ठाणे का छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल
- फोटो : सोशल मीडिया
महाराष्ट्र के ठाणे में स्थित एक अस्पताल में बीते 24 घंटे में 18 मौतें होने का मामला सामने आया है। जिसके बाद अस्पताल से मरीजों को थाणे के दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अभी उन्हीं मरीजों को शिफ्ट किया जा रहा है, जो बहुत ज्यादा गंभीर रूप से बीमार नहीं हैं। खबर के अनुसार, ठाणे के कालवा के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में शनिवार से रविवार के बीच 24 घंटे में 18 मरीजों की मौत हो गई थी।
सीएम ने दिए जांच के आदेश
ठाणे के अतिरिक्त म्युनिसिपल कमिश्नर संदीप मालवी ने बताया कि सोमवार सुबह तीन मरीजों की मौत हुई है और एक मरीज को जब अस्पताल लाया गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। हालांकि फिलहाल अस्पताल में होने वाली मौतों की संख्या में कमी आई है। सीएम एकनाथ शिंदे ने एक स्वतंत्र कमेटी बनाकर अस्पताल में हुई मौतों की जांच कराने का आदेश दिया है। साथ ही अस्पताल में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
अधिकारियों ने दिया ये तर्क
अधिकारियों ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में मरीजों की संख्या ज्यादा थी और यहां हर रोज करीब 600 मरीज आ रहे हैं जबकि अस्पताल की क्षमता रोजाना 500 मरीजों की है। अधिकारियों ने कहा कि नजदीक के सिविल अस्पताल में मरम्मत का काम चल रहा है, जिसकी वजह से वहां के मरीज भी छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल पहुंच रहे हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल नगर निगम द्वारा संचालित किया जाता है।
राज्य सरकार ने हाल ही में 60 करोड़ रुपये मंजूर किए थे
अधिकारियों ने बताया कि जिन मरीजों की मौत हुई है, वो 50 साल से भी ज्यादा थे और उन्हें नजदीकी अस्पतालों से छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल रेफर किया गया था। मरीजों के इलाज में लापरवाही की बात को अधिकारियों ने नकार दिया। खबर यह भी है कि अस्पताल की अवसंरचना में सुधार के लिए राज्य सरकार ने हाल ही में 60 करोड़ रुपये मंजूर किए थे।