कुर्ला की मदर डेयरी जमीन पर झोपड़पट्टी पुनर्वास की योजना को मिली मंजूरी
महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को कुर्ला स्थित 8.5 हेक्टेयर की मदर डेयरी की जमीन पर झोपड़पट्टी पुनर्वास योजना के तहत शर्तों को मंजूरी दे दी है। इस योजना में झोपड़वासियों के लिए न सिर्फ घर बनाए जाएंगे, बल्कि स्कूल, अस्पताल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। यह फैसला राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। यह जमीन पहले ही धारावी पुनर्विकास योजना के तहत स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) को सौंपी जा चुकी है। सरकार के मुताबिक, धारावी में करीब 8.5 लाख परिवारों का पुनर्वास होना है, जिनमें से 5 लाख को धारावी में ही बसाया जाएगा। बाकी 3.5 लाख परिवारों को अन्य जगहों पर पुनर्वसित किया जाएगा, जिसमें कुर्ला की मदर डेयरी जमीन एक विकल्प है।
कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) का विरोध
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और धारावी से सांसद वर्षा गायकवाड़ ने इस फैसले का विरोध करते हुए कहा कि यह परियोजना एक व्यक्ति को फायदा पहुंचाने की साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य और केंद्र सरकार की कीमती जमीनें सस्ते में दी जा रही हैं। स्थानीय लोग भी इस योजना के खिलाफ हैं क्योंकि इसके चलते 1,000 से ज्यादा पेड़ काटे जाएंगे।
इसके साथ ही शिवसेना (यूबीटी) विधायक और कुर्ला से विधायक मंगेश कुडालकर ने भी पहले इस कदम का विरोध किया था। उन्होंने मांग की थी कि मदर डेयरी की जमीन पर एक बॉटनिकल गार्डन, अस्पताल और खेल परिसर बने, न कि पुनर्वास योजना हो। उन्होंने कहा था कि यहां 700-800 पेड़ हैं जिन्हें बचाना जरूरी है।
दिल्ली में चल रहा फर्जी कॉल सेंटर मुंबई पुलिस ने किया बेनकाब
मुंबई पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है जो दिल्ली से संचालित हो रहा था। पुलिस ने इस मामले में 29 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जो लोगों से उनके क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेकर लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। बता दें कि यह मामला अगस्त 2023 में सामने आया जब एक पीड़ित ने सायन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित को एक कॉल आया था, जिसमें क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया गया। आरोपी ने पीड़ित का विश्वास जीतकर एक लिंक भेजा और उससे जरूरी जानकारी भरवा ली। इसके बाद आरोपी ने क्रेडिट कार्ड से 4.54 लाख रुपये निकाल लिए।
जांच में हुआ बड़ा खुलासा
साथ ही जांच में पता चला कि कॉल दिल्ली से की गई थी। इसके बाद सायन पुलिस की एक टीम दिल्ली पहुंची और वहां छापा मारकर आरोपी मंजीत कुमार महावीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को मौके पर एक कमरे में बनाए गए फर्जी कॉल सेंटर में 11 लोग कॉल करते मिले। ये सभी देशभर के लोगों को क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर धोखा दे रहे थे। इसके साथ ही जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर से जुड़ी 16 ऑनलाइन शिकायतें पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।