महाराष्ट्र में होने वाले आगामी निकाय चुनावों से पहले राज्य के बड़े राजनीतिक नेता एक मंच पर नजर आने वाले हैं। शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राउत ने बताया कि 14 अक्तूबर को शरद पवार, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे समेत कई दलों का सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात करेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस, माकपा, सीपीआई और किसान मजदूर पार्टी के नेता भी शामिल होंगे। दिलचस्प बात यह है कि राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना, जो महा विकास आघाड़ी का हिस्सा नहीं है, वह भी इस मुलाकात का हिस्सा होगी। संजय राउत ने कहा कि यह एक औपचारिक मुलाकात होगी, लेकिन हम चुनाव आयोग के समक्ष कई गंभीर मुद्दे उठाएंगे। मुलाकात के बाद सभी नेता यशवंतराव प्रतिष्ठान सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
महाराष्ट्र सरकार ने घोषित किया 10 हजार करोड़ का राहत पैकेज
महाराष्ट्र में इस साल मानसून के दौरान आई बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से भारी नुकसान हुआ है। राज्य के राहत एवं पुनर्वास मंत्री मकरंद जाधव-पाटिल ने बताया कि जून से सितंबर के बीच हुई भारी बारिश और बाढ़ से कुल 282 तालुके प्रभावित हुए हैं। इनमें से 251 तालुकों को पूरी तरह प्रभावित और 31 को आंशिक रूप से प्रभावित घोषित किया गया है। राज्य सरकार ने 10 हजार करोड़ रुपये का विशेष राहत पैकेज जारी किया है। सरकार ने बिजली बिल, भूमि राजस्व और परीक्षा शुल्क में भी छूट देने की घोषणा की है।