सार
ठाणे में एक कार्यक्रम के दौरान उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि दिवंगत नेता अनंत तरे ने 2014 में ही एकनाथ शिंदे को लेकर आगाह किया था कि ये आदमी एक दिन धोखा देगा, लेकिन मैंने बात गंभीरता से नहीं ली।
उद्धव ठाकरे, शिवसेना यूबीटी प्रमुख
- फोटो : ANI
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने एकनाथ शिंदे को लेकर एक बड़ा दावा किया है। उद्धव ठाकरे ने शनिवार को एक कार्यक्रम में बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि पार्टी के दिवंगत नेता और तीन बार ठाणे के मेयर रहे अनंत तरे ने उन्हें 2014 में ही एकनाथ शिंदे को लेकर आगाह किया था। उन्होंने कहा, "तरे जी ने उस वक्त मुझे कहा था कि 'यह आदमी' एक दिन धोखा देगा, लेकिन मैने उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया, मुझे उनकी बात गंभीरता से लेनी चाहिए थी।
उद्धव ठाकरे ये बात ठाणे में अनंत तरे पर लिखी एक पुस्तक के विमोचन के मौके पर बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने शिंदे का नाम लिए बिना कहा कि कुछ लोग वफादारी का मुखौटा पहनकर हमारे बीच घूमते हैं और हमें पता भी नहीं चलता। ठाकरे ने कहा कि अगर मैंने तरे जी की बात मानी होती, तो आज जो स्थिति है, वह नहीं होती।