फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra: नासिक में सॉफ्टवेयर डेवलपर के घर पर जीएसटी टीम का छापा; गड्ढे में गिरकर दो बच्चों की मौत

Sun, 27 Jul 2025 10:05 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

नवी मुंबई के बेलापुर में एक महिला गूगल मैप्स पर दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए गलत मोड़ ले बैठीं और उनकी लग्जरी ऑडी कार गड्ढे में गिर गई। घटना शुक्रवार रात 1 बजे हुई। महिला अकेली कार चला रही थीं और बेलापुर से उलवे जा रही थीं। पुलिस और मरीन सुरक्षा टीम ने मिलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। महिला खारघर में सैलून चलाती हैं।

विज्ञापन


पुणे में एक होम पार्टी से ड्रग्स-शराब जब्त
पुणे के खड़ाड़ी इलाके में रविवार तड़के एक फ्लैट में हो रही पार्टी पर पुलिस ने छापा मारा। क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में गांजा, हुक्का सेटअप और शराब बरामद की। मौके से पांच पुरुष और दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। एक आरोपी महिला नेता का पति बताया गया है। मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

ठाणे में घरेलू कलह से परेशान मां ने की तीन बेटियों को जहर देकर मारा
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में घरेलू कलह से परेशान एक 27 वर्षीय महिला ने अपनी तीन नाबालिग बेटियों को ज़हर देकर मार डाला। आरोपी महिला संध्या संदीप बेरे शाहापुर के आसनौली गांव की निवासी है। उसने 20 जुलाई को ‘वरन-भात’ में कीटनाशक मिलाकर 5, 8 और 10 साल की बेटियों को परोसा। खाना खाने के बाद तीनों को उल्टी और चक्कर आने लगे। स्थानीय अस्पताल में इलाज के बाद दो बच्चियों को मुंबई और एक को नासिक रेफर किया गया, जहां 24 और 25 जुलाई को तीनों की मौत हो गई। शुरुआत में पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज किया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ज़हर की पुष्टि होने के बाद महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर रविवार तड़के उसे गिरफ्तार कर लिया गया। महिला अपने पति की शराबखोरी और अलगाव के बाद तीनों बच्चियों की परवरिश से परेशान थी। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
विज्ञापन


रायगढ़ में मछुआरों की नाव पलटी
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में शनिवार सुबह अरब सागर में एक नाव पलट गई। उसमें सवार आठ मछुआरों में से पांच तैरकर तट पर पहुंच गए, जबकि तीन लापता हैं। इनकी तलाश जारी है। एक अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह 8:30 बजे हुई, जब उरण के करंजा से नाव सवार लोग समुद्र में मछली पकड़ने गए थे। भारी बारिश के कारण नाव पलट गई। अधिकारी ने बताया कि तैरकर अलीबाग तट पर पहुंचे पांच मछुआरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर है। लापता तीन लोगों की तलाश में आपदा प्रबंधन दल जुटा है। ड्रोन की मदद से भी उनकी तलाश की जा रही है।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने 20 वाहनों को मारी टक्कर, एक की मौत, 18 घायल
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रेलर ट्रक ने कम से कम 20 वाहनों को टक्कर मार दी। इसमें एक महिला की मौत हो गई और 18 अन्य लोग घायल हो गए। हादसे का कारण ब्रेक फेल होना बताया जाता है। हादसा रायगढ़ जिले के खालापुर तालुका में खपोली पुलिस स्टेशन के अंतर्गत अदोशी सुरंग के पास हुआ।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रक चालक ने ब्रेक फेल होने के कारण वाहन पर नियंत्रण खो दिया। ट्रक ने बीएमडब्ल्यू और मर्सिडीज जैसी लग्जरी कारों सहित कई वाहनों को टक्कर मारी, जिससे 19 लोगों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को नवी मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान एक महिला की मृत्यु हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक मेडिकल जांच में पता चला कि हादसे के समय चालक नशे में नहीं था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

गूगल मैप ने फिर दिखाया गलत रास्ता  खाड़ी में गिरी कार
नवी मुंबई के बेलापुर इलाके में शुक्रवार रात करीब एक बजे गूगल मैप के भरोसे गाड़ी चला रही एक महिला की कार सीधे खाड़ी में जा गिरी। समुद्री सुरक्षा पुलिस ने तुरंत सतर्कता दिखाई और महिला की जान बचा ली। क्रेन की मदद से कार भी निकाल ली गई।
महिला ने पुल की बजाय नीचे का रास्ता पकड़ लिया, क्योंकि गूगल मैप पर वह सीधा दिख रहा था। उसकी कार सीधे ध्रुवतारा जेट्टी से खाड़ी में गिर गई।


 

 कट्टा और कारतूस लेकर नागपुर हवाईअड्डे में घुसा युवक, गिरफ्तार
 महाराष्ट्र के नागपुर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे में सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति अपने सामान में कट्टा और कारतूस छुपाकर भीतर घुस गया लेकिन स्कैनिंग के दौरान पकड़ा गया। आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के यवतमाल निवासी अनिल श्रीकृष्णा पोराड के रूप में हुई है। वह एक राजनीतिक पार्टी के आदिवासी सेल का अध्यक्ष है। 

 

महाराष्ट्र : पुरुषों ने हड़पे लाडकी बहनों के 21.44 करोड़
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के पूर्व शुरू की गई लाडकी बहिन योजना पर पुरुषों ने भी डाका डाला है। राज्य में योजना के नाम पर 14,298 पुरुषो के लाभ लेने का मामला सामने आया है।

इससे सरकारी खजाने को 21.44 करोड़ रुपये की चपत लगी है। पुरुषों के लाभार्थी होने का मामला सामने आने के बाद ऐसे संदिग्ध लोगों को 1500 रुपये मासिक मानदेय रोक दिया गया है। वहीं, एनसीपी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने सवाल उठाया है कि क्या इसकी आड़ में लाडकी बहिन योजना बंद करने की तैयारी हो रही है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, योजना की जांच के दौरान तथ्य सामने आया है कि लाभार्थियों की सूची में 14,298 पुरुष शामिल हैं। पुरुषों ने महिलाओं के नाम पर यह लाभ लिया।

पत्नी के फांसी लगाने के बाद म्हाडा अधिकारी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज
म्हाडा के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ रविवार को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनकी पत्नी ने उत्तरी मुंबई के कांदिवली स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगा ली थी। समता नगर पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि रेणु कटारे (42) ने शनिवार शाम कांदिवली पूर्व के लोखंडवाला में सिल्वर ओक बिल्डिंग स्थित अपने फ्लैट में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। अधिकारी ने बताया कि उनके भाई सचिन सेजल (45) की शिकायत पर हमने उनके पति बापू शिवाजी कटारे जो म्हाडा (महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण) के उप रजिस्ट्रार हैं और उनकी सास यमबाई कटारे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

उन्होंने कहा कि घटना वाले दिन रेणु कटारे ने अपने पारिवारिक डॉक्टर को फोन करके बताया था कि उसके परिवार वाले उसे परेशान कर रहे हैं। बाद में उसने फोन काट दिया। शुरुआती बातचीत के बाद जब रेणु ने फोन नहीं उठाया, तो डॉक्टर ने प्रसूता के परिजनों को इसकी जानकारी दी। रेणु के परिवार वाले पुणे से यहां पहुंचे और उन्हें पता चला कि उसने आत्महत्या कर ली है। मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि उसका पति और सास दहेज के लिए उसे परेशान कर रहे थे मामले की जांच के तहत इन सभी दावों की पुष्टि की जा रही है।
 

नासिक में सॉफ्टवेयर डेवलपर के घर पर छापा, जीएसटी चोरी का मामला दर्ज
जीएसटी विभाग ने महाराष्ट्र के नासिक में कर चोरी और फर्जी बिल बनाने के आरोपी एक सॉफ्टवेयर डेवलपर के घर पर छापेमारी की। जीएसटी टीम शनिवार को नासिक रोड इलाके में श्रीकांत प्रसाद पारहे के घर पर पहुंची। अधिकारी ने बताया कि पारहे के खिलाफ जीएसटी धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

उन्होंने कहा कि पारहे की सॉफ्टवेयर कंपनी ने विभिन्न सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवाएं प्रदान करने का दावा करते हुए प्रमाण पत्र जारी किए और फर्जी चालान बनाकर जीएसटी विभाग को करोड़ों रुपये का चूना लगाया। टीम ने पारहे की कंपनी के वित्तीय लेनदेन की जांच की और छापे के दौरान कंप्यूटर, अन्य उपकरण और दस्तावेज जब्त कर लिए।

उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान पारहे के घर से एक गैर-लाइसेंसी बंदूक और छह कारतूस भी जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ अवैध रूप से बंदूक रखने का मामला भी दर्ज किया गया है।
विज्ञापन

गड्ढे में गिरकर दो बच्चों की मौत
महाराष्ट्र के नागपुर जिले के एक गांव में पानी से भरे गड्ढे में दो नाबालिग लड़के डूब गए। एक अधिकारी ने बताया कि उत्कर्ष लांजेवार और रेहान सहारे शनिवार दोपहर को खेलते समय पंचगांव गांव में अवैध बजरी उत्खनन से बने गड्ढे में गिर गए। शाम को ग्रामीणों को उनके शव मिले। पुलिस ने बताया कि मृतक रिश्तेदार थे और अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें