फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: सड़क हादसे में युवक की मौत, परिवार को 49.46 लाख रुपये मुआवजा; संभाजीनगर में ATM चुराने की कोशिश

Tue, 05 Aug 2025 12:04 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

महाराष्ट्र के ठाणे में एक 24 वर्षीय आईटी इंजीनियर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अब मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) ने उसके माता-पिता को ₹49.46 लाख का मुआवजा देने का आदेश दिया है। यह हादसा 11 जनवरी 2019 को हुआ जब स्वप्निल सुरेश गुलवी नाम का युवक अपनी बाइक चला रहा था। उसने बस को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी बस ने अचानक ब्रेक लगाया और वह गिर पड़ा। पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। न्यायाधिकरण ने ट्रक ड्राइवर की 75% और मृतक की 25% लापरवाही मानी। कुल मुआवजा ₹65.94 लाख तय हुआ, लेकिन मृतक की गलती को ध्यान में रखते हुए अंतिम राशि ₹49.46 लाख तय की गई। यह राशि ट्रक मालिक और बीमा कंपनी को 9% सालाना ब्याज के साथ चुकानी होगी।

विज्ञापन


मुंबई में चलेंगी 15 कोच वाली और ट्रेनें
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और सीईओ सतीश कुमार ने सोमवार को अधिकारियों से कहा है कि वह यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मुंबई में 15 कोच वाली और ट्रेनें चलाएं। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) में रेलवे परियोजनाओं की समीक्षा की और कुछ उपनगरीय स्टेशनों का निरीक्षण किया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बैठक में क्षमता वृद्धि और अतिरिक्त रेल सेवाओं के माध्यम से यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाओं के प्रावधान के साथ-साथ चल रही परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर चर्चा हुई। कुमार ने कहा कि मुंबई के लोकल नेटवर्क को बेहतर बनाने के लिए सभी जरूरी परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। मध्य और पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि वे पहले से ही 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की योजना पर काम कर रहे हैं। कुमार ने फिर से अधिकारियों को यह निर्देश दिया कि नई लोकल ट्रेनें शुरू करते समय यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए। सीएसएमटी में हुई समीक्षा बैठक में मध्य रेलवे (सीआर), पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर), मुंबई रेलवे विकास निगम (एमआरवीसी), रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

ठाणे के स्कूल में चार साल की बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप
महाराष्ट्र के ठाणे शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ने वाली चार साल की बच्ची के माता-पिता ने उसका यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई शिकायत में माता पिता ने कहा है कि नीले कपड़े पहने एक अज्ञात व्यक्ति ने 30 जुलाई की सुबह 11:15 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच स्कूल परिसर में उनकी बेटी का यौन उत्पीड़न किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और स्कूल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हम पॉक्सो अधिनियम (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम) के तहत मामले की जांच कर रहे हैं। हालांकि शुरुआती सीसीटीवी जांच में कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं दिखी, फिर भी हम जांच का विस्तार कर रहे हैं ताकि कोई भी कड़ी छूट न जाए।' उन्होंने बताया कि स्कूल प्रशासन इस मामले में पुलिस के साथ सहयोग कर रहा है। पुलिस के अनुसार, स्कूल स्टाफ के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और क्षेत्र के अन्य गवाहों से भी जानकारी ली जा रही है।

विज्ञापन

ट्रेन फायरिंग मामले में पांच महीने बाद फिर से सुनवाई शुरू 
पांच महीने के अंतराल के बाद सोमवार को फिर से उस मामले की सुनवाई शुरू हुई, जिसमें रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के बर्खास्त कॉन्स्टेबल चेतनसिंह चौधरी पर चार लोगों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। यह घटना 2023 में चलती एक्सप्रेस ट्रेन में हुई थी। सत्र अदालत ने अब यह फैसला दिया है कि आरोपी कॉन्स्टेबल चौधरी मानसिक रूप से स्वस्थ है और मुकदमे का सामना कर सकता है। चौधरी ने पहले दावा किया था कि वह मुकदमे का सामना करने के लिए मानसिक रूप से अस्वस्थ है। सत्र अदालत ने सोमवार को मामले में छठे गवाह पूर्व आरपीएफ हेड कॉन्स्टेबल की गवाही के साथ सुनवाई फिर से शुरू की। यह घटना 31 जुलाई 2023 को हुई थी। उस दिन चेतन सिंह चौधरी ने महाराष्ट्र के पालघर स्टेशन के पास जयपुर-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस ट्रेन में कथित तौर पर चार लोगों को गोली मारकर हत्या कर दी थी, इनमें तीन यात्री और एक आरपीएफ सहायक उपनिरीक्षक टीकाराम मीणा शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शी और बर्खास्त आरपीएफ हेड कॉन्स्टेबल नरेंद्र परमार (60) ने अदालत को बताया कि पीड़ितों में से एक असगर शेख ने मरने से पहले चेतन सिंह चौधरी से दया की भीख मांगी थी, लेकिन चेतन ने उसके सीने में दो बार गोली मार दी थी। 

शेयर बाजार से मोटे मुनाफे का झांसा देकर 2.60 करोड़ ठगे
साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा देकर निजी कंपनी के सेवानिवृत्त अधिकारी से 2.60 करोड़ रुपये ठग लिए। मध्य क्षेत्र साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शख्स को फेसबुक पर ऐसे निवेशों से संबंधित विज्ञापन मिला। फिर उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। इसके बाद उन्होंने एडमिन और अन्य सदस्यों की सलाह पर 56.20 लाख रुपये खाते में डाल दिए। दूसरे विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उन्हें एक अन्य व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। फिर उन्होंने और रकम डाली। कुल 2.07 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। अधिकारी ने बताया कि जब वह मुनाफे के रूप में दिखाई गई रकम निकाल नहीं पाए, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ।

महाराष्ट्र: महिला मंत्री का अधिकारी को थप्पड़ मारने की धमकी का वीडियो वायरल
महाराष्ट्र में शिवसेना विधायक के थप्पड़ कांड के बाद अब राज्यमंत्री मेघना बोर्डिकर का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें वह एक अधिकारी को कथित तौर पर थप्पड़ मारने की धमकी देते हुए दिखाई दे रही हैं। यह वीडियो एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने सोशल मीडिया पर साझा कर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस घटना को ज्यादा तूल नहीं दिया जाना चाहिए। किसी मंत्री द्वारा की गई हर टिप्पणी को बढ़ा-चढ़ाकर पेश नहीं किया जाना चाहिए। वहीं, सार्वजनिक स्वास्थ्य राज्य मंत्री बोर्डिकर ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो क्लिप को संपादित किया गया है।

ठाणे में ट्रांसजेंडर व्यक्ति ने की आत्महत्या, ऑटो ड्राइवर गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक 23 वर्षीय ट्रांसजेंडर व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। यह घटना भिवंडी इलाके की है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित और एक 28 वर्षीय ऑटो-रिक्शा चालक के बीच रिश्ते थे। पुलिस अधिकारी शिवाजी पाटिल ने बताया कि ऑटो चालक अक्सर पीड़ित को फोन करके मानसिक रूप से परेशान करता था। बार-बार की इस प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित ने 1 अगस्त को अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।

पीड़ित के भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को 4 अगस्त को गिरफ्तार किया। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

छत्रपति संभाजीनगर- एटीएम चुराने की कोशिश, SUV से खींचा लेकिन असफल
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में चोरों ने एक एटीएम मशीन चुराने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके। यह घटना सोमवार तड़के 3 से 4 बजे के बीच शाहनूरवाड़ी इलाके में हुई।

चार चोर एक एसयूवी में आए और भारतीय स्टेट बैंक की एटीएम मशीन को पीली बेल्ट से बांधकर खींचने लगे। उन्होंने मशीन को खींचकर निकालने की पूरी कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इसके बाद उन्होंने एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ा और स्क्रू ड्राइवर से मशीन को खोलने की कोशिश की, लेकिन वह भी असफल रही। आखिरकार चोर मौके से भाग निकले। बैंक मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी, तोड़फोड़ और आपराधिक साजिश की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चोरों की तलाश जारी है

गूगल सर्च और NGO के प्रयासों से लापता महिला अपने परिवार से मिली
कर्नाटक की रहने वाली और पिछले डेढ़ साल से लापता एक मानसिक रूप से बीमार महिला को गूगल सर्च और महाराष्ट्र के एक सामाजिक संगठन के प्रयासों की मदद से उसके परिवार से मिला दिया गया है, संगठन के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के कारवार की रहने वाली स्नातकोत्तर छात्रा 5 फरवरी, 2024 को पड़ोसी दक्षिण गोवा जिले के वर्ना पुलिस थाना क्षेत्र के एक इलाके में दयनीय अवस्था में मिली थी। संगठन ने एक विज्ञप्ति में बताया कि बाद में उसे महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के कुडल तालुका के पांडुर गांव में जीवन आनंद संस्था की तरफ से संचालित सविता आश्रम लाया गया।

आश्रम में, उसे देखभाल करने वालों की टीम से चिकित्सा उपचार, परामर्श और भावनात्मक समर्थन मिला। धीरे-धीरे, उसके मानसिक स्वास्थ्य में सुधार हुआ और उसे अपनी पहचान के कुछ अंश याद आने लगे, जिसमें उसके गृहनगर का नाम भी शामिल था। आश्रम के ट्रस्टी किसन चौरे ने फिर उसके परिवार का पता लगाने के लिए गूगल सर्च का सहारा लिया। विज्ञप्ति में बताया गया है कि वह उस इलाके का पता लगाने में कामयाब रहे जहां उसका परिवार रहता था और उन्होंने कारवार सिटी पुलिस स्टेशन से संपर्क करके आश्रम में उसकी मौजूदगी की सूचना दी।

संयोग से, उसके परिवार ने पहले ही कारवार महिला पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। विज्ञप्ति में बताया गया है कि सोमवार को महिला के भाई और भाभी, कारवार पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी के साथ, आश्रम गए और औपचारिक रूप से उसे अपनी हिरासत में ले लिया।

मराठा समुदाय के नेताओं को जरांगे की चेतावनी
मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने मंगलवार को कहा कि मराठा समुदाय के जो नेता 29 अगस्त से मुंबई में शुरू होने वाले आंदोलन में भाग नहीं लेंगे, उन्हें चुनाव में हराया जाएगा। शिक्षा और सरकारी नौकरियों में समुदाय के लिए आरक्षण की मांग को लेकर नए आंदोलन से पहले धाराशिव जिले में जरांगे ने कहा कि मराठा समुदाय के सदस्यों को बड़ी संख्या में मुंबई आना चाहिए। 29 अगस्त को आंदोलन शुरू करने के बाद वे वापस आ सकते हैं। आंदोलन के दौरान हमें लगभग एक लाख स्वयंसेवकों की आवश्यकता होगी। जो नेता गांव में ही रह जाते हैं, उन्हें चुनाव में हराया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी चेतावनी दी कि वे आंदोलनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग न करें। अगर कुछ भी गलत हुआ तो सरकार को परिणाम भुगतने होंगे।

एमएसआरटीसी की जमीन अब 98 साल के लिए लीज पर मिलेगी, कैबिनेट का बड़ा फैसला
महाराष्ट्र कैबिनेट ने मंगलवार को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की अतिरिक्त जमीन के व्यावसायिक उपयोग के लिए लीज अवधि को 60 साल से बढ़ाकर 98 साल करने को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि यह फैसला आधुनिक बस टर्मिनल, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और शहरी परिवहन से जुड़ी दीर्घकालिक परियोजनाओं की व्यवहारिकता को बेहतर बनाएगा। इसके साथ ही इससे बड़ा निवेश आकर्षित होगा।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। नई लीज नीति के तहत जमीन दो चरणों में (प्रत्येक 49 साल) के लिए दी जाएगी। पहले 2001 की नीति के अनुसार लीज अवधि सिर्फ 30 साल थी, जिसे बाद में 2024 में 60 साल किया गया था। लेकिन निवेशकों से अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिली क्योंकि इतनी अवधि में परियोजनाएं आर्थिक रूप से फायदेमंद नहीं बन पाती थीं। अब 98 साल की लीज नीति से सरकार को उम्मीद है कि ज्यादा निवेशक आकर्षित होंगे और एमएसआरटीसी को बेहतर राजस्व मिलेगा। एमएसआरटीसी राज्य सरकार की एक कंपनी है जो यात्रियों की परिवहन सेवा के लिए गठित की गई थी और वर्तमान में लगभग 15,512 बसों का संचालन करती है।
विज्ञापन

कोर्ट ने गौतम नवलखा की याचिका खारिज की, दिल्ली में रहने की मांगी थी इजाजत
एल्गार परिषद-माओवादी संबंध मामले में आरोपी सामाजिक कार्यकर्ता गौतम नवलखा को दिल्ली में कुछ समय के लिए रहने की अनुमति नहीं मिली है। मुंबई की एक विशेष एनआईए अदालत ने उनकी याचिका खारिज करते हुए उन्हें कई बार एक जैसी राहत मांगने के लिए फटकार लगाई। एक अगस्त के आदेश में विशेष जज सी एस बविस्कर ने कहा कि नवलखा को जमानत की शर्त के तौर पर मुंबई में ही रहने का आदेश दिया गया है, उन्होंने एक 'चालाक तरीका' निकालकर बार-बार एक जैसी मांग वाली अर्जियां लगाई हैं। इस आदेश की कॉपी मंगलवार को उपलब्ध हुई।

नवंबर 2024 में, एनआईए मामलों की विशेष अदालत ने नवलखा को दो महीने के लिए दिल्ली में रहने की इजाजत दी थी। नवलखा ने अपनी नई अर्जी में उसी पुराने आदेश का हवाला देते हुए फिर से 45 दिन के लिए दिल्ली में रहने की अनुमति मांगी थी। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, यह बिल्कुल भी अपेक्षित नहीं है। मैं दोहराता हूं, जो काम आप सीधे नहीं कर सकते, वह आप परोक्ष रूप से भी नहीं कर सकते।  कोर्ट ने याचिका को खारिज करते हुए यह भी कहा कि वह नवलखा पर कोई जुर्माना नहीं लगा रहा है, लेकिन चेतावनी दी कि पुरानी अनुमति का मतलब यह नहीं है कि वह बार-बार वही छूट मांग सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें