से न्याय यात्रा की शुरुआत करेगी
उत्तराखंड कांग्रेस गुरुवार से ‘न्याय यात्रा’ शुरू करेगी। दरअसल, कांग्रेस अगले साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा सरकार की ‘जनविरोधी नीतियों’ और ‘राज्य के ज्वलंत मुद्दों’ को जनता के बीच ले जाने की तैयारी कर रही है। इस यात्रा के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में चार दल विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे और जनता की समस्याएं सुनने के साथ ही उन्हें बेरोजगारी, महंगाई एवं भ्रष्टाचार जैसे जनहित के विषयों को लेकर जागरूक भी करेंगे।
नवीकरणीय ऊर्जा प्रदर्शनी होगी शुरू
नवीकरणीय ऊर्जा प्रदर्शनी भारत (आरईआई) एक्सपो का 19वां संस्करण 22-24 अक्टूबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने मंगलवार को बताया कि इसके साथ ही ‘द बैटरी शो इंडिया’ और ‘एनर्जी स्टोरेज समिट इंडिया’ का आयोजन भी होगा। एक बयान के मुताबिक इसमें 1,080 से अधिक प्रदर्शक और 54,000 उद्योग पेशेवर एक साथ जुटेंगे। आयोजकों ने बताया कि इन तीनों कार्यक्रमों में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन, बैटरी प्रौद्योगिकियों और ऊर्जा भंडारण से जुड़े 1,400 से अधिक ब्रांड शामिल होंगे।