बुलेट ट्रेन के लिए समुद्र में 5 किमी लंबी सुरंग तैयार
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए शिलफाटा और घणसोली के बीच समुद्र के नीचे 4.88 किलोमीटर लंबी सुरंग की खुदाई का कार्य शनिवार को पूरा हो गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस कार्य के पूरा होने पर इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सूरत-बिलिमोरा खंड पर हाई-स्पीड कॉरिडोर का पहला चरण दिसंबर 2027 में शुरू हो जाएगा। शनिवार को शिलफाटा और घणसोली के बीच बनी सुरंग के एक छोर पर खड़े होकर वैष्णव ने बटन दबाया और नियंत्रित डायनामाइट विस्फोट से इसकी अंतिम परत को तोड़ दिया, जिससे पांच किलोमीटर तक खुदाई पूरी हो गई। न्यू ऑस्ट्रियन टनल मेथड (एनएटीएम) का उपयोग करके खोदी गई यह सुरंग, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) और शिलफाटा के बीच 21 किलोमीटर लंबे भूमिगत खंड का हिस्सा है। इसमें ठाणे खाड़ी के नीचे 7 किलोमीटर का खंड भी शामिल है, जो बेहद चुनौतीपूर्ण था। अब शेष 16 किमी लंबी सुरंग का निर्माण टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) से किया जाएगा।
शिवसेना का मुंबई में संजय राउत के खिलाफ प्रदर्शन
शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि राउत ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के मार्गदर्शक और पार्टी के पूर्व नेता आनंद ढीगे का अपमान किया है।यह विरोध प्रदर्शन मुंबई के मालाड इलाके में किया गया। इससे पहले, राउत ने कहा था कि शिंदे की नेतृत्व वाली शिवसेना द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर एक अख़बार में विज्ञापन छपवाया गया, जिसमें सेना के संस्थापक बाल ठाकरे की एक छोटी तस्वीर थी, और उनके बगल में ढीगे की तस्वीर थी, जो पार्टी के जिला प्रभारी थे। प्रदर्शन के दौरान शिवसेना की नेता शीतल म्हात्रे ने कहा कि अगर राउत को ढीगे की तस्वीर ठाकरे के बगल में रखना पसंद नहीं है, तो उद्धव ठाकरे की नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) को बताना चाहिए कि वह ठाकरे की तस्वीर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी के साथ कैसे छापने देती है।
ठाणे में लापरवाही से चलाई गई बस ने 83 साल की बुजुर्ग महिला को कुचला
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक दर्दनाक हादसे में 83 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को बताया कि यह दुर्घटना 18 सितंबर को एक बस स्टॉप के पास पुल के नजदीक हुई थी। पुलिस के अनुसार, आशा अशोक मंझरेकर, जो कि विटावा इलाके की रहने वाली थीं, बस स्टॉप के पास खड़ी थीं। उसी दौरान एक बस तेज़ और लापरवाही से चलाते हुए वहां पहुंची और उन्हें टक्कर मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।