एम्स नागपुर में डॉक्टरों का प्रदर्शन, ‘वीआईपी कल्चर’ खत्म करने की मांग
एम्स नागपुर में जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर पर हमले के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टरों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। डॉक्टरों ने ‘वीआईपी कल्चर बंद करो’, ‘सुरक्षा नहीं तो ड्यूटी नहीं’ और ‘डॉक्टरों पर हिंसा बंद करो’ जैसे पोस्टर दिखाए। मंगलवार को इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद चार लोगों ने आईसीयू में डॉक्टर के साथ कथित तौर पर मारपीट की थी। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र मेडिकेयर सर्विस पर्सन्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। डॉक्टरों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और अस्पताल में ‘कोई विशेष सुविधा नहीं’ की नीति लागू करने की मांग की।
लालबागचा राजा पंडाल के पास 68 वर्षीय व्यक्ति की मौत, इलाके में दूसरी घटना
मुंबई के लालबागचा राजा गणेश पंडाल के पास गुरुवार रात 68 वर्षीय विजय अनेकर अचानक बेहोश हो गए। उन्हें परेल के ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, गणेश उत्सव के दौरान लालबाग इलाके में यह दूसरी मौत है। इससे पहले 17 सितंबर को पुणे निवासी 25 वर्षीय जयदीप मेघराज नेमाडे की भी गणेश पंडाल में मेडिकल इमरजेंसी के बाद मौत हो गई थी।
ठाणे में ड्यूटी के दौरान पुलिस सब-इंस्पेक्टर की मौत
महाराष्ट्र के ठाणे में कार्रवाई के दौरान पुलिस सब-इंस्पेक्टर किसान के. भोईर की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात स्थानीय लोगों की शिकायत पर टीम वागले एस्टेट में देर रात खुली दुकान बंद कराने पहुंची थी। वहां हिस्ट्रीशीटर राजू वाल्मीकि शराब पीता मिला। पुलिस ने उसे हटाने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर भोईर को जोर से धक्का दे दिया। इससे वे पुलिस वैन के अंदर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने साथियों के साथ आरोपी का पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोपी को पकड़ने के कुछ देर बाद भोईर मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
महाराष्ट्र में सूखे जैसे हालात, अधिकारियों की छुट्टियों पर रोक
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण सूखे जैसे हालात बने हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने राहत कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए राजस्व, कृषि, ग्रामीण विकास, शहरी विकास, एमएसईडीसीएल, पशुपालन, जल संसाधन, जल संरक्षण, सहकारिता और भूमि अभिलेख विभागों के अधिकारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। जिलाधिकारी राहुल करडिले ने अधिकारियों को सूखे से जुड़े काम, फसल आकलन, किसानों को सहायता और कृषि ऋण पुनर्गठन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक है। बेहद जरूरी स्थिति को छोड़कर जिलाधिकारी की मंजूरी के बिना छुट्टी नहीं मिलेगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
साहिल वाकोड़े की आत्महत्या की स्वतंत्र जांच की मांग
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने शुक्रवार को साहिल वाकोड़े की आत्महत्या मामले में स्वतंत्र जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि वे इस संबंध में शिक्षा मंत्री को भी पत्र लिखेंगे। आठवले ने आईआईटी बॉम्बे के निदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर कई मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों में संस्थान में कम से कम चार छात्रों ने आत्महत्या की है, जिनमें तीन अनुसूचित जाति समुदाय से थे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या एससी छात्रों के साथ भेदभाव या उन्हें अपमानित करने की कोशिश हो रही है।
उन्होंने कहा कि वह केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी को भी पत्र लिखेंगेइस मुद्दे पर उनसे मुलाकात करने का समय मांगेंगे। अठावले ने कहा, 'मैं हमारे मंत्री प्रह्लाद जोशी को भी पत्र लिखने जा रहा हूं और उनसे मुलाकात भी करूंगा। आईआईटी जैसे संस्थान में ऐसा क्यों हो रहा है? छात्र आत्महत्या क्यों कर रहे हैं? यहां लाखों उम्मीदवारों के बीच अपनी रैंक हासिल करके बेहद होनहार छात्र आते हैं।'
ठाणे में झील से दो बच्चियों के शव बरामद, मौत की वजह तलाश रही पुलिस
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में शुक्रवार सुबह जोगिला झील से दो नाबालिग बच्चियों के शव बरामद किए गए। आपदा प्रबंधन दल और दमकल कर्मियों ने करीब 11 बजे दोनों शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान सात वर्षीय गंगी उदय कामी और चार वर्षीय आशा गणेश कामी के रूप में हुई है। दोनों अंबेडकर रोड स्थित लॉरिस्टैंड चॉल की रहने वाली थीं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। राबोडी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों बच्चियां झील में कब और कैसे पहुंचीं।
मुंबई के भुलेश्वर में चार मंजिला इमारत में लगी आग
दक्षिण मुंबई के भीड़भाड़ वाले भुलेश्वर इलाके में शुक्रवार दोपहर एक इमारत के इलेक्ट्रिक मीटर केबिन और ग्राउंड फ्लोर की दो दुकानों में आग लग गई। आग करीब 1:15 बजे मुंबई देवी रोड स्थित भैरूमल हाउस में लगी। दमकल, पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। छत पर फंसे एक व्यक्ति को बचाने की कोशिश जारी है।
कच्चे माल की सप्लाई के नाम पर कारोबारी से 8.46 करोड़ की कथित ठगी
नवी मुंबई के कारोबारी से कच्चे माल की सप्लाई के सौदे में 8.46 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने निजी कंपनी और उसके तीन निदेशकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, भुगतान के लिए दिए गए 10 चेक में से सिर्फ एक ही क्लियर हुआ। आरोपियों ने 4.5 करोड़ रुपये 12 किस्तों में चुकाने का लिखित आश्वासन भी दिया, लेकिन एक भी किस्त नहीं दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
राज ठाकरे की एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने की मांग, बोले- नए सिरे से शुरू हो प्रक्रिया
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने शुक्रवार को मांग की कि 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' प्रक्रिया को खत्म कर दिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा 2025 से इसका इस्तेमाल एक हथियार के तौर पर कर रही है। एक्स पर एक पोस्ट में ठाकरे ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को नए सिरे से शुरू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह साफ हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी ने सत्ता पर अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए ज्ञानेश कुमार जैसे लोगों का कैसे इस्तेमाल किया। इसके लिए, उन्होंने 2025 से एक नया हथियार अपनाया है स्पेशल इंटेंसिव रिविजन। एसआईआर में गड़बड़ियों को देखते हुए और यह ध्यान में रखते हुए कि चुनाव आयुक्त भी इनके बारे में आवाज उठा रहे हैं, सिर्फ एक ही नतीजा निकलता है। पूरी एसआईआर प्रक्रिया को खत्म कर दिया जाना चाहिए उन्होंने कहा।
मराठवाड़ा में पानी का संकट, 246 टैंकर तैनात
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में कम बारिश के कारण पेयजल संकट गहरा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, 8 जिलों में अब तक सिर्फ 442.4 मिमी बारिश हुई है, जबकि औसत बारिश 679.5 मिमी होनी चाहिए। पानी की कमी से जूझ रहे 142 गांवों और 91 बस्तियों में टैंकरों से पानी पहुंचाया जा रहा है। इसके लिए 246 टैंकर लगाए गए हैं। प्रशासन ने क्षेत्र में 512 कुएं अधिग्रहित किए हैं, जिनमें से 67 कुओं का इस्तेमाल टैंकर भरने और 350 को गांवों की पाइपलाइन से जोड़ा गया है। लातूर सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां सामान्य बारिश की सिर्फ 51% बारिश दर्ज हुई है।