महाराष्ट्र के बीड जिले के वडवणी कस्बे में शुक्रवार को पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद दो गुटों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया। भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक के पास दोनों पक्षों के समर्थक जुट गए और देखते ही देखते एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। घटना में कई लोग घायल हुए। पथराव के दौरान कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और दुकानों के शीशे भी टूट गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बल तैनात किए। दंगा नियंत्रण दल को भी बुलाया गया। पुलिस के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। वडवणी थाने की सहायक निरीक्षक वर्षा शिंदे ने कहा कि हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
खराब मौसम के कारण झील के पास हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग, सभी चार लोग सुरक्षित
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण एक निजी हेलीकॉप्टर को झील के पास इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। यह घटना मोहाडी तहसील के पास मोहगांव-निलाज मार्ग पर हुई। राहत की बात यह है कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी चार यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को भी चोट नहीं आई है।
यह हेलीकॉप्टर नागपुर से छत्तीसगढ़ के रायपुर की तरफ जा रहा था। सुबह करीब 11 बजे अचानक मौसम खराब हो गया और पायलट को आगे देखने में दिक्कत होने लगी। इसके बाद पायलट ने समझदारी दिखाते हुए भिसारी झील के पास खाली पड़ी जगह पर हेलीकॉप्टर को सुरक्षित उतार लिया। लगभग एक घंटे तक मौसम साफ होने का इंतजार करने के बाद परिस्थिति ठीक होते ही हेलीकॉप्टर वापस नागपुर के लिए रवाना हो गया।