भागवत ने की आरएसएस के पथ संचलन की समीक्षा
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार को संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में संघ स्वयंसेवकों के वार्षिक पथ संचलन या मार्च-पास्ट की समीक्षा की। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले भी उपस्थित थे। हालांकि, पारंपरिक रूप से संघ का मार्च पास्ट विजयादशमी पर आयोजित किया जाता है, इस वर्ष इसे त्योहार से कुछ दिन पहले निकाला गया। तीन स्थानों कस्तूरचंद पार्क, यशवंत स्टेडियम और विदर्भ हॉकी मैदान से अलग-अलग पथ संचलन शुरू हुए और वैरायटी स्क्वायर पर एकत्र हुए, जहां भागवत ने एक मंच से संयुक्त पथ संचलन का अवलोकन किया।
आरएसएस ने विजयादशमी कार्यक्रम के लिए CJI की मां को आमंत्रित किया
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने भारत के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई की मां को अगले महीने महाराष्ट्र के अमरावती जिले में विजयादशमी और संगठन के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। सूत्रों के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश की मां डॉ. कमलताई गवई को 5 अक्तूबर को अमरावती के किरण नगर इलाके में स्थित श्रीमती नरसम्मा महाविद्यालय मैदान में आरएसएस की अमरावती महानगर इकाई द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। कमलताई गवई के परिवार के करीबी सूत्रों ने पुष्टि की है कि उन्हें निमंत्रण मिला है। वरिष्ठ आरएसएस नेता जे नंद कुमार इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता होंगे।
भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच क्रिकेट मैच आयोजन पर बरसे संजय राउत
दुबई में खेले जाने वाले एशिया कप क्रिकेट के फाइनल मैच से पहले महाराष्ट्र से निर्वाचित राज्यसभा के सदस्य और शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा, यह कोई बड़ा मैच नहीं है। ऐसे माहौल में भारत और पाकिस्तान का मैच खेलना बहुत बुरा है... जहां तक आतंकवाद की बात है, भारत के नागरिक पाकिस्तान से कोई संबंध नहीं रखना चाहते।
राउत ने पहलगाम आतंकी हमले की तरफ इशारा करते हुए सवाल किया कि जिस तरह 26 महिलाओं का सिंदूर मिटाया गया, उसके लिए भारत की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया... इसके बावजूद, अगर हम उस देश के साथ क्रिकेट खेलते हैं, तो राष्ट्रवाद कहां गया?... एशिया कप 2025 के फाइनल मैच में भारत और पाकिस्तान के मुकाबले के आर्थिक पहलू को रेखांकित करते हुए शिवसेना सांसद ने कहा, 'यहां पैसा महत्वपूर्ण कारक है... चाहे खून की नदियां बह जाएं, हम क्रिकेट खेलते रहेंगे।' उन्होंने कहा, हालांकि, इस बार लोग अपने टीवी पर भी मैच नहीं देखना चाहते।
महिला ने सात वर्षीय बेटे को बेलन से पीट-पीटकर मार डाला
महाराष्ट्र के पालघर में पुलिस ने रविवार को एक 40 वर्षीय महिला को अपने सात वर्षीय बेटे की कथित तौर पर हत्या करने और अपनी दस वर्षीय बेटी पर गंभीर हमले के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पल्लवी धुम्ड़े के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, बच्चे द्वारा चिकन डिश मांगने को लेकर गुस्साई महिला ने चपाती बेलन से पीट-पीटकर अपने सात वर्ष के बेटे की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि उसकी दस वर्षीय बहन पर भी हमला किया गया था और उसका स्थानीय अस्पताल में गंभीर चोटों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
ठाणे में नदी किनारे बसे 42 गांवों के लिए पुनर्वास योजनाएं
महाराष्ट्र में बारिश की मार को लेकर ठाणे में जिला कलेक्टर श्रीकृष्ण पांचाल ने कहा, कल शाम से जिले में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है। कल रात ठाणे जिले और पड़ोसी जिलों में भारी बारिश हुई, कई जगहों पर 100 मिमी से अधिक बारिश हुई... आज सभी अधिकारियों के साथ बैठक हुई... जरूरत पड़ने पर नदी किनारे बसे 42 गांवों के लिए पुनर्वास योजनाएं बनाई गई हैं और प्रभावित क्षेत्रों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
सरकार ने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा
प्रेसवार्ता में कलेक्टर के साथ मौजूद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, सरकार ने सभी अधिकारियों को अलर्ट पर रखा है। जब भी भारी बारिश होगी, हम उससे निपटने के लिए तैयार हैं। नावों से लेकर पंपिंग उपकरणों तक, सभी व्यवस्थाएं मौजूद हैं।