फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाराष्ट्र अपडेट: पुणे चीनी मिल चुनाव में सुनेत्रा पवार का दबदबा, सभी 21 सीटों पर मिली जीत

Wed, 14 Oct 2026 12:03 PM IST
अस्मिता त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पुणे चीनी मिल चुनाव में सुनेत्रा पवार गुट की जीत

विज्ञापन

महाराष्ट्र के पुणे जिले में सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल के चुनाव में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी गुट ने बड़ी जीत दर्ज की है। उनके पैनल ने सभी 21 सीटों पर कब्जा जमाया। शरद पवार समर्थित एनसीपी (एसपी) पैनल तीसरे स्थान पर रहा। यह चुनाव अजित पवार के निधन के बाद सहकारिता क्षेत्र में पहला बड़ा मुकाबला था, जिसे सुनेत्रा पवार के नेतृत्व की परीक्षा माना जा रहा था। कुल 27,625 सदस्यों में से 23,393 ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत 84.25 रहा।

Trending Videos

संदिग्ध व्हाट्सऐप ग्रुप को लेकर महाराष्ट्र एटीएस की छापेमारी
महाराष्ट्र एटीएस ने संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सऐप ग्रुप की जांच के तहत लगातार दूसरे दिन पांच ठिकानों पर छापेमारी की और कई लोगों से पूछताछ की। इस ग्रुप में पाकिस्तान और खाड़ी देशों के लोगों के शामिल होने की आशंका है। जांचकर्ताओं को शक है कि ग्रुप का संबंध हिजबुल मुजाहिदीन से हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि करने वाला कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है। सोमवार को रत्नागिरी जिले के राजापुर में एक शिक्षक से कई घंटे पूछताछ की गई और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। एटीएस ग्रुप के सदस्यों और उनकी गतिविधियों की जांच कर रही है।

मुंबई में टैंकर की BEST बस से टक्कर, चार यात्री घायल
मुंबई के ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर बुधवार सुबह एक टैंकर ने BEST बस को टक्कर मार दी, जिससे चार यात्री घायल हो गए। हादसा सुबह करीब छह बजे छेड़ा नगर सिग्नल पर हुआ। बताया गया कि मोटरसाइकिल के अचानक सामने आने पर बस चालक ने ब्रेक लगाया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे टैंकर ने बस के दाहिने हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर से बस की तीन खिड़कियों के शीशे टूट गए और यात्रियों को चोटें आईं। दो घायलों को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मुंबई में गर्मी से बेहाल 75 से ज्यादा वन्यजीवों का रेस्क्यू
मुंबई महानगर क्षेत्र में अक्तूबर की गर्मी से प्रभावित 75 से ज्यादा जंगली जानवरों और पक्षियों को बचाया गया है। महाराष्ट्र वन विभाग के साथ मिलकर एक स्वयंसेवी संस्था ने यह अभियान चलाया। रेस्क्यू किए गए जीवों में सांपों की 12 से ज्यादा प्रजातियां, बंदर, कछुए, चमगादड़, उल्लू, तोते और अन्य पक्षी शामिल हैं। संस्था की टीमें घायल और संकट में फंसे वन्यजीवों की मदद के लिए 24 घंटे काम कर रही हैं।

बीड के अस्पताल में दरांती लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार
महाराष्ट्र के बीड जिले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक नोमान जब्बार शेख को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह अंबाजोगाई स्थित स्वामी रामानंद तीर्थ ग्रामीण सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एक वार्ड में दरांती लेकर घूम रहा था, जिससे वहां दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर हथियार जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

विज्ञापन

बुजुर्गों को झांसा देकर लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार
ठाणे क्राइम ब्रांच ने बुजुर्गों को जान-पहचान का हवाला देकर झांसा देने और उनके कीमती सामान लूटने के आरोप में 37 वर्षीय दिनेश बाबू मंजरेकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 24.24 लाख रुपये कीमत के 212 ग्राम सोने के गहने बरामद किए हैं। इस गिरोह पर बदलापुर, उल्हासनगर, पनवेल और कोपरखैरने समेत कई इलाकों में वारदात करने का शक है। आरोपी के पिता और एक अन्य साथी फरार हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें