महाराष्ट्र परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन कर बिना रजिस्ट्रेशन के ग्राहक को फेरारी कार की डिलीवरी के आरोप में मुंबई के एक कार डीलर का ट्रेड सर्टिफिकेट 30 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। परिवहन आयुक्त कार्यालय के अनुसार, बांद्रा स्थित नवनीत मोटर्स के एक आउटलेट ने 13 अक्तूबर को लाल रंग की फेरारी कार उसके मालिक को सौंप दी थी, जबकि उस समय तक वाहन का रजिस्ट्रेशन पूरा नहीं हुआ था।
विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस हाई-एंड कार का मोटर वाहन टैक्स 12 अक्तूबर को जमा कर दिया गया था, लेकिन इसका रजिस्ट्रेशन 16 अक्तूबर को पूरा हुआ।
क्या कहता है नियम?
क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के मुताबिक, केंद्रीय मोटर वाहन नियमों के तहत रजिस्ट्रेशन के बाद वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगाना अनिवार्य है। अधिकारियों ने बताया कि बिना रजिस्ट्रेशन वाली इस महंगी कार के शहर की सड़कों पर चलने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। इसके बाद परिवहन आयुक्त ने आरटीओ अधिकारियों को डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
विभाग की जांच में पता चला कि फेरारी का मालिक, जो लालबाग का निवासी है, 13 अक्तूबर को ही कार अपने कब्जे में ले चुका था। उस समय तक वाहन के रजिस्ट्रेशन की औपचारिकताएं पूरी नहीं हुई थीं और न ही उस पर एचएसआरपी लगाई गई थी। बयान के अनुसार, डीलर को छह नवंबर को अपना पक्ष रखने के लिए सुनवाई का मौका दिया गया था। इसके बाद उसका ट्रेड सर्टिफिकेट 30 दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया।
परिवहन आयुक्त ने 12 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया। परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि निलंबन की अवधि के दौरान नवनीत मोटर्स का यह आउटलेट किसी भी वाहन का रजिस्ट्रेशन नहीं कर सकेगा।
दूसरे राज्यों में वाहन रजिस्ट्रेशन कराने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी
एक अलग चेतावनी में परिवहन विभाग ने कहा कि उसने महाराष्ट्र में रहने वाले ऐसे वाहन मालिकों के खिलाफ निरीक्षण अभियान शुरू किया है, जो दूसरे राज्यों में अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन कराकर महाराष्ट्र का मोटर वाहन टैक्स देने से बचते हैं। विभाग ने चेतावनी दी कि महाराष्ट्र की सड़कों पर बार-बार बिना राज्य के रजिस्ट्रेशन और टैक्स संबंधी नियमों का पालन किए वाहन चलाते पाए जाने पर उन्हें जब्त किया जा सकता है। विभाग ने वाहन मालिकों से नियमों के अनुसार अपने वाहनों का महाराष्ट्र में ही रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है।